कृषि रक्षक पोर्टल पर 2,71,708 शिकायतें दर्ज, जानें कैसे बन रहा है ये किसानों का भरोसेमंद साथी
Krishi Rakshak Helpline: कृषि रक्षक पोर्टल (Krishi Rakshak Portal) और हेल्पलाइन नंबर किसानों की शिकायतों का तुरंत और असरदार समाधान करते हैं. हाल ही में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि अब तक पोर्टल पर 2,71,708 शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं. किसान पोर्टल पर योजनाओं, बीज-खाद या अन्य कृषि समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकते हैं और ऑनलाइन ट्रैकिंग के जरिए निस्तारण देख सकते हैं.
Krishi Rakshak Portal: भारत के किसानों की हर समस्या का समाधान अब सिर्फ एक कॉल या क्लिक दूर है. कृषि रक्षक पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर किसानों के लिए एक भरोसेमंद प्लेटफॉर्म है, जहां वे अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं, सवाल पूछ सकते हैं और सुझाव भी भेज सकते हैं. यह पोर्टल किसानों की आवाज को सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का आसान, तेज और असरदार माध्यम है.
कृषि रक्षक पोर्टल की मुख्य विशेषताएं
- रोज सेवा: पोर्टल और हेल्पलाइन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक उपलब्ध हैं.
- बहुभाषी सुविधा: किसान अपनी सुविधा अनुसार किसी भी भाषा में शिकायत दर्ज कर सकते हैं.
- यूनिक शिकायत नंबर: हर शिकायत के लिए एक अलग नंबर मिलता है, जिससे ऑनलाइन ट्रैकिंग संभव होती है.
- समयबद्ध निस्तारण: शिकायतों का निपटारा तय समय सीमा में किया जाता है.
किसान पोर्टल पर किसी भी प्रकार की समस्या दर्ज कर सकते हैं चाहे वह सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी, खाद या बीज की कमी, या किसी अन्य कृषि संबंधी मुद्दे से जुड़ी हो.
शिकायत कैसे करें
किसान शिकायत करने के लिए दो तरीकों का उपयोग कर सकते हैं:
- हेल्पलाइन कॉल: सीधे 14447 नंबर पर कॉल करें और अपनी समस्या बताएं.
- ऑनलाइन पोर्टल: पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी शिकायत दर्ज करें. शिकायत के साथ आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना भी संभव है.
एक बार शिकायत दर्ज होने के बाद किसान को यूनिक शिकायत नंबर मिलता है, जिससे वह ऑनलाइन अपने शिकायत की स्थिति ट्रैक कर सकता है.
पोर्टल पर दर्ज शिकायतें
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हाल ही में लोकसभा में जानकारी दी कि अब तक कृषि रक्षक पोर्टल में कुल 2,71,708 शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं. उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों की पूरी जांच की जाती है और गड़बड़ी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाती है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी गड़बड़ी करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा.
कृषि रक्षक पोर्टल और हेल्पलाइन 14447, भारत के किसानों के लिए एक विश्वसनीय साथी बनकर उभरे हैं. चाहे वह सरकारी योजनाओं की गड़बड़ी हो, बीज-खाद से जुड़ी समस्या या कोई अन्य मुद्दा, किसान अब आसानी से शिकायत दर्ज करा सकते हैं.