Gehun Ki Kheti: देश के कई हिस्सों में गेहूं की फसल अब पककर तैयार हो चुकी है और जल्द ही कटाई का काम शुरू होने वाला है. यह समय किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि पूरी साल की मेहनत इसी फसल पर निर्भर करती है. लेकिन गर्मी के मौसम में खेतों में आग लगने की घटनाएं किसानों को बड़ा नुकसान पहुंचा सकती हैं. इसी को देखते हुए उत्तर प्रदेश कृषि विभाग ने किसानों को अलर्ट जारी किया है. विभाग ने कहा है कि खेतों में लगे ट्रांसफॉर्मर और बिजली की ढीली तारों के आसपास विशेष सावधानी बरतना जरूरी है, क्योंकि अक्सर शॉर्ट-सर्किट या चिंगारी की वजह से आग लगने का खतरा बढ़ जाता है.
ट्रांसफॉर्मर के आसपास रखें खास ध्यान
कृषि विभाग के मुताबिक खेतों में आग लगने की ज्यादातर घटनाएं ट्रांसफॉर्मर के आसपास जमा सूखी फसल और अवशेषों की वजह से होती हैं. जब बिजली लाइन में फॉल्ट आता है या चिंगारी निकलती है, तो सूखी फसल तुरंत आग पकड़ लेती है और देखते ही देखते पूरा खेत जल सकता है. इसीलिए किसानों को सलाह दी गई है कि वे ट्रांसफॉर्मर के आसपास की फसल पहले ही काट दें और वहां साफ-सफाई रखें, ताकि आग फैलने का खतरा कम हो सके.
10×10 फीट तक जरूर करें सफाई
कृषि विभाग की ओर से किसानों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि जिन खेतों में बिजली के ट्रांसफॉर्मर लगे हैं, वहां ट्रांसफॉर्मर के चारों तरफ कम से कम 10×10 फीट तक साफ जगह जरूर रखें. इससे अगर किसी वजह से बिजली लाइन में फॉल्ट हो जाए या चिंगारी निकल जाए, तो वह सीधे खड़ी फसल तक नहीं पहुंचेगी. इससे आग लगने की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है.
- किसानों के लिए अलर्ट! आम में मंजर आते ही भूलकर भी न करें ये गलती, वरना घट जाएगी पैदावार
- पौधों में बोरॉन की कमी बन सकती है बड़ा खतरा! समय रहते नहीं संभले तो घट जाएगी पैदावार, एक्सपर्ट से जानें टिप्स
- बकरी पालने वालों के लिए बड़ी चेतावनी! 24 घंटे में बकरियों की जान ले सकती हैं ये बीमारियां, एक्सपर्ट से जानें बचाव
किसान भाइयो इन दिनों आपकी #गेहूं की फसल पककर तैयार है ऐसी अवस्था पर #खेत मे #आग लगने के वीडियो आते रहते है आपकी मेहनत की #कमाई को बचाने के लिए खेत मे लगे हुए #ट्रांसफार्मर के आसपास फसल को काट दें किसी कारण से #लाइट_ट्रिप के दौरान गिरने वाली #चिंगारी से आपकी #फसल_सुरक्षित बच सके pic.twitter.com/LTuvOLbcTn
— Krishi Vibhag Gov UP (@jdabureau) March 15, 2026
अगले कुछ दिनों में शुरू होगी कटाई
विभाग के अनुसार आने वाले 20 से 25 दिनों में कई इलाकों में गेहूं की कटाई शुरू हो जाएगी. इस समय खेतों में सूखी फसल की मात्रा ज्यादा होती है, जो आग को तेजी से फैलाने में मदद करती है. ऐसे में अगर ट्रांसफॉर्मर के आसपास की फसल पहले ही काट दी जाए, तो आग लगने की स्थिति में नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है.
किसानों को यह भी सलाह दी गई है कि वे अपने खेतों में लगे बिजली के खंभों और तारों की स्थिति पर नियमित नजर रखें. अगर कहीं तार ढीले दिखें या ट्रांसफॉर्मर से असामान्य आवाज आ रही हो, तो तुरंत बिजली विभाग को इसकी सूचना दें.
थोड़ी सावधानी बचा सकती है पूरी फसल
विशेषज्ञों का कहना है कि किसानों की थोड़ी सी सावधानी उनकी पूरी फसल को सुरक्षित रख सकती है. खेतों में ट्रांसफॉर्मर के आसपास सफाई रखना, सूखी फसल हटाना और बिजली लाइनों पर नजर रखना जैसे छोटे कदम बड़े नुकसान से बचा सकते हैं. इसलिए किसानों से अपील की जा रही है कि वे कटाई से पहले जरूरी सावधानियां जरूर बरतें, ताकि उनकी सालभर की मेहनत सुरक्षित रह सके और आग जैसी घटनाओं से नुकसान न हो.