राहुल गांधी के अमेरिकी ट्रेड डील से जुड़े सवालों पर आया कृषि मंत्री शिवराज सिंह का बयान, कहा- वो झूठ फैला रहे

India Trade Deal: अमेरिकी ट्रेड डील को लेकर विपक्ष और सरकार के बीच तीखी बहसबाजी चल रही है. अमेरिकी उत्पादों के लिए कथित रूप से घरेलू बाजार खोले जाने पर राहुल गांधी ने सरकार से कई तीखे सवाल पूछे तो केंद्रीय कृषि मंत्री ने जवाब देते हुए उन्हें और कांग्रेस को झूठ फैलाने वाला बताया है.

नोएडा | Updated On: 15 Feb, 2026 | 07:30 PM

भारत अमेरिकी व्यापार समझौते को लेकर हंगामा मचा हुआ है. राहुल गांधी ने इस डील अमेरिकी उत्पादों के लिए घरेलू बाजार खोलने और किसानों के भविष्य को बर्बाद करने के आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है. राहुल गांधी ने 15 फरवरी को कहा कि ट्रेड डील के नाम पर हम भारत के किसानों के साथ विश्वासघात होते हुए देख रहे हैं. उन्होंने ट्रेड डील के फ्रेमवर्क में शामिल किए गए डीडीजीएस, जीएम सोयाबीन, एडिशनल प्रोडक्ट और नॉन ट्रेड बैरियर्स समेत अन्य बिंदुओं को लेकर पीएम मोदी से सवाल पूछे हैं. अब इस पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह का तीखा बयान आया है. उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस को घेरते हुए झूठ फैलाने वाली दुकान बताया है.

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राहुल गांधी और कांग्रेस को टारगेट करते हुए कहा कि फिर एक और झूठ, कांग्रेस और राहुल गांधी जी ने झूठ की दुकान खोल रखी है और दिन-रात बस झूठ ही परोस रहे हैं. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैं साफ शब्दों में कहना चाहता हूं कि अमेरिका के साथ हुई किसी भी डील में GM (Genetically Modified) उत्पादों को कोई अनुमति नहीं दी गई है.

कृषि मंत्री ने एमएसपी पर कांग्रेस को घेरा

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि DDGS को लेकर भी राहुल गांधी ने तथ्यहीन बातें फैलाने की कोशिश की, लेकिन सच्चाई सामने है. राहुल गांधी नकारात्मक और भ्रम फैलाने वाली राजनीति करते हुए आपको शर्म आनी चाहिए. आपके पास न तथ्य है और न ही देशहित की समझ. मुझे तो ये समझ नहीं आता कि MSP पर आप और कांग्रेस किस मुंह से बात कर रहे हैं. याद कीजिए स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के तहत फसलों की लागत का डेढ़ गुना MSP देने की बात आपने लागू नहीं की और उल्टा संसद में कहा कि इससे मार्केट विकृत हो जाएगा.

हमारी सरकार ने किसानों को एमएसपी दी है

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारी किसान हितैषी सरकार ने MSP लागू की और किसानों से कई गुना अधिक खरीद भी सुनिश्चित की है, जो लगातार जारी है. देश समझ चुका है कि कांग्रेस का चरित्र पूरी तरह किसान विरोधी है, चाहे सत्ता में रहे या फिर विपक्ष में. केंद्रीय मंत्री का यह जवाब राहुल गांधी के पीएम मोदी से पूछे गए 5 सवालों के जवाब के रूप में देखा जा रहा है.

राहुल गांधी ने इन सवालों के जवाब मांगे थे

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के जरिए अमेरिकी ट्रेड डील पर पीएम मोदी से 5 सवाल पूछे थे. इन सवालों में DDG import करने का वास्तव में क्या मतलब है? क्या इसका मतलब यह है कि भारतीय मवेशियों को GM अमेरिकी मक्का से बने distillers grain खिलाए जाएंगे? क्या इससे हमारे दूध उत्पाद प्रभावी रूप से अमेरिकी कृषि उद्योग पर निर्भर नहीं हो जाएंगे? अगर हम GM सोया तेल के आयात की अनुमति देते हैं, तो मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और देशभर के हमारे सोया किसानों का क्या होगा? वे एक और कीमतों का झटका कैसे झेल पाएंगे?

राहुल गांधी ने पूछा कि जब आप “additional products” कहते हैं, तो उसमें क्या-क्या शामिल है? क्या यह समय के साथ दाल और अन्य फसलों को अमेरिकी आयात के लिए खोलने के दबाव का संकेत है? इसके साथ ही “Non-trade barriers” हटाने का क्या मतलब है? क्या भविष्य में भारत पर GM फसलों पर अपने रुख को ढीला करने, procurement को कमजोर करने या MSP और bonuses को कम करने का दबाव डाला जाएगा?

राहुल गांधी ने सवाल में पूछा कि एक बार यह दरवाजा खुल गया, तो हर साल इसे और ज्यादा खुलने से हम कैसे रोकेंगे? क्या इसकी रोकथाम होगी या हर बार सौदे में धीरे-धीरे और भी फसलों को मेज पर रख दिया जाएगा? किसानों को ये सफाई तो मिलनी ही चाहिए. यह सिर्फ आज की बात नहीं है. ये भविष्य की भी बात है – क्या हम किसी दूसरे देश को भारत की कृषि उद्योग पर लंबे समय की पकड़ बनाने दे रहे हैं.

Published: 15 Feb, 2026 | 07:26 PM

Topics: