अरुणाचल में बाढ़ के बीच शिवराज सिंह का बड़ा ऐलान… घर, खेत और पशुधन के नुकसान की होगी भरपाई
Arunachal Flood Update: अरुणाचल प्रदेश में आई भीषण बाढ़ के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किरेन रिजिजू और मुख्यमंत्री पेमा खांडू के साथ प्रभावित इलाकों का दौरा किया. उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर भरोसा दिलाया कि घर, खेत और पशुधन के नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाएगा.
Arunachal Pradesh Flood: अरुणाचल प्रदेश में आई भीषण बाढ़ ने कई जिलों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. कई गांवों में घर, सड़कें और खेत पानी की चपेट में आ गए हैं. ऐसे में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और मुख्यमंत्री पेमा खांडू के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई और जमीनी दौरा किया. उन्होंने हालात का जायजा लेने के साथ पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और भरोसा दिलाया कि सरकार इस मुश्किल समय में हर संभव मदद करेगी.
हवाई सर्वे के बाद गांव-गांव पहुंचे मंत्री
शिवराज सिंह चौहान ने केयी पान्योर समेत कई प्रभावित जिलों का हेलीकॉप्टर से सर्वे किया. इसके बाद वे सड़क मार्ग से गांवों में पहुंचे और लोगों से सीधे बातचीत की. उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि, केंद्र और राज्य सरकार मिलकर पूरी ताकत से राहत और पुनर्वास का काम कर रही हैं, ताकि लोगों को जल्द से जल्द सामान्य जीवन मिल सके.
“आप अकेले नहीं हैं”, पीड़ितों को दिया भरोसा
बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात के दौरान शिवराज सिंह चौहान भावुक नजर आए. उन्होंने खासतौर पर महिलाओं से बातचीत करते हुए कहा कि दुख बांटने से कम होता है और इस कठिन समय में सरकार हर परिवार के साथ खड़ी है. उन्होंने लोगों से कहा कि, किसी भी प्रभावित परिवार को चिंता करने की जरूरत नहीं है. सरकार हर जरूरतमंद तक राहत पहुंचाने का पूरा प्रयास कर रही है.
साथी हाथ बढ़ाना…
अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ की विभीषिका के बीच भी लोगों का हौसला अडिग है। पिछले दो दिनों से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं । घर उजड़े, फसलें बहीं, लेकिन जिजीविषा नहीं टूटी।
आज बोइंग गाँव में बच्चे, युवा और ग्रामीण मिलकर प्रोटेक्शन वॉल बना रहे थे, ताकि… pic.twitter.com/QoN5C9lWnw
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) July 1, 2026
घर, खेत और पशुधन के नुकसान की होगी भरपाई
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि बाढ़ से हुए नुकसान का विस्तृत सर्वे कराया जाएगा. जिन लोगों के घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उनके लिए नए मकानों की व्यवस्था की जाएगी. वहीं जिन किसानों की फसल बर्बाद हुई है या पशुधन का नुकसान हुआ है, उन्हें भी नियमों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि प्रभावित इलाकों में राशन, पीने का पानी और दूसरी जरूरी राहत सामग्री भी लगातार पहुंचाई जा रही है.
प्रधानमंत्री मोदी लगातार रख रहे हैं नजर
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अरुणाचल प्रदेश की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. उन्होंने अधिकारियों को राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की टीमें राज्य सरकार के साथ मिलकर काम कर रही हैं, ताकि प्रभावित लोगों को जल्द राहत मिल सके और नुकसान की भरपाई समय पर हो.
लोगों के जज्बे को किया सलाम
दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने स्थानीय लोगों की सामुदायिक भावना की भी सराहना की. कई गांवों में लोगों ने सरकार का इंतजार किए बिना खुद ही नदी का पानी रोकने के लिए सुरक्षा दीवार (प्रोटेक्शन वॉल) बनानी शुरू कर दी.
शिवराज सिंह चौहान ने इस काम में खुद भी हाथ बंटाया. उन्होंने कहा कि, जब समाज खुद आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभाता है, तो मुश्किल से मुश्किल हालात का सामना करना आसान हो जाता है. उन्होंने लोगों के इस जज्बे को प्रेरणादायक बताया.
At Pasighat with Union Minister Shri @ChouhanShivraj ji, CM of Arunachal Pradesh Shri @PemaKhanduBJP ji, @BJP4Arunachal State President Shri @KalingMoyongBJP ji & senior officials to review the flood situation.
Under the leadership of Hon’ble PM Shri @narendramodi ji, the Central… pic.twitter.com/2Gy0Dsffqm— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) July 1, 2026
जल्द सामान्य होगा जनजीवन
दौरे से पहले शिवराज सिंह चौहान ने ईटानगर में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक से मुलाकात कर राहत कार्यों की समीक्षा भी की. उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से अरुणाचल प्रदेश जल्द ही इस संकट से उबर जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण के हर काम को प्राथमिकता के साथ पूरा करेगी, ताकि प्रभावित परिवार फिर से सामान्य जीवन शुरू कर सकें.