PM Modi Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देशवासियों से बदलते वैश्विक हालात के बीच जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की. उन्होंने किसानों से केमिकल मुक्त खेती और प्राकृतिक खाद का अधिक से अधिक उपयोग करने का आग्रह किया. साथ ही सोना खरीदने से बचने, विदेश यात्रा टालने, कार पूलिंग अपनाने और सरकारी बीमा योजनाओं का लाभ लेने की भी सलाह दी. प्रधानमंत्री ने कहा कि देशवासियों ने उनकी अपील का सकारात्मक जवाब दिया है और यही जनभागीदारी भारत की सबसे बड़ी ताकत है.
किसानों से प्राकृतिक खाद अपनाने की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में बने युद्ध जैसे हालात को देखते हुए उन्होंने देशवासियों से कुछ विशेष आग्रह किए थे. किसानों से उन्होंने केमिकल मुक्त खेती को बढ़ावा देने और खेतों की सेहत बचाने के लिए प्राकृतिक खाद का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की अपील की. उन्होंने बताया कि देश के कई हिस्सों से प्राकृतिक खाद की खपत बढ़ने की खबरें मिल रही हैं, जो यह दिखाती हैं कि किसान धीरे-धीरे टिकाऊ खेती की ओर बढ़ रहे हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बदलाव केवल खेती ही नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए भी महत्वपूर्ण है.
जनता ने दिया सकारात्मक जवाब, बढ़ा भरोसा
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी अपील को देशभर से व्यापक समर्थन मिला है. लोगों ने संदेश भेजकर बताया कि उन्होंने विदेश यात्राएं टाल दीं और संसाधनों की बचत को प्राथमिकता दी. उन्होंने कहा कि जब पूरा देश एक लक्ष्य लेकर आगे बढ़ता है तो बड़े से बड़ा संकट भी अवसर में बदल सकता है. जनभागीदारी ही भारत की सबसे बड़ी ताकत है और इसी शक्ति से देश हर चुनौती का सामना कर सकता है.
बीमा योजनाओं का भी कराया याद
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना‘ और ‘प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना’ का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि केवल 20 रुपये सालाना प्रीमियम में सुरक्षा बीमा योजना के तहत दो लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा मिलता है और इससे 58 करोड़ से अधिक लोग जुड़ चुके हैं. वहीं 436 रुपये सालाना प्रीमियम वाली जीवन ज्योति बीमा योजना से 27 करोड़ से ज्यादा लोग लाभान्वित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि छोटी राशि से लिया गया यह सुरक्षा कवच कठिन समय में परिवारों के लिए बड़ा सहारा बनता है और सभी लोगों को इन योजनाओं की जानकारी अपने परिवार और आसपास के लोगों तक जरूर पहुंचानी चाहिए.
सोना कम खरीदें, कार पूलिंग अपनाएं और विदेश यात्रा टालें
प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक संकट के समय देशहित को प्राथमिकता देना हर नागरिक की जिम्मेदारी है. उन्होंने लोगों से कुछ समय के लिए सोना खरीदने से बचने, विदेश में छुट्टियां टालने और कार पूलिंग को अपनाने का आग्रह किया था. मोदी ने बताया कि कई परिवारों ने शादी में नया सोना खरीदने के बजाय पुराने गहनों को रीसायकल करने का फैसला किया है. वहीं बड़ी संख्या में लोग अब बस, मेट्रो और साझा वाहन का उपयोग कर रहे हैं, जिससे पेट्रोल और डीजल की बचत हो रही है.