E20 Petrol: केजरीवाल ने PM मोदी को भेजी चिट्ठी, लोगों को फ्यूल विकल्प की मांग पर विवाद बढ़ा

E20 Petrol Controversy: E20 पेट्रोल को लेकर बहस के बीच AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात का समय मांगा है. उन्होंने मांग की है कि पेट्रोल पंपों पर लोगों को शुद्ध पेट्रोल और E20 पेट्रोल दोनों का विकल्प मिले. साथ ही उनका कहना है कि, अगर E20 पेट्रोल से माइलेज कम मिलता है तो इसकी कीमत भी कम होनी चाहिए.

नोएडा | Updated On: 14 Jul, 2026 | 01:42 PM

Arvind Kejriwal E20 Petrol: देश में E20 पेट्रोल को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है. आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मुलाकात का समय मांगा है. उन्होंने कहा है कि, E20 पेट्रोल को लेकर लोगों के मन में कई सवाल हैं और सरकार को लोंगे को अपनी पसंद का पेट्रोल चुनने का विकल्प देना चाहिए. केजरीवाल का कहना है कि, पेट्रोल पंपों पर सिर्फ E20 ही नहीं, बल्कि शुद्ध पेट्रोल भी उपलब्ध होना चाहिए, ताकि लोग अपनी जरूरत और वाहन के हिसाब से ईंधन चुन सकें.

क्या है केजरीवाल की मांग?

प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में केजरीवाल ने कहा कि, अगर कोई ग्राहक शुद्ध पेट्रोल खरीदना चाहता है तो उसे यह सुविधा मिलनी चाहिए. वहीं, जो लोग E20 पेट्रोल इस्तेमाल करना चाहते हैं, उन्हें भी इसका विकल्प मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि फिलहाल कई लोगों के मन में E20 पेट्रोल को लेकर तकनीकी सवाल हैं. ऐसे में सरकार को लोगों की चिंताओं पर खुलकर चर्चा करनी चाहिए.

E20 पेट्रोल की कीमत कम करने की भी मांग

केजरीवाल ने सरकार से E20 पेट्रोल की कीमत घटाने की भी अपील की है. उनका कहना है कि, अगर E20 पेट्रोल से गाड़ियों का माइलेज कम मिलता है, तो इसकी भरपाई कीमत में राहत देकर की जानी चाहिए. उनका तर्क है कि जब उपभोक्ता को एक लीटर पेट्रोल में पहले की तुलना में कम दूरी तय करनी पड़ रही है, तो ईंधन की कीमत भी उसी हिसाब से कम होनी चाहिए.

केजरीवाल ने बताया कि, उन्होंने हाल के दिनों में कई लोगों से E20 पेट्रोल को लेकर बातचीत की. बातचीत के दौरान लोगों ने माइलेज और अन्य तकनीकी पहलुओं को लेकर अपनी चिंताएं साझा कीं. इसी को देखते हुए आम आदमी पार्टी ने एक ऑनलाइन अभियान शुरू किया है.

प्रधानमंत्री को सौंपी जाएगी रिपोर्ट

AAP का कहना है कि अभियान के दौरान लोगों से मिलने वाली प्रतिक्रियाओं और सुझावों को एक रिपोर्ट के रूप में तैयार किया जाएगा. अगर प्रधानमंत्री से मुलाकात होती है, तो यह रिपोर्ट उन्हें सौंपी जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं की चिंताओं से सरकार को अवगत कराया जा सके.

कार्यकर्ताओं से भी की अपील

अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों से भी पेट्रोल पंपों और सर्विस सेंटरों पर जाकर लोगों से बातचीत करने को कहा है. उन्होंने उनसे E20 पेट्रोल इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों के अनुभव जानने और उनके वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की है. फिलहाल E20 पेट्रोल को लेकर देश में अलग-अलग तरह की राय सामने आ रही है. एक ओर सरकार और ऑटोमोबाइल कंपनियां इसे स्वच्छ ईंधन की दिशा में बड़ा कदम मानती हैं, वहीं कुछ लोग माइलेज और वाहन के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठा रहे हैं.

Published: 14 Jul, 2026 | 01:30 PM

Topics: