CM योगी का बड़ा ऐलान, बुजुर्गों और महिलाओं को मिलेगा 1500 रुपये मासिक पेंशन

उत्तर प्रदेश सरकार ने बुजुर्गों और जरूरतमंद महिलाओं के लिए राहत भरा कदम उठाया है. नई घोषणा के तहत आर्थिक सहायता के साथ सामाजिक और स्वास्थ्य सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा. सरकार का उद्देश्य कमजोर वर्गों को बेहतर सहयोग देना और उनके जीवन को अधिक सुरक्षित एवं सम्मानजनक बनाना है.

नोएडा | Published: 16 Jun, 2026 | 04:40 PM

UP Pension Scheme: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृद्धजनों और निराश्रित महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए उन्हें 1500 रुपये प्रतिमाह पेंशन देने की बात कही है. इसके साथ ही निराश्रित महिलाओं को आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से भी जोड़ा जाएगा. मुख्यमंत्री ने यह संदेश विश्व वृद्धजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम लिखे गए पत्र में दिया. उन्होंने समाज से बुजुर्गों के सम्मान और देखभाल को प्राथमिकता देने की अपील भी की.

बुजुर्गों के सम्मान को बताया भारतीय संस्कृति की पहचान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पत्र में कहा कि वृद्धजनों का सम्मान  केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सभ्यता की पहचान है. उन्होंने कहा कि हमारे समाज में माता-पिता और बुजुर्गों को हमेशा आदर का स्थान दिया गया है. लेकिन बदलती जीवनशैली और सामाजिक परिस्थितियों के कारण आज कई बुजुर्ग अकेलापन महसूस कर रहे हैं. ऐसे में समाज और परिवार दोनों की जिम्मेदारी है कि वे बुजुर्गों को सम्मान और सहयोग दें.

बढ़ते वृद्धाश्रमों पर जताई चिंता

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश और देश में वृद्धाश्रमों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि आज कई परिवारों में दूरियां बढ़ रही हैं और बुजुर्ग अपने जीवन के अंतिम पड़ाव में अकेले पड़ जाते हैं. रोजगार और शिक्षा के कारण युवा अपने घरों से दूर रहने लगे हैं, जिससे माता-पिता की देखभाल प्रभावित होती है. मुख्यमंत्री ने कहा कि बुजुर्गों को इस समय सबसे ज्यादा अपनेपन, सम्मान और साथ की जरूरत होती है. कई बार उन्हें अपने ही परिवार या आसपास के लोगों के दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ता है, जो बेहद दुखद स्थिति है.

निराश्रित महिलाओं को भी मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार केवल बुजुर्गों ही नहीं, बल्कि निराश्रित महिलाओं के कल्याण के लिए भी लगातार काम कर रही है. उन्हें 1500 रुपये मासिक पेंशन का लाभ मिलेगा और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना तथा मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना  से भी जोड़ा जाएगा. इससे जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी सहायता मिल सकेगी.

सनातन संस्कृति के मूल्यों को अपनाने की अपील

योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में सनातन संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि माता-पिता और गुरु को ईश्वर के समान माना गया है. उन्होंने भगवान गणेश की कथा का उदाहरण देते हुए कहा कि माता-पिता के प्रति सम्मान और समर्पण भारतीय संस्कृति का मूल आधार है. मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील  की कि वे अपने परिवार के बुजुर्गों का सम्मान करें, उनकी भावनाओं को समझें और उन्हें अकेला महसूस न होने दें. उन्होंने कहा कि एक संवेदनशील और संस्कारित समाज का निर्माण तभी संभव है, जब बुजुर्गों को सम्मान और सुरक्षा मिले.

Topics: