सम्राट चौधरी का ऐलान, किसान बनेंगे आत्मनिर्भर और आय होगी दोगुनी, बंद चीनी मिलें भी होंगी चालू
बिहार सरकार किसानों की आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार काम कर रही है. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्वी चंपारण के विकास रोडमैप के तहत हवाई अड्डों का विस्तार, बंद शुगर मिलों का पुनः संचालन और आधुनिक तकनीकों से कृषि सुधार पर जोर दिया. प्रधानमंत्री मोदी के अनुसार किसानों की समृद्धि प्राथमिकता है.
Bihar Agriculture News: बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा कि सरकार लगातार किसानों के कल्याण के लिए काम कर रही है ताकि वे आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें. उन्होंने कहा कि बिहार जल्द ही कृषि क्षेत्र में अग्रणी राज्य बन जाएगा. सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य किसानों की आय दोगुनी करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है. इसके लिए सरकार केंद्र और राज्य की दोहरी सरकार कई योजनाओं पर मिलकर काम कर रही है, जिनके लाभ सीधे किसानों के बैंक खाते में पहुंच रहे हैं. वर्कशॉप में किसानों से बातचीत के दौरान उन्होंने आधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर दिया और बताया कि एनिमल ब्रीडिंग एक्सीलेंस सेंटर के माध्यम से चंपारण के दुग्ध पशु पालक और किसानों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव आएगा.
शुगर मिलों को फिर से चालू करने का आश्वासन
द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को हर तरह की मदद और प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि राज्य के अन्नदाता आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें. पूर्वी चंपारण के विकास रोडमैप को साझा करते हुए उन्होंने कई बड़े ऐलान किए. रक्सौल में बड़े हवाई अड्डे का पुनर्निर्माण करने के साथ ही मोतिहारी हवाई अड्डे का विस्तार भी सुनिश्चित करने का भरोसा दिया. उन्होंने पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल को इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया. इसके अलावा, मोतिहारी और चाकिया में बंद शुगर मिलों को इस साल फिर से चालू करने का काम शुरू करने का आश्वासन दिया.
किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव प्रयास जारी
वहीं, कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि बिहार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है. सांसद राधा मोहन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि किसान मजबूत, समृद्ध और खुशहाल हों, और इस दिशा में सरकारें किसानों के हित में काम कर रही हैं.
कार्यक्रम में ये लोग थे उपस्थित
दरअसल, सम्राट चौधरी सहित सभी मंत्रियों ने ये बातें पूर्वी चंपारण के पिपराकोटी में डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा आयोजित छोटे और सीमांत किसानों के वर्कशॉप को संबोधित करते हुए कहीं. कार्यक्रम का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, कृषि मंत्री राम कृपाल यादव और पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके किया. इस वर्कशॉप में हजारों किसान शामिल हुए. सम्राट चौधरी ने कृषि और खेती को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के अपने संकल्प को दोहराया.