दिल्ली को मिलेगा हरियाली का कवच, अमित शाह ने लॉन्च किया 70 लाख पौधारोपण का महाअभियान

दिल्ली में पर्यावरण सुधार को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 70 लाख पौधारोपण अभियान की शुरुआत की. इसके साथ 300 नई इलेक्ट्रिक बसों को भी जनता को समर्पित किया गया. सरकार का लक्ष्य राजधानी में हरियाली बढ़ाना, प्रदूषण कम करना और लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है.

नोएडा | Published: 7 Jul, 2026 | 12:22 PM

Tree Plantation Campaign: दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और घटती हरियाली के बीच पर्यावरण सुधार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राजधानी में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मिशन 70 लाख पौधारोपण महाभियान का शुभारंभ किया. इस अभियान के साथ दिल्ली को हरा-भरा बनाने और हवा की गुणवत्ता सुधारने का लक्ष्य रखा गया है. कार्यक्रम के दौरान 300 नई इलेक्ट्रिक बसों को भी हरी झंडी दिखाई गई, जिससे सार्वजनिक परिवहन को मजबूती मिलेगी और प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी.

70 लाख पौधों से बदलेगी दिल्ली की तस्वीर

एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है. सरकार का उद्देश्य राजधानी में हरित क्षेत्र को बढ़ाना और पर्यावरण संतुलन को मजबूत करना है. इस अभियान में आम लोगों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं को जोड़कर इसे जनभागीदारी वाला अभियान बनाने की तैयारी की गई है. इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की हवा को बेहतर बनाने के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों, आसपास के इलाकों और सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाकर अभियान को सफल बनाएं.

300 इलेक्ट्रिक बसों से प्रदूषण पर लगेगी लगाम

पर्यावरण संरक्षण  के साथ-साथ दिल्ली के परिवहन क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव किया गया है. मिशन के शुभारंभ कार्यक्रम में 300 नई इलेक्ट्रिक बसों को जनता को समर्पित किया गया. सरकार का कहना है कि इन बसों के संचालन से दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था बेहतर होगी और पेट्रोल-डीजल वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी. इलेक्ट्रिक बसों के विस्तार से यात्रियों को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी. सरकार लगातार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देकर कार्बन उत्सर्जन कम करने की दिशा में काम कर रही है.

पौधारोपण के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा

मिशन 70 लाख पौधारोपण अभियान में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा शुरू की गई है. इच्छुक लोग अभियान के पोर्टल (https://greendrive.delhivanmahotsav.in) पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं और अपनी सुविधा के अनुसार पौधारोपण के लिए स्लॉट बुक कर सकते हैं. अभियान के तहत लोगों को घर या आसपास लगाने के लिए मुफ्त पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे. वहीं, कॉलोनियों और सोसायटियों में सामुदायिक पौधारोपण के लिए विशेष वृक्ष रथ की सुविधा भी दी जाएगी, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इस अभियान से जुड़ सकें.

दिल्ली ग्रीन वॉरियर बनकर जुड़ेंगे नागरिक

पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के लिए सरकार ने नागरिकों को दिल्ली ग्रीन वॉरियर के रूप में जुड़ने का मौका दिया है. इसके जरिए पर्यावरण प्रेमी लोग पौधारोपण, जागरूकता अभियान और हरियाली बढ़ाने की गतिविधियों में योगदान दे सकेंगे. सरकार का मानना है कि 70 लाख पौधारोपण और 300 इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत दिल्ली को स्वच्छ, स्वस्थ और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में अहम कदम साबित होगी. जनता की भागीदारी से राजधानी में हरित क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरण संतुलन सुधारने का लक्ष्य पूरा करने की कोशिश की जा रही है.

Topics: