खाद की कालाबाजारी पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 450 बोरी सब्सिडी वाला यूरिया जब्त
हरियाणा के यमुनानगर में कृषि विभाग और रादौर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर 450 बोरी सब्सिडी वाला कृषि ग्रेड यूरिया से भरा ट्रक जब्त किया. चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. शुरुआती जांच में यूरिया को प्लाईवुड फैक्ट्रियों में भेजे जाने की आशंका है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है.
Haryana News: हरियाणा में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग का खाद के अवैध कारोबार पर कार्रवाई जारी है. पुलिस के सहयोग से कृषि विभाग लगातार खाद की कालाबाजारी का भंडाफोड़ कर रहा है. ताजा मामला यमुनानगर जिले में सामने आया है, जहां कृषि एवं किसान कल्याण विभाग और रादौर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कृषि ग्रेड यूरिया से भरा एक ट्रक पकड़ा है. ट्रक में 450 बोरी सब्सिडी वाला यूरिया अवैध रूप से ले जाई जा रही थी. पुलिस ने ट्रक सहित खाद को जब्त कर लिया है. यह कार्रवाई रादौर कस्बे में की गई. वहीं, पुलिस की कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. फिलहाल माले की जांच जारी है.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह यूरिया प्लाईवुड फैक्ट्रियों में सप्लाई की जानी थी, जहां इसका इस्तेमाल चिपकाने वाला पदार्थ (एडहेसिव) बनाने में किया जाता है. कृषि विभाग के क्वालिटी कंट्रोल इंस्पेक्टर बाल मुकंद कौशिक ने रादौर थाने में दी शिकायत में बताया कि 14 जुलाई को सूचना मिली थी कि एक ट्रक रादौर के त्रिवेणी चौक से गुजरेगा, जिसमें बिना वैध बिल और दस्तावेजों के सब्सिडी वाला कृषि ग्रेड यूरिया ले जाया जा रहा है.
जांच में चालक वैध कागजात नहीं दिखा सका
सूचना मिलने के बाद पुलिस और कृषि विभाग की टीम ने ट्रक को रोककर जांच की. जांच के दौरान चालक से यूरिया से जुड़े बिल और अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी वैध कागजात नहीं दिखा सका. इसके बाद टीम ने ट्रक को कब्जे में ले लिया. पूछताछ शुरू होने से पहले ही ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. इसके बाद कृषि विभाग ने जब्त किए गए यूरिया के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया.
- घर पर बनाएं नीम से जैविक खाद, दीमक-फफूंद से करती है फसलों की रक्षा
- मौसम का दिखेगा तांडव! 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में फिर पसीना छुड़ाएगी गर्मी
- कपास की फसल पर सफेद मक्खी का हमला, कृषि वैज्ञानिकों ने जारी की एडवाइजरी.. तुरंत करें ये काम
- एक्सप्रेसवे पर फुर्ती, किसानों पर सुस्ती! प्याज उत्पादक संघ ने सरकार से की तुरंत आर्थिक सहायता देने की मांग
पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है
पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध तरीके से यूरिया की ढुलाई में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. यमुनानगर के कृषि उपनिदेशक डॉ. आदित्य प्रताप दाबस ने कहा कि सब्सिडी वाले कृषि ग्रेड यूरिया का प्लाईवुड और अन्य उद्योगों में अवैध इस्तेमाल रोकने के लिए विभाग विशेष निगरानी रख रहा है.
पिछले साल भी हुई थी कार्रवाई
बता दें कि पिछले साल भी जुलाई महीने में यमुनानगर जिले में सब्सिडी वाले कृषि ग्रेड यूरिया के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की थी. विभाग की टीम ने एक गांव में स्थित गैर-कानूनी गोदाम से 450 बोरी सब्सिडी वाला कृषि ग्रेड यूरिया बरामद किया था. तब विभाग ने पुलिस को एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की और सभी यूरिया की बोरियों को जब्त कर गोदाम को सील कर दिया था. इससे पहले मई 2025 के पहले हफ्ते में, ताजकपुर गांव के एक अवैध गोदाम से 2,461 बोरी सब्सिडी वाला यूरिया बरामद किया गया था. उस समय भी यूरिया को जब्त कर गोदाम को सील किया गया था.