अंडा ताजा है या खराब? खाने से पहले जरूर करें ये 10 सेकेंड का ‘वॉटर टेस्ट’, FSSAI की एडवाइजरी

Egg Freshness Test: FSSAI के अनुसार अंडे की ताजगी जांचने के लिए घर पर आसान टेस्ट किया जा सकता है. अगर अंडा पानी में नीचे बैठ जाए तो वह ताजा माना जाता है, अगर खड़ा हो जाए तो पुराना और अगर पानी में तैरने लगे तो खराब माना जाता है. एक्सपर्ट के मुताबिक खराब अंडे का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है.

नोएडा | Published: 23 May, 2026 | 12:02 PM

FSSAI Egg Safety Tips: अंडा प्रोटीन का बेहतरीन सोर्स माना जाता है और इसे रोजमर्रा की डाइट में बड़ी संख्या में लोग शामिल करते हैं. लेकिन कई बार बाजार से लाए गए अंडे ताजे हैं या खराब, यह पहचानना मुश्किल हो जाता है. खराब अंडे का सेवन हेल्थ के लिए नुकसानदायक हो सकता है और इससे फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं. ऐसे में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने अंडों की ताजगी जांचने के लिए एक बेहद आसान तरीका बताया है, जिसे ‘वॉटर टेस्ट’ कहा जाता है.

क्या है FSSAI का Water Test?

FSSAI के अनुसार अंडे की क्वालिटी जांचने के लिए एक गिलास या बर्तन में पानी भरकर उसमें अंडा डालना चाहिए. अंडे की स्थिति देखकर उसकी फ्रेशनेस का अंदाजा लगाया जा सकता है. यह टेस्ट इसलिए काम करता है क्योंकि समय के साथ अंडे के अंदर हवा की मात्रा बढ़ने लगती है. जैसे-जैसे अंडा पुराना होता है, उसके अंदर एयर पॉकेट बड़ा होता जाता है और उसका व्यवहार पानी में बदलने लगता है.

नीचे बैठ जाए तो अंडा ताजा

अगर अंडा पानी में डालने पर सीधे नीचे बैठ जाए और पूरी तरह तल में लेट जाए, तो इसका मतलब है कि अंडा बिल्कुल ताजा है. ऐसे अंडों में नमी और पोषण अच्छी मात्रा में बना रहता है. इन्हें खाने के लिए सुरक्षित माना जाता है और इनका स्वाद भी बेहतर होता है.

पानी में खड़ा हो जाए तो अंडा पुराना

अगर अंडा पानी में नीचे तो चला जाए लेकिन सीधा खड़ा हो जाए, तो समझना चाहिए कि अंडा पुराना हो चुका है. FSSAI के मुताबिक ऐसे अंडे पूरी तरह खराब नहीं होते, लेकिन इन्हें जल्दी इस्तेमाल कर लेना चाहिए. लंबे समय तक स्टोर करने पर इनके खराब होने का खतरा बढ़ जाता है.

पानी में तैरने लगे तो अंडा खराब

अगर अंडा पानी की सतह पर तैरने लगे, तो यह संकेत है कि वह खराब हो चुका है. हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार पुराने अंडों के अंदर गैस बनने लगती है, जिससे उनका वजन हल्का हो जाता है और वे पानी में ऊपर तैरने लगते हैं. ऐसे अंडों का सेवन करने से पेट दर्द, उल्टी, दस्त और फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं.

खराब अंडा खाने से क्या हो सकता है नुकसान?

खराब या सड़े अंडे में बैक्टीरिया तेजी से पनप सकते हैं. खासतौर पर गर्मियों में गलत तरीके से स्टोर किए गए अंडे जल्दी खराब हो जाते हैं. ऐसे अंडे खाने से शरीर में संक्रमण फैल सकता है. बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों के लिए यह ज्यादा खतरनाक हो सकता है.

अंडों को हमेशा ठंडी और सूखी जगह पर रखना चाहिए. गर्म तापमान में अंडे जल्दी खराब हो सकते हैं. फ्रिज में अंडे रखने से उनकी ताजगी लंबे समय तक बनी रहती है. इसके अलावा टूटे हुए या बदबू वाले अंडों का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं करना चाहिए.

Topics: