Gold Rate: सोना फिर हुआ सस्ता! 1.49 लाख के करीब पहुंचा गोल्ड, जानें आपको शहर में क्या है ताजा रेट

Gold Price: सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर गिरावट आई है. 11 जून को सोना कई बड़े शहरों में सस्ता हो गया, दिल्ली में 24 कैरेट सोना करीब 1,49,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है. यह गिरावट इसलिए आई है क्योंकि दुनिया के बाजार में कच्चे तेल के दाम बढ़ गए हैं और डॉलर मजबूत हो गया है, जिससे सोने की मांग कम हो गई है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 11 Jun, 2026 | 10:28 AM

Gold Rate Today: देश में सोने की कीमतों में एक बार फिर गिरावट देखने को मिल रही है. गुरुवार, 11 जून की सुबह कई बड़े शहरों में सोना सस्ता हो गया. राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव घटकर करीब 1,49,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है. एक दिन पहले ही दिल्ली के सराफा बाजार में 99.9 फीसदी शुद्ध सोना लगभग 3 फीसदी गिरकर 1,56,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था. यानी एक ही दिन में सोने के दामों में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला है.

अंतरराष्ट्रीय कारणों से दबाव में सोना

सोने की कीमतों में गिरावट की बड़ी वजह वैश्विक बाजार है. कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और अमेरिकी डॉलर का मजबूत होना सोने की मांग को कमजोर कर रहा है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना करीब 4,168.99 डॉलर प्रति औंस पर चल रहा है. वहीं ब्रेंट क्रूड ऑयल के दाम बढ़कर करीब 94 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गए हैं. अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव से तेल की कीमतों में तेजी आई है. इससे महंगाई बढ़ने की आशंका और ब्याज दरें ऊंची रहने का डर बना हुआ है, जिसका असर सोने-चांदी की मांग पर पड़ रहा है.

अलग-अलग शहरों में सोने के रेट

देश के प्रमुख शहरों में सोने की कीमतें थोड़ी अलग-अलग हैं.

शहर 22 कैरेट (₹/10 ग्राम) 24 कैरेट (₹/10 ग्राम)
दिल्ली 1,36,590 1,49,000
मुंबई, कोलकाता 1,36,440 1,48,850
अहमदाबाद 1,36,490 1,48,900
चेन्नई 1,37,990 1,50,540
हैदराबाद, बेंगलुरु, पुणे 1,36,440 1,48,850
जयपुर, लखनऊ, चंडीगढ़ 1,36,590 1,49,000
भोपाल 1,36,490 1,48,900

चांदी की कीमत में भी गिरावट

सोने के साथ-साथ चांदी के दामों में भी नरमी देखने को मिल रही है. 11 जून की सुबह चांदी का भाव करीब 2,49,900 रुपये प्रति किलोग्राम रहा. अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का रेट लगभग 63.87 डॉलर प्रति औंस दर्ज किया गया है.

आगे क्या रह सकता है रुझान?

विशेषज्ञों का मानना है कि ग्लोबल मार्केट, डॉलर की चाल और कच्चे तेल की कीमतें आने वाले दिनों में सोने-चांदी के रेट तय करेंगी. अगर तेल और महंगा होता है तो महंगाई बढ़ सकती है, जिससे कीमती धातुओं में फिर से उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.

फिलहाल सोने और चांदी दोनों के दामों में गिरावट है, जिससे बाजार में खरीदारी के मौके बन सकते हैं. लेकिन अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण कीमतों में आगे भी तेजी या गिरावट दोनों की संभावना बनी हुई है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़