PNG गैस कनेक्शन कैसे लें? आसान तरीके से समझें पूरा प्रोसेस, क्यों बढ़ रही है इसकी मांग
PNG के बढ़ते इस्तेमाल के पीछे कई कारण हैं. यह LPG के मुकाबले सुरक्षित मानी जाती है, क्योंकि इसमें लीकेज होने पर गैस जल्दी हवा में फैल जाती है. इसके अलावा इसमें स्टोरेज की जरूरत नहीं होती, जिससे घर में जगह भी बचती है.
PNG gas connection: देश में तेजी से बदलती ऊर्जा जरूरतों के बीच अब पाइप्ड नेचुरल गैस यानी PNG का इस्तेमाल बढ़ता जा रहा है. केंद्र सरकार भी इसे बढ़ावा दे रही है ताकि लोगों को सस्ती, सुरक्षित और लगातार गैस सप्लाई मिल सके. खास बात यह है कि जिन इलाकों में PNG की सुविधा उपलब्ध है, वहां धीरे-धीरे LPG पर निर्भरता कम करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं.
मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और तेल सप्लाई पर असर के कारण सरकार अब ऐसे विकल्पों पर जोर दे रही है, जो लंबे समय तक भरोसेमंद साबित हों. इसी वजह से PNG को घरेलू और व्यावसायिक उपयोग के लिए एक बेहतर विकल्प माना जा रहा है.
PNG क्या है और क्यों हो रही है इसकी मांग
PNG यानी पाइप्ड नेचुरल गैस सीधे पाइपलाइन के जरिए घरों तक पहुंचती है. इसमें सिलेंडर की तरह बार-बार बुकिंग या डिलीवरी का इंतजार नहीं करना पड़ता. गैस लगातार उपलब्ध रहती है और जितना उपयोग करते हैं, उतना ही बिल देना होता है.
PNG के बढ़ते इस्तेमाल के पीछे कई कारण हैं. यह LPG के मुकाबले सुरक्षित मानी जाती है, क्योंकि इसमें लीकेज होने पर गैस जल्दी हवा में फैल जाती है. इसके अलावा इसमें स्टोरेज की जरूरत नहीं होती, जिससे घर में जगह भी बचती है.
ऑनलाइन कैसे लें PNG कनेक्शन
आज के समय में PNG कनेक्शन लेना बेहद आसान हो गया है. आप घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और पूरी प्रक्रिया कुछ ही दिनों में पूरी हो जाती है.
- सबसे पहले आपको अपने शहर की गैस सप्लाई कंपनी की वेबसाइट पर जाना होगा, जैसे दिल्ली में IGL या मुंबई में MGL. वहां “New PNG Connection” या इसी तरह के विकल्प पर क्लिक करें.
- इसके बाद आपको अपना नाम, पता और अन्य जरूरी जानकारी भरनी होगी. फिर पहचान और पते से जुड़े दस्तावेज अपलोड करने होते हैं. इसके बाद निर्धारित फीस का ऑनलाइन भुगतान करें और आवेदन सबमिट कर दें.
- आवेदन करने के बाद आपको एक रेफरेंस नंबर मिलता है, जिससे आप अपनी एप्लीकेशन का स्टेटस ट्रैक कर सकते हैं. कंपनी द्वारा दस्तावेज सत्यापन के बाद आपके घर पर पाइपलाइन इंस्टॉलेशन की तारीख तय की जाती है.
किन दस्तावेजों की होती है जरूरत
- PNG कनेक्शन के लिए कुछ जरूरी दस्तावेज देने होते हैं. इनमें पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या पासपोर्ट शामिल हो सकते हैं.
- पते के प्रमाण के लिए बिजली बिल, रेंट एग्रीमेंट, राशन कार्ड या प्रॉपर्टी टैक्स रसीद मांगी जाती है. अगर आप किराए के मकान में रहते हैं, तो मकान मालिक की NOC भी जरूरी होती है.
- इसके अलावा प्रॉपर्टी के मालिकाना हक से जुड़े कागजात और पासपोर्ट साइज फोटो भी आवेदन के साथ जमा करने होते हैं.
क्या LPG और PNG दोनों रख सकते हैं?
कई लोगों के मन में यह सवाल होता है कि क्या PNG लेने के बाद LPG कनेक्शन रखना जरूरी है या नहीं. दरअसल, आप दोनों कनेक्शन साथ में रख सकते थे. लेकिन हाल में देश में गैस की कमी के बाद सरकार ने PNG कनेक्शन को लेकर नए नियम बनाए हैं. जिसके बाद कोई एक कनेक्शन ही रखा जा सकेगा. पहले अक्सर लोग रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए PNG का उपयोग करते हैं और इमरजेंसी के लिए LPG सिलेंडर भी रखते हैं. लेकिन अब सरकार का फोकस PNG को प्राथमिकता देने पर है.
PNG और LPG में क्या है फर्क
अगर खर्च की बात करें तो PNG आमतौर पर सस्ती पड़ती है, क्योंकि इसमें केवल इस्तेमाल के हिसाब से भुगतान करना होता है. वहीं LPG में पूरा सिलेंडर एक साथ खरीदना पड़ता है, जिससे खर्च ज्यादा लगता है. इसके अलावा PNG में बुकिंग और डिलीवरी का झंझट नहीं होता, जो इसे और भी सुविधाजनक बनाता है.
LPG से जुड़ी समस्याएं और समाधान
- अगर किसी कारण से LPG बुकिंग या डिलीवरी में परेशानी आती है, तो आप मोबाइल ऐप, वेबसाइट, SMS या कॉल के जरिए बुकिंग कर सकते हैं.
- अगर सिलेंडर समय पर नहीं मिलता, तो गैस एजेंसी से संपर्क करें या हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करें. जरूरत पड़ने पर आप सरकारी पोर्टल पर भी शिकायत कर सकते हैं.
सरकार का बड़ा लक्ष्य
सरकार का लक्ष्य है कि देशभर में गैस नेटवर्क को मजबूत किया जाए और ज्यादा से ज्यादा लोगों तक PNG की सुविधा पहुंचाई जाए. इससे न सिर्फ ऊर्जा सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि लोगों को सस्ती और सुविधाजनक गैस भी मिलेगी.