केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गर्मियों के चरम मौसम में गर्मी से बचने का एक पुराना नुस्खा बताते हुए दावा किया कि वह अपनी जेब में एक प्याज रखते हैं और गर्मी से बचाव होता है. उन्होंने यह भी कहा कि वह मई जून की गर्मी के दौरान भी अपनी कार में ऐसी नहीं चलाते हैं, वह बस अपनी जेब में एक प्याज रखते हैं. उन्होंने अपनी जेब से एक प्याज निकालकर भी दिखाया. केंद्रीय मंत्री के इस दावे के बाद बहस छिड़ गई है कि क्या सच में प्याज जेब में रखने से गर्मी नहीं लगती है या हीटस्ट्रेस से बचाव होता है. किसान इंडिया ने इस मामले पर कई एक्सपर्ट और चिकित्सकों और मौसम वैज्ञानिक से बात की है.
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने क्या कहा
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार शाम को अपने निर्वाचन क्षेत्र गुना के पिछोर-शिवपुरी इलाके में में एक कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान सिंधिया ने कहा कि आज के आधुनिक जमाने में हर कोई फोन रखता है, लेकिन वे एक प्याज रखते हैं. उन्होंने समझाया कि यह चिलचिलाती गर्मी में शरीर के तापमान को नियंत्रित करने में मदद करता है, और फिर उन्होंने अपनी जेब से एक प्याज निकालकर सबको चौंका दिया. इसका वीडियो भी उन्होंने अपने सोशल अकाउंट एक्स पर पोस्ट किया है.
जेब में प्याज रखने से 51 डिग्री तापमान में भी कुछ नहीं होगा- मंत्री का बयान
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि “मैं अपनी कार में AC का इस्तेमाल नहीं करता, मैं बस अपनी जेब में एक प्याज रखता हूं,” मंत्री ने आगे कहा कि “अपनी जेब में एक प्याज रखें और 51 डिग्री की गर्मी में भी आपको कुछ नहीं होगा. जब सिंधिया बोल रहे थे तो भीड़ में मौजूद एक बुज़ुर्ग व्यक्ति मुस्कुराया और समर्थन के तौर पर अपनी जेब से एक प्याज निकालकर दिखाई. वहीं, सिंधिया ने भी अपनी जेब से प्याज निकालकर लोगों को दिखाया.
आधुनिक युग में सब ‘डब्बे’ लेकर घूम रहे हैं और संचार मंत्री… pic.twitter.com/K41QYKlDeq
— Jyotiraditya M. Scindia (@JM_Scindia) April 26, 2026
प्याज जेब में रखने पर गर्मी से बचाव के दावे पर क्या बोले चिकित्सक
गाजियाबाद के जनरल फिजिशियन डॉक्टर पंकज गर्ग ने किसान इंडिया को बताया कि प्याज जेब में रखने से गर्मी से बचाव होता है इसके कोई भी चिकित्सकीय और वैज्ञानिक प्रमाण नहीं मिले हैं. उन्होंने यह जरूर कहा कि प्याज भोजन के साथ कच्चा खाने या सत्तू, लाई-चना के साथ कच्चा खाने से शरीर के तापमान को कम करने में मदद मिलती है. क्योंकि, प्याज में 85 फीसदी पानी होता है और शरीर के लिए इलेक्ट्रोलाइट की तरह काम करने वाला तत्व पोटैशियम भी होता है. जबकि प्याज में पाया जाने वाला फ्लेवोनॉयड्स तत्व एंटीऑक्सीडेंट की तरह काम करता है और गर्मी से शरीर में होने वाले तनाव को कम करने में मदद करता है. इसके अलावा प्याज में विटामिन सी पाया जाता है जो शरीर को गर्मी के प्रभाव को संभालने में मदद करता है.
खाद्य पदार्थ के साथ कच्चा प्याज खाने का असर
चिकित्सक ने स्पष्ट किया कि प्याज को किसी खाद्य पदार्थ के साथ कच्चा सेवन करने से इसके तत्वों का असर ज्यादा तेज और प्रभावी होता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्याज को जेब में रखने से गर्मी दूर होने के कोई प्रमाण नहीं हैं. यह केवल लोगों का मिथ और मान्यता है.
मौसम वैज्ञानिक ने प्याज के प्रभाव पर क्या कहा
कानपुर के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एसएन पांडेय ने प्याज जेब में रखने से गर्मी दूर होने की बात को नकारते हुए कहा कि यह केवल मान्यता भर है, इसके कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं मिलते हैं. उन्होंने कहा कि प्याज में मौजूद तत्व इसके कच्चा सेवन करने से ज्यादा प्रभावी और असरदार होते हैं जो गर्मी और बाहरी तापमान को झेलने में शरीर को लचीला और टिकाऊ बनाते हैं. वहीं, अन्य एक्सपर्ट ने कहा कि प्याज खाने से जरूर शरीर के तापमान में राहत मिलती है और तापमान को नियंत्रित करने में मदद मिलती है, लेकिन जेब में रखकर ऐसा करने का दावा केवल मान्यता है और मिथ भर है.