Sugarcane Seeds: नई किस्म का गन्ना उगाएंगे बिहार के किसान, सरकार मुफ्त में दे रही बेस्ट क्वालिटी के बीज

बिहार के गया जिले में किसानों को गन्ना की खेती के लिए फ्री बीज दिया जा रहा है. 5 एकड़ तक की खेती के लिए 16 प्रकार के बीज उपलब्ध हैं. जिला प्रशासन के मुताबिक, गन्ना की खेती बढ़ाने और उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को केन केयर पोर्टल पर आवेदन करना होगा.

नोएडा | Updated On: 17 Feb, 2026 | 11:38 AM

Agriculture News: बिहार के गया जिले में गन्ना की खेती करने वाले किसानों के लिए खुशखबरी है. अब उन्हें गन्ना के बीज खरीदने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा. सरकार किसानों को फ्री में गन्ने का बीज दे रही है. इसके लिए जिला प्रशासन की तरफ से सारी तैयारी कर ली गई है. सरकार को उम्मीद है कि उसके इस फैसले से जिले में गन्ने की खेती को बढ़ावा मिलेगा. वहीं, कहा जा भी जा रहा है कि जिले में नई चीनी मिल लगाने से पहले सरकार गन्ने की खेती का क्षेत्र बढ़ाने में जुटी है. किसानों को 5 एकड़ तक गन्ना की खेती के लिए निशुल्क बीज दिए जा रहे हैं, ताकि वे ज्यादा उत्पादन कर सकें.

150 एकड़ में गन्ना खेती का लक्ष्य रखा है

गन्ना विभाग के अधिकारी किसानों तक पहुंचकर उन्हें गन्ने की खेती  करने के लिए प्रोत्साहित भी कर रहे हैं. निशुल्क बीज पाने के लिए किसानों को केन केयर पोर्टल पर आवेदन करना होगा. गया जिले में गन्ना विभाग ने 150 एकड़ में गन्ना खेती का लक्ष्य रखा है, जिसमें से अब तक 85 एकड़ पूरा किया जा चुका है. बाकी लक्ष्य पूरा करने के लिए किसानों से लगातार आवेदन मांगे जा रहे हैं. जिले में वर्तमान में लगभग 95 हेक्टेयर में रोप मेन फसल और 20 हेक्टेयर में खूंटी गन्ना की खेती होती है.

70 फीसदी इकाई स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है

गया जिले के गन्ना विकास सहायक निदेशक प्रागेंद्र गर्ग के अनुसार, टिकारी, परैया, गुरारू, गुरूआ, कोंच, इमामगंज, डुमरिया और शेरघाटी प्रखंडों में फिलहाल गन्ना की खेती हो रही है. सरकार जिले के सभी 24 प्रखंडों में गन्ना के रकबे को बढ़ाने के लिए पहल कर रही है और किसानों को निशुल्क बीज  भी दे रही है. बता दें कि बिहार राज्य गुड़ उद्योग प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत, चीनी मिल क्षेत्र में 30 फीसदी और गैर-चीनी मिल क्षेत्र में 70 फीसदी इकाई स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है.

गैर-चीनी मिल क्षेत्रों में गन्ने की खेती काफी कम है

गैर-चीनी मिल क्षेत्रों में गन्ने की खेती काफी कम है, और कई चीनी मिल  लंबे समय से बंद होने की वजह से किसान सिर्फ सीमित मात्रा में ही गन्ना उगा पा रहे हैं. ऐसे में सरकार गन्ना के रकबे को बढ़ाने के लिए पहल कर रही है और किसानों को निशुल्क बीज उपलब्ध करा रही है. खास बात यह है कि किसानों को 16 प्रभेद के बीज दिए जा रहे हैं. इच्छुक किसान आवेदन कर सकते हैं.आवेदन करके निशुल्क बीज का लाभ ले सकते हैं. इसके अलावा, गया जिला गन्ना विभाग के सहायक निदेशक से 98894 11788 पर संपर्क कर जानकारी हासिल की जा सकती है.

Published: 17 Feb, 2026 | 06:00 AM

Topics: