“ये डर फैलाने की कोशिश है”, PM मोदी की तेल बचाने की अपील से मचा सियासी भूचाल! विपक्ष ने उठाए बड़े सवाल
PM Modi Appeal: प्रधानमंत्री मोदी ने बढ़ते वैश्विक ऊर्जा संकट और मिडिल ईस्ट तनाव के बीच देशवासियों से तेल और ऊर्जा बचाने की अपील की है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि गाड़ियों का कम इस्तेमाल करें, कार पूलिंग करें, ज्यादा से ज्यादा सार्वजनिक परिवहन (बस-ट्रेन) का उपयोग करें. सरकार के कई नेताओं ने भी इस अपील का समर्थन किया है, जबकि विपक्ष ने इसे लेकर सवाल उठाए हैं.
PM Modi Oil Saving Appeal: देश में इस समय एक सवाल हर जगह गूंज रहा है कि, क्या सब सामान्य है या कुछ बड़ा होने वाला है? सोशल मीडिया से लेकर बाजारों और चौक-चौराहों तक लोग इसी चर्चा में लगे हैं कि अचानक पीएम मोदी द्वारा तेल और ऊर्जा बचाने की अपील क्यों की गई. यह अपील तेलंगाना के सिकंदराबाद में एक रैली के दौरान सामने आई, जिसके बाद यह संदेश तेजी से पूरे देश में फैल गया. जैसे-जैसे प्रधानमंत्री के साथ-साथ अन्य मंत्री और मुख्यमंत्री भी इसी तरह की सलाह देने लगे, लोगों के बीच चिंता और चर्चा और तेज हो गई.
मिडिल ईस्ट तनाव से बढ़ी चिंता
दरअसल, यह पूरा मामला दुनिया के मौजूदा हालात से जुड़ा है. अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने वैश्विक ऊर्जा बाजार को प्रभावित किया है. इसी कारण भारत सहित कई देशों में तेल और गैस की कीमतों और आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है. इसी स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री ने देशवासियों से ऊर्जा बचाने की अपील की और कुछ व्यवहारिक सुझाव भी दिए, ताकि वैश्विक संकट का असर भारत पर कम हो सके.
पीएम मोदी के 7 सुझाव क्या हैं?
प्रधानमंत्री ने नागरिकों से रोजमर्रा की आदतों में बदलाव की अपील की, जिनमें शामिल हैं:
- अनावश्यक वाहन उपयोग कम करना
- कार पूलिंग को बढ़ावा देना
- वर्क फ्रॉम होम को अपनाना
- सार्वजनिक परिवहन का उपयोग बढ़ाना
- खाद्य तेल की खपत कम करना
- प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना
- माल ढुलाई में रेलवे का अधिक उपयोग
इसके साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने पर भी जोर दिया गया, जिसे भविष्य की ऊर्जा सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया.
अब आया ‘लोकल खरीदो’ का संदेश
इसी बीच एक और बड़ा संदेश सामने आया है. शिवराज सिंह चौहान ने देशवासियों से अपील की है कि वे अपने गांव, शहर या राज्य में बने उत्पादों को ही प्राथमिकता दें. उन्होंने कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंच सकता है. ऐसे में 1.44 अरब की आबादी वाला भारत एक विशाल बाजार है, जिसे स्थानीय उत्पादों से मजबूत बनाया जा सकता है.
उनके अनुसार अगर लोग सिर्फ भारतीय उत्पादों को खरीदें, तो इसका सीधा लाभ किसानों, छोटे उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय कारीगरों को मिलेगा.
सरकार के अन्य नेताओं का समर्थन
प्रधानमंत्री की इस अपील को सरकार के अन्य नेताओं का भी समर्थन मिला. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पश्चिम एशिया का संकट जल्द खत्म होने की संभावना नहीं है, इसलिए देशवासियों को ऊर्जा बचत पर ध्यान देना चाहिए.
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी लोगों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने की सलाह दी, ताकि पेट्रोल-डीजल की बचत के साथ-साथ प्रदूषण और ट्रैफिक भी कम हो सके.
वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी जनता से अपील करते हुए कहा कि भारत अभी स्थिर स्थिति में है, लेकिन अनावश्यक खपत भविष्य में परेशानी पैदा कर सकती है.
विपक्ष का तीखा हमला
इस अपील पर विपक्ष ने सरकार को घेरा भी है. आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा कि सरकार जनता पर बोझ डाल रही है और इसे देशभक्ति से जोड़ना गलत है.
वहीं समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव खत्म होते ही सरकार को संकट याद आ गया. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर इतनी पाबंदियां जरूरी थीं, तो पहले क्यों नहीं लागू की गईं. उन्होंने कहा कि, इस तरह की अपील से व्यापार-कारोबार-बाजार में मंदी या महंगाई की आशंका की वजह से डर के साथ घबराहट, बेचैनी और निराशा फैल जाएगी.
चुनाव ख़त्म होते ही, ‘संकट’ याद आ गया!
दरअसल देश के लिए ‘संकट’ सिर्फ़ एक है और उसका नाम है : ‘भाजपा’
इतनी सारी पाबंदियां लगानी पड़ीं तो ‘पंच ट्रिलियन डॉलर की जुमलाई अर्थव्यवस्था’ कैसे बनेगी? लगता है भाजपा सरकार के हाथ से लगाम पूरी तरह छूट गयी है। डॉलर आसमान छू रहा है और देश का… pic.twitter.com/2f8utdxbLR
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) May 11, 2026
जनता के बीच बढ़ी चर्चा
सरकार की इस अपील के बाद आम लोगों में मिलीजुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. कुछ लोग इसे वैश्विक संकट से बचाव का जरूरी कदम मान रहे हैं, तो कुछ इसे आर्थिक दबाव और भविष्य की अनिश्चितता से जोड़कर देख रहे हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि ऊर्जा बचत की आदतें लंबे समय में देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर सकती हैं, लेकिन इसके लिए सही संवाद और भरोसा बेहद जरूरी है.
कुल मिलाकर, तेल और ऊर्जा बचाने की यह अपील सिर्फ एक सलाह है या आने वाले समय की गंभीर चेतावनी, इस पर बहस जारी है. लेकिन इतना तय है कि वैश्विक हालातों ने भारत की ऊर्जा रणनीति को फिर से चर्चा के केंद्र में ला दिया है.