कृषि से संबंधित केंद्र की इस योजना को लागू करने में पंजाब ने मारी बाजी, अभी तक किसानों को मिले 7132 करोड़

बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि पंजाब ने एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (AIF) योजना में देश में पहला स्थान हासिल किया है. फरवरी 2026 तक 32,823 परियोजनाओं को मंजूरी मिली और 7,132 करोड़ रुपये किसानों को वितरित किए गए. योजना से कोल्ड स्टोरेज और कृषि ढांचे को मजबूती मिली और किसानों को बेहतर मूल्य मिला.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 21 Mar, 2026 | 01:20 PM

Punjab News: पंजाब ने एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (AIF) योजना के तहत शानदार प्रदर्शन करते हुए देश में पहला स्थान हासिल किया है और 2024-25 से लगातार अपनी बढ़त बनाए रखी है. 28 फरवरी 2026 तक पंजाब में 32,823 परियोजनाओं को मंजूरी मिल चुकी है, जो मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और हरियाणा जैसे राज्यों से ज्यादा है. खास बात यह है कि इस योजना के लागू होने से किसानों को काफी फायदा हुआ है. फसल की शेल्फ लाइफ बढ़ गई है, क्योंकि किसान अब कोल्ड स्टोरेज में उपज को सुरक्षित स्टोर कर पा रहे हैं.

दरअसल, केंद्र सरकार ने जुलाई 2020 में एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (AIF) योजना शुरू की थी, जिसका मकसद फसल कटाई  के बाद की व्यवस्थाओं को मजबूत करना और कृषि व बागवानी क्षेत्र में बेहतर सप्लाई चेन बनाना है. इस योजना के तहत लोन पर ब्याज में छूट और क्रेडिट गारंटी जैसी सुविधाएं दी जाती हैं. किसान, एग्री-उद्यमी, सहकारी समितियां, एफपीओ, स्टार्टअप, पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप और सरकारी एजेंसियां इसमें आवेदन कर सकती हैं.

कुल 32,823 परियोजनाओं को मंजूरी मिल चुकी है

बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा है कि AIF योजना के तहत सबसे ज्यादा परियोजनाओं की मंजूरी के मामले में पंजाब ने देश में पहला स्थान हासिल किया है. मंत्री ने कहा कि फरवरी 2026 तक पंजाब में AIF योजना के तहत कुल 32,823 परियोजनाओं को मंजूरी  मिल चुकी है. इसके लिए बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों ने करीब 7,597 करोड़ रुपये के लोन स्वीकृत किए हैं, जिनमें से 7,132 करोड़ रुपये किसानों और लाभार्थियों को दिए जा चुके हैं. इससे राज्य में कृषि ढांचे को काफी मजबूती मिली है.

देश के टॉप 10 जिलों में पंजाब के 8 जिले शामिल हैं

जिलों के प्रदर्शन की बात करें तो देश के टॉप 10 जिलों में पंजाब के 8 जिले शामिल हैं, जिनमें लुधियाना, संगरूर, बठिंडा, पटियाला, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा और फिरोजपुर शामिल हैं. मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार फसल विविधीकरण पर खास ध्यान दे रही है और किसानों को बागवानी की ओर प्रोत्साहित कर रही है, ताकि उन्हें ज्यादा मुनाफा मिल सके. इसके लिए जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) के सहयोग से अगले 10 साल में करीब 1,300 करोड़ रुपये की परियोजनाएं लागू की जाएंगी, जिससे बागवानी क्षेत्र और बाजार तक किसानों की पहुंच मजबूत होगी.

देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य बना पंजाब

मंत्री ने कहा कि पंजाब को AIF योजना के तहत देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य माना गया है और उसे सितंबर 2024 और जनवरी 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान भी मिला है.  दरअसल, चंडीगढ़ में बागवानी विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (AIF) कॉन्क्लेव और सम्मान समारोह में मंत्री ने ये बातें कहीं. इस मौके पर सफलता की कहानियों पर आधारित एक विशेष पुस्तिका भी जारी की गई. कार्यक्रम में बागवानी विभाग के प्रशासनिक सचिव अर्शदीप सिंह थिंद और निदेशक बागवानी मनीष कुमार ने योजना और उसके राज्य में प्रभाव का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया.

क्या है एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड योजना

एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (AIF) योजना भारत सरकार की एक खास वित्तीय योजना  है, जिसका मकसद फसल के बाद की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना और सामुदायिक कृषि ढांचे को मजबूत करना है. इस योजना के तहत 2 करोड़ रुपये तक के लोन पर 3 फीसदी ब्याज में छूट और 7 साल तक की गारंटी मिलती है. यह योजना 2020 से 2032-33 तक लागू रहेगी. इसके जरिए कोल्ड स्टोरेज, प्रोसेसिंग यूनिट और गोदाम जैसी सुविधाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि किसानों को अपनी उपज का बेहतर दाम मिल सके.

 

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 21 Mar, 2026 | 01:13 PM
ज्ञान का सम्मान क्विज

मध्य प्रदेश के किस वैरायटी के गेहूं को जीआई टैग मिला है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
धान (चावल)
विजेताओं के नाम
संजीव कुमार, रेवाड़ी, हरियाणा

लेटेस्ट न्यूज़