दिल्ली के पूसा में पर्यावरण संरक्षण का मेगा कार्यक्रम, 17 हजार वृक्ष मित्रों से संवाद करेंगे शिवराज सिंह चौहान
Environment Protection: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को नई दिल्ली के पूसा परिसर में आयोजित 'पर्यावरण संरक्षण संकल्प कार्यक्रम' में देशभर के करीब 17 हजार वृक्ष मित्रों से संवाद करेंगे. कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जल बचाने और अधिक से अधिक पेड़ लगाने का संदेश दिया जाएगा.
Shivraj Singh Chouhan: पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने की दिशा में केंद्र सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को नई दिल्ली के पूसा परिसर में आयोजित ‘पर्यावरण संरक्षण संकल्प कार्यक्रम’ में शामिल होंगे. इस कार्यक्रम में देशभर के करीब 17 हजार वृक्ष मित्रों से संवाद किया जाएगा. इसका उद्देश्य लोगों को पेड़ लगाने, जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए प्रेरित करना है.
17 हजार से अधिक लोग होंगे शामिल
कार्यक्रम आज यानी रविवार सुबह 11:30 बजे पूसा परिसर के सुब्रमण्यम हॉल में आयोजित होगा. इसमें 500 से अधिक वृक्ष मित्र प्रत्यक्ष रूप से मौजूद रहेंगे, जबकि 16 हजार से ज्यादा लोग ऑनलाइन जुड़ेंगे. सरकार का मानना है कि, जब अधिक से अधिक लोग पर्यावरण बचाने के अभियान से जुड़ेंगे, तभी इसका असर बड़े स्तर पर दिखाई देगा. इसलिए इस कार्यक्रम को जनभागीदारी से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है.
पर्यावरण विशेषज्ञ भी करेंगे अनुभव साझा
कार्यक्रम में देश के जाने-माने पर्यावरण विशेषज्ञ अनिल जोशी और अनूप हजेला भी शामिल होंगे. वे पर्यावरण बचाने, पानी की बचत करने और प्राकृतिक संसाधनों का सही इस्तेमाल करने के आसान तरीके बताएंगे.
साथ ही वे यह भी समझाएंगे कि आम लोग रोजमर्रा की जिंदगी में छोटे-छोटे कदम उठाकर पर्यावरण की रक्षा में बड़ा योगदान दे सकते हैं. इसके लिए वे कई सफल उदाहरण भी साझा करेंगे, ताकि लोग उनसे प्रेरणा लेकर उन्हें अपने जीवन में अपना सकें.
वृक्ष मित्रों से करेंगे सीधा संवाद
कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान देश के अलग-अलग राज्यों से जुड़े वृक्ष मित्रों से सीधे बातचीत करेंगे. इस दौरान वृक्षारोपण, जल संरक्षण और प्रकृति संरक्षण से जुड़े सफल प्रयासों पर चर्चा होगी. जिन लोगों ने अपने क्षेत्रों में पर्यावरण बचाने के लिए बेहतर काम किया है, उनके अनुभवों को साझा किया जाएगा ताकि दूसरे लोग भी उनसे प्रेरणा लेकर अपने क्षेत्रों में ऐसे अभियान चला सकें.
पौधरोपण कर देंगे हरित भारत का संदेश
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री पूसा परिसर में वृक्ष मित्रों के साथ पौधरोपण भी करेंगे. इसका उद्देश्य लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करना और हरित भारत के संकल्प को मजबूत बनाना है.
जनभागीदारी से मजबूत होगा पर्यावरण संरक्षण
सरकार का उद्देश्य है कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित न रहे, बल्कि हर नागरिक इसमें अपनी जिम्मेदारी निभाए. यदि समाज, किसान, युवा और स्वयंसेवी संगठन मिलकर पेड़ लगाने, जल बचाने और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए काम करें, तो पर्यावरण संरक्षण का अभियान और अधिक प्रभावी बन सकता है. ‘पर्यावरण संरक्षण संकल्प कार्यक्रम’ इसी सोच के साथ आयोजित किया जा रहा है, ताकि देशभर में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़े और अधिक से अधिक लोग प्रकृति को बचाने के इस अभियान का हिस्सा बनें.