8 साल बाद बंद हुई किसानों की बीमा योजना! 42 लाख से ज्यादा किसान थे कवर, अब बढ़ी चिंता

Farmer Insurance Scheme: तेलंगाना की रायतु बीमा योजना 14 अगस्त 2026 को बंद हो गई. इस योजना में किसान की मौत पर नामित व्यक्ति को 5 लाख रुपये की बीमा राशि मिलती थी और पूरा प्रीमियम राज्य सरकार भरती थी. करीब 42.16 लाख किसान योजना के तहत बीमित थे.

नोएडा | Published: 6 Sep, 2026 | 08:32 AM

Rythu Bima Yojana: तेलंगाना के किसानों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने वाली रायथु बीमा योजना (Rythu Bima Scheme) अब बंद हो गई है. करीब आठ साल तक चलने वाली इस योजना का बीमा कवर 14 अगस्त 2026 को खत्म हो गया. राज्य सरकार ने 2026-27 के लिए LIC को बीमा प्रीमियम का भुगतान नहीं किया, जिसके चलते योजना का नवीनीकरण नहीं हो सका. इस योजना के तहत किसान की मृत्यु होने पर उसके नामित व्यक्ति को 5 लाख रुपये की बीमा राशि मिलती थी. खास बात यह थी कि इसका पूरा प्रीमियम तेलंगाना सरकार खुद भरती थी.

2018 में शुरू हुई थी योजना

रायथु बीमा योजना की शुरुआत 15 अगस्त 2018 को तत्कालीन मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की सरकार ने की थी. इसके तहत 18 से 59 साल की उम्र के पट्टेदार किसानों को बीमा कवर दिया जाता था. किसान के पास जमीन कम हो या ज्यादा, वह योजना के दायरे में आ सकता था. योजना की सबसे बड़ी खासियत इसका व्यापक बीमा कवर था. किसान की प्राकृतिक कारणों से मौत हो या किसी दुर्घटना में, उसके नामित व्यक्ति को 5 लाख रुपये दिए जाते थे. इसका पूरा प्रीमियम सरकार की ओर से जमा किया जाता था.

7 से 10 दिन में मिल जाता था पैसा

रायथु बीमा में दावा निपटाने की प्रक्रिया भी काफी तेज बताई जाती थी. कई मामलों में किसान की मृत्यु के 7 से 10 दिन के भीतर 5 लाख रुपये की राशि नामित व्यक्ति के बैंक खाते में पहुंच जाती थी. आंकड़ों के अनुसार, 2018-19 से 2025-26 के बीच योजना के तहत 1,86,363 किसान परिवारों को बीमा राशि मिली. इन परिवारों को कुल 9,107.80 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया.

सरकार ने प्रीमियम पर खर्च किए 9,653 करोड़ रुपये

इस योजना पर राज्य सरकार ने भी बड़ी रकम खर्च की. 2018-19 से 2025-26 के बीच सरकार ने कुल 9,653.74 करोड़ रुपये का प्रीमियम चुकाया. योजना बंद होने से पहले करीब 42.16 लाख किसान इसके तहत बीमित थे. तेलंगाना सरकार हर साल औसतन लगभग 1,400 करोड़ रुपये प्रीमियम के तौर पर खर्च कर रही थी. हालांकि, 2026-27 के बजट में रायथु बीमा के लिए कोई राशि नहीं रखी गई. इसके बाद 14 अगस्त तक LIC को नया प्रीमियम नहीं मिला और बीमा कवर खत्म हो गया.

नई बीमा योजना का ऐलान, लेकिन अभी लागू नहीं

रायथु बीमा के बंद होने के बाद तेलंगाना सरकार ने नई इंदिरम्मा फैमिली लाइफ इंश्योरेंस योजना लाने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने मार्च में इस योजना की जानकारी दी थी. प्रस्तावित योजना के तहत फूड सिक्योरिटी कार्ड रखने वाले करीब 1.15 करोड़ परिवारों को 5 लाख रुपये का जीवन बीमा कवर देने की योजना बताई गई है. परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य की मौत होने पर नामित व्यक्ति को 5 लाख रुपये देने का प्रावधान है. पहले इसे 2 जून से शुरू करने की बात कही गई थी, लेकिन अभी तक योजना लागू नहीं हुई है. अब सरकार ने इसे 19 नवंबर से शुरू करने की बात कही है.

14 अगस्त से 19 नवंबर तक का अंतर बना सवाल

सबसे बड़ा सवाल अब इस अवधि को लेकर है. रायथु बीमा का कवर 14 अगस्त को खत्म हो चुका है, जबकि नई योजना 19 नवंबर से शुरू होने की बात कही गई है. ऐसे में इस बीच किसी किसान या परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य की मौत होने पर उन्हें 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी या नहीं, यह अभी साफ नहीं है. किसानों के परिवारों के लिए यह अंतर काफी अहम है, क्योंकि अचानक कमाने वाले सदस्य की मौत होने पर परिवार पर खेती, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के खर्च का बोझ बढ़ सकता है.

Topics: