मुंबई में सब्जियां महंगी, 50 फीसदी तक बढ़े रेट.. 200 रुपये किलो बिक रही बींस

मुंबई महानगर क्षेत्र में सब्जियों की कीमतों में भारी उछाल देखने को मिल रहा है. भीषण गर्मी, कम आवक और परिवहन के दौरान खराब होने से टमाटर, फ्रेंच बीन्स, हरी मिर्च और पत्तेदार सब्जियां महंगी हो गई हैं. वाशी एपीएमसी में आवक 20-30 फीसदी घटी है. व्यापारियों को मॉनसून के बाद कीमतों में राहत की उम्मीद है.

नोएडा | Updated On: 3 Jul, 2026 | 12:21 PM

Vegetable price hike: मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में सब्जियों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. मई की शुरुआत से अब तक कई सब्जियों के दाम औसतन 50 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं. व्यापारियों के अनुसार, भीषण गर्मी, बाजार में कम आवक और भंडारण व परिवहन के दौरान सब्जियों के खराब होने से कीमतों में तेजी आई है. खासतौर पर हरी पत्तेदार सब्जियां और गर्मी में जल्दी मुरझाने वाली फलीदार सब्जियां सबसे ज्यादा महंगी हुई हैं.

द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई के पेडर रोड, अंधेरी, खार, माटुंगा, बोरीवली और नवी मुंबई में फ्रेंच बीन्स  200 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है. एक सप्ताह पहले इसकी कीमत 130 से 170 रुपये प्रति किलो थी. वहीं, हरी मिर्च के दाम 100 रुपये से बढ़कर 150 रुपये प्रति किलो हो गए हैं. टमाटर, जो आमतौर पर 25 रुपये प्रति किलो मिलता था, अब 50 से 60 रुपये प्रति किलो बिक रहा है. इसके अलावा, गर्मियों में शरबत और सलाद में इस्तेमाल होने वाला नींबू 5 से 7 रुपये प्रति पीस तक पहुंच गया है.

कई सब्जियों के दाम तेजी से बढ़े हैं

सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि गर्मी और कम आपूर्ति के कारण कई सब्जियों के दाम तेजी से बढ़े  हैं. अंधेरी ईस्ट के सब्जी विक्रेता ने कहा कि फ्रेंच बीन्स 200 रुपये प्रति किलो और टमाटर 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है. वहीं, सभी हरी पत्तेदार सब्जियां भी महंगी हो गई हैं. धनिया का एक बड़ा गुच्छा, जो पहले 30 से 40 रुपये में मिलता था, अब 40 से 60 रुपये में बिक रहा है. हालांकि, उनका कहना है कि गर्मियों में हर साल इस तरह की महंगाई देखने को मिलती है और मॉनसून आने के बाद कीमतों में राहत मिलने की उम्मीद है.

ग्वार फली 120 से 160 रुपये प्रति किलो बिक रही है

माटुंगा के एक सब्जी विक्रेता ने कहा कि पापड़ी और फूलगोभी जैसी सब्जियों के दाम भी काफी बढ़ गए हैं. इनकी कीमतें 60 से 80 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 100 से 120 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई हैं. इससे आम लोगों की रसोई का बजट प्रभावित हो रहा है. मुंबई में फलीदार और हरी सब्जियों की कीमतों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी देखी जा रही है. फ्रेंच बीन्स 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, जबकि ग्वार फली 120 से 160 रुपये प्रति किलो बिक रही है. वहीं, हरी पत्तेदार सब्जियों के दाम भी प्रति गुच्छा 10 से 20 रुपये तक बढ़ गए हैं.

आवक में 20 से 30 प्रतिशत की गिरावट

इस बीच, वाशी स्थित एपीएमसी मार्केट में गुरुवार को सब्जियों की आवक में 20 से 30 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. व्यापारियों का कहना है कि जब तक प्री-मॉनसून बारिश नहीं होती या बाजार में नई फसल की आपूर्ति नहीं बढ़ती, तब तक सब्जियों के ऊंचे दाम बने रह सकते हैं. व्यापारियों के अनुसार, सब्जियों की कीमतों में बढ़ोतरी की मुख्य वजह भीषण गर्मी और हीटवेव का असर है. पुणे, सतारा, सोलापुर और नासिक जैसे प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में तेज गर्मी से फसलों को नुकसान पहुंचा है, जिससे उत्पादन कम हुआ है. एपीएमसी के थोक व्यापारी बालासाहेब बडाडे ने कहा कि अत्यधिक तापमान के कारण परिवहन के दौरान भी सब्जियां जल्दी खराब हो रही हैं, जिससे बाजार में आपूर्ति प्रभावित हुई है.

 

Published: 3 Jul, 2026 | 12:16 PM

Topics: