11 अगस्त तक बारिश का अलर्ट, कई राज्यों में मौसम का तांडव.. उत्तराखंड में स्कूल बंद का ऐलान

देश में 11 अगस्त तक सक्रिय मॉनसून के चलते कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. IMD ने उत्तर, मध्य, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी दी है. असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि उत्तराखंड में एहतियातन स्कूल बंद कर दिए गए हैं.

नोएडा | Published: 7 Aug, 2026 | 07:06 AM

देश के कई हिस्सों में अगले पांच दिनों तक सक्रिय मॉनसून बना रहेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 11 अगस्त तक कई राज्यों में व्यापक बारिश, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. IMD ने कहा है कि पंजाब से लेकर उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय मॉनसून ट्रफ बनी हुई है. इसके अलावा उत्तर, पूर्व और दक्षिण भारत के ऊपर बने कई ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी.

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 7 से 11 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में कई जगह बारिश होने की संभावना है. वहीं, 7 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी व्यापक बारिश का अनुमान  है. राजस्थान में 7 से 10 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए उत्तराखंड के चमोली और बागेश्वर जिलों में 12वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं. लगातार बारिश के कारण रुद्रप्रयाग में मंदाकिनी नदी के जलस्तर पर भी प्रशासन नजर बनाए हुए है.

मध्य भारत में कैसा रहेगा मौसम का हाल

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में मध्य भारत में भी बारिश तेज हो सकती है. 7 से 9 अगस्त के बीच पश्चिम मध्य प्रदेश और 7 से 8 अगस्त के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. IMD ने 7 और 8 अगस्त को पश्चिम मध्य प्रदेश, जबकि 7 अगस्त के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. 7 अगस्त को पश्चिम मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा 7 से 9 अगस्त के बीच छत्तीसगढ़ में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है.

झारखंड में 7 से 8 अगस्त के बीच होगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, 11 अगस्त तक पूर्वी भारत में मॉनसून सक्रिय  बना रहेगा. 7 से 11 अगस्त के बीच गंगा पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कई जगह बारिश होने की संभावना है. वहीं, झारखंड में 7 से 8 अगस्त और फिर 10 से 11 अगस्त के दौरान अच्छी बारिश का अनुमान है. बिहार में 8 से 11 अगस्त के बीच कई इलाकों में बारिश हो सकती है. साथ ही कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है.

असम और मेघालय में कई जगह बारिश होने की संभावना

इस बीच, जुलाई में सामान्य से करीब 96 फीसदी अधिक बारिश होने के बावजूद ओडिशा सरकार ने जलविद्युत उत्पादन को सीमित करने का फैसला किया है. सरकार का कहना है कि पीने के पानी और सिंचाई की जरूरतों  को प्राथमिकता देने के लिए जल प्रबंधन की नई रणनीति अपनाई जा रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक पूर्वोत्तर भारत में भी मानसून सक्रिय रहेगा. 7 से 8 अगस्त और फिर 11 अगस्त को असम और मेघालय में कई जगह बारिश होने की संभावना है. वहीं, 7 से 11 अगस्त के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी व्यापक बारिश का अनुमान है.

असम में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है

मौसम विभाग ने 7 और 10-11 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश तथा 7 से 11 अगस्त के बीच असम और मेघालय के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस बीच, असम में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस साल मॉनसून के दौरान आई बाढ़ में अब तक 95 लोगों की मौत हो चुकी है. राज्य के 14 जिले अभी भी हाई अलर्ट पर हैं और कई इलाकों में बाढ़ का पानी भरा हुआ है.

 

 

Topics: