6 अगस्त को बिगड़ेगा मौसम! 12 राज्यों में भारी बारिश.. तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 6 अगस्त को उत्तर भारत समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में 60-70 किमी/घंटा की तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है. हिमाचल और उत्तराखंड में भूस्खलन तथा निचले क्षेत्रों में जलभराव का खतरा भी जताया गया है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 6 Aug, 2026 | 07:12 AM

Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 6 अगस्त को उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के 12 राज्यों सहित पूर्वी, मध्य और पश्चिमी भारत के कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

IMD ने बताया कि सक्रिय मॉनसून ट्रफ और ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के कारण मौसम का यह बदलाव देखने को मिलेगा. पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका  जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों, खासकर यात्रियों को सलाह दी है कि 6 अगस्त को यात्रा पर निकलने से पहले मौसम का ताजा अपडेट जरूर देख लें.

मॉनसून अगले कई दिनों तक सक्रिय रहने की संभावना

IMD ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में मॉनसून अगले कई दिनों तक सक्रिय रहने की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला ने 6 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कई जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी, चंबा, सिरमौर और बिलासपुर जिलों के लोगों और पर्यटकों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी है. विभाग ने कहा है कि लगातार बारिश के कारण कुछ इलाकों में भूस्खलन, सड़क बाधित होने और जलभराव जैसी समस्याएं हो सकती हैं. इसलिए यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर लें.

70 किलोमीटर घंटे की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 6 अगस्त के लिए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. मौसम विभाग ने खास तौर पर उत्तराखंड में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) और अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा जताया है. वहीं, लगातार बारिश के कारण कई राज्यों के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है. IMD ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है.

दिल्ली-एनसीआर और पंजाब में होगी बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार का सीमांचल क्षेत्र, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब  के कुछ हिस्से, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में मौसम सबसे ज्यादा खराब रहने की संभावना है. इन क्षेत्रों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें. गरज-चमक के समय खुले स्थानों से दूर रहें, मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखें और IMD व स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 6 Aug, 2026 | 07:08 AM

लेटेस्ट न्यूज़