उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को बड़ी राहत देते हुए रोडवेज की सामान्य बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा शुरू करने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ को मंजूरी दी गई. सरकार का कहना है कि इससे वरिष्ठ महिलाओं को आने-जाने के खर्च से राहत मिलेगी और सार्वजनिक परिवहन तक उनकी पहुंच आसान होगी. वहीं, अगले 6 महीने में 1 लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी देने का ऐलान भी किया गया है.
60 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं को आजीवन फ्री बस सेवा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना का शुभारंभ कर दिया है. इस योजना का लाभ प्रदेश की 60 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं को मिलेगा. सरकार के मुताबिक प्रतिदिन करीब 88,438 महिलाएं इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकती हैं. योजना के लागू होने से सरकार पर हर महीने लगभग 22.55 करोड़ रुपये का अतिरिक्त आर्थिक भार आएगा.
आधार, वोटर आईडी दिखाकर यात्रा कर पाएंगी महिलाएं
मुफ्त यात्रा की सुविधा को व्यवस्थित तरीके से लागू करने के लिए परिवहन निगम पात्र महिलाओं को विशेष स्मार्ट कार्ड उपलब्ध कराएगा. हालांकि स्मार्ट कार्ड जारी होने तक महिलाएं आधार कार्ड या वोटर आईडी दिखाकर भी सामान्य रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी. योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक राहत देना ही नहीं, बल्कि वरिष्ठ महिलाओं को इलाज, पारिवारिक काम और अन्य जरूरी यात्राओं के लिए अधिक स्वतंत्रता देना भी है.
6 महीने में 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देंगे
उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि अगले छह महीनों में 1 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे और नियुक्तियों की प्रक्रिया अलग-अलग चरणों में हर सप्ताह आगे बढ़ाई जाएगी.

युवाओं को सरकारी नौकरी का ऐलान.
सरकार के इस फैसले को भाजपा के लोक कल्याण संकल्प पत्र में किए गए वादे को पूरा करने के रूप में भी देखा जा रहा है. खासकर ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे शहरों में रहने वाली बुजुर्ग महिलाओं के लिए यह योजना महत्वपूर्ण हो सकती है, क्योंकि सार्वजनिक परिवहन उनके रोजमर्रा के आवागमन का प्रमुख साधन है.