बिहार में पशुपालन को टेक्नोलॉजी बूस्ट, नई तकनीक से विकसित होंगी ज्यादा दूध देने वाली गायें
बिहार में पशुपालन और डेयरी सेक्टर को मजबूत बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों पर जोर बढ़ रहा है. एंब्रियो ट्रांसफर और IVF जैसी तकनीकों की मदद से बेहतर नस्ल की गायों की संख्या तेजी से बढ़ाई जाएगी. सरकार का मानना है कि इससे दूध उत्पादन बढ़ेगा और पशुपालकों की आमदनी में भी बड़ा इजाफा होगा.
Bihar Dairy: बिहार में पशुपालन और डेयरी सेक्टर को मजबूत बनाने के लिए अब आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है. बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग और गव्य विकास निदेशालय की ओर से पशुपालकों को नई नस्ल सुधार तकनीकों की जानकारी दी जा रही है. एंब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी (ETT) और इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (IVF) जैसी तकनीकें अब डेयरी क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाने की तैयारी में हैं. विभाग के अनुसार, इन तकनीकों से कम समय में बेहतर नस्ल की गायों की संख्या बढ़ाई जा सकती है, जिससे दूध उत्पादन और किसानों की आमदनी दोनों बढ़ेंगी.
एंब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी से होगा नस्ल सुधार
पशुपालन विभाग के अनुसार, एंब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी नस्ल सुधार की आधुनिक तकनीक है. इसमें एक श्रेष्ठ नस्ल की गाय से भ्रूण लेकर दूसरी साधारण गायों में प्रत्यारोपित किया जाता है. इस तकनीक की मदद से एक अच्छी नस्ल की गाय से कम समय में कई बेहतर बछड़े तैयार किए जा सकते हैं. इससे उच्च गुणवत्ता वाली नस्लों का तेजी से प्रसार संभव होता है. विशेषज्ञों के मुताबिक, पारंपरिक तरीके से नस्ल सुधार में काफी समय लगता है, जबकि ETT तकनीक इस प्रक्रिया को तेज और ज्यादा प्रभावी बना देती है.
IVF तकनीक से लैब में तैयार होता है भ्रूण
इन विट्रो फर्टिलाइजेशन यानी IVF तकनीक भी अब पशुपालन क्षेत्र में तेजी से अपनाई जा रही है. इस प्रक्रिया में गाय के अंडाणु और सांड के शुक्राणु को लैब में मिलाकर भ्रूण तैयार किया जाता है. इसके बाद भ्रूण को दूसरी गाय में प्रत्यारोपित किया जाता है. पशुपालन विभाग का कहना है कि इस तकनीक की मदद से एक साल में कई संतति प्राप्त की जा सकती हैं. इससे बेहतर नस्ल वाले पशुओं की संख्या तेजी से बढ़ाई जा सकती है. विशेषज्ञों का मानना है कि IVF तकनीक डेयरी सेक्टर के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी और इससे अधिक दूध देने वाले पशु तैयार किए जा सकेंगे.
किसानों और डेयरी सेक्टर को होगा फायदा
बिहार सरकार का मानना है कि आधुनिक तकनीकों से डेयरी सेक्टर को नई मजबूती मिलेगी. बेहतर नस्ल की गायों से दूध उत्पादन बढ़ेगा और पशुपालकों की आमदनी में भी इजाफा होगा. राज्य में बड़ी संख्या में किसान और छोटे पशुपालक डेयरी व्यवसाय से जुड़े हैं. ऐसे में नई तकनीकों का लाभ मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सकती है. इसके अलावा वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन करने से पशुओं की गुणवत्ता बेहतर होगी और बीमारियों का खतरा भी कम किया जा सकेगा.
आधुनिक पशुपालन की ओर बढ़ रहा बिहार
बदलते समय के साथ बिहार में पशुपालन अब पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़कर आधुनिक तकनीकों की तरफ कदम बढ़ा रहा है. सरकार लगातार किसानों और पशुपालकों को नई तकनीकों की जानकारी देने और उन्हें अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है. विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले समय में एंब्रियो ट्रांसफर और IVF जैसी तकनीकें डेयरी उद्योग की तस्वीर बदल सकती हैं. इससे दूध उत्पादन बढ़ेगा और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी.