Today Weather: देश के कई हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है. उत्तर भारत में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है, तो दूसरी तरफ मौसम विभाग ने अब तेज आंधी और बारिश को लेकर बड़ा अलर्ट जारी कर दिया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले 15 घंटों के भीतर देश के 17 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक का असर देखने को मिल सकता है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
मौसम विभाग ने खास तौर पर पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण भारत के कई राज्यों को लेकर चेतावनी जारी की है. वहीं उत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक लू और सीवियर हीटवेव का खतरा बना रहेगा. समुद्र में ऊंची लहरों और खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में नहीं जाने की सलाह दी गई है.
दिल्ली-एनसीआर में भीषण लू से राहत नहीं
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम नजर आ रहे हैं. मौसम विभाग ने 21 से 26 मई तक दिल्ली में भीषण हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. दिनभर तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं और आसमान साफ रहने की संभावना है.
दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 28 डिग्री रह सकता है. हवाओं की रफ्तार लगभग 25 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है. विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राजधानी में दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है.
मौसम संबंधी चेतावनी
मुख्य बिंदु
उत्तर-पश्चिम एवं मध्य भारत में इस सप्ताह के दौरान तथा पूर्वी भारत में अगले 5 दिनों के दौरान उष्ण लहर से लेकर भीषण उष्ण लहर की स्थिति बने रहने की संभावना है।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में इस सप्ताह के दौरान तथा पूर्वोत्तर और उससे सटे पूर्वी… pic.twitter.com/LOaN4tUIaY
— India Meteorological Department (@Indiametdept) May 20, 2026
उत्तर प्रदेश में पारा 48 डिग्री के पार
उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है. बांदा जिले में तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जो इस सीजन के सबसे ज्यादा तापमानों में शामिल है. मौसम विभाग के मुताबिक 20 से 26 मई तक राज्य में लू और भीषण लू का असर जारी रहेगा. लखनऊ का तापमान 46 डिग्री तक जा सकता है. वहीं वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, नोएडा और बरेली में गर्म रातों का असर भी देखने को मिलेगा.
बिहार में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी
बिहार में मौसम तेजी से बदल सकता है. मौसम विभाग ने अगले 12 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई है. पटना, भागलपुर और मुजफ्फरपुर में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं गया में बादलों की आवाजाही के साथ गर्म हवाओं का असर बना रह सकता है. 21 से 26 मई के बीच राज्य के कई हिस्सों में लगातार मौसम बदलने की संभावना है. तेज हवाओं के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
झारखंड में 70 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
झारखंड में भी अगले कुछ दिनों में मौसम खराब रह सकता है. मौसम विभाग ने रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है. यहां हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है.
उत्तराखंड में बारिश और पहाड़ों पर बदलेगा मौसम
उत्तराखंड में 21 से 23 मई के बीच मौसम बदलने की संभावना है. देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पहाड़ी इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. हालांकि 21 मई को कुछ जिलों में हीटवेव जैसी स्थिति भी बनी रह सकती है. नैनीताल का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रह सकता है.
राजस्थान में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट
राजस्थान में हालात सबसे ज्यादा गंभीर बने हुए हैं. मौसम विभाग ने 26 मई तक राज्य में भीषण लू का अलर्ट जारी किया है. जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर और जैसलमेर में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. दिनभर गर्म हवाएं चलने से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है.
पंजाब में गर्म हवाओं का कहर
पंजाब में भी लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. चंडीगढ़ में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच चुका है. अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में धूलभरी गर्म हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने 26 मई तक राज्य में रेड अलर्ट जारी किया है.
हिमाचल प्रदेश में बारिश से मिल सकती है राहत
हिमाचल प्रदेश में अगले 48 घंटों में मौसम बदल सकता है. शिमला, मनाली, धर्मशाला और मंडी में बादल छाए रहने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. शिमला का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रह सकता है. मौसम बदलने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.
दक्षिण भारत और तटीय इलाकों में भी अलर्ट
दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. चेन्नई का तापमान 39 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि मुंबई में अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने समुद्री इलाकों में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को सावधानी बरतने और समुद्र में न जाने की सलाह दी है.
बड़े शहरों का तापमान
21 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 46 डिग्री, लखनऊ में 43 डिग्री, पटना में 37 डिग्री, रांची में 39 डिग्री, भोपाल में 43 डिग्री और जयपुर में 44 डिग्री तक पहुंच सकता है.