अगले दो दिन मौसम रहेगा खराब, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में तूफान और बारिश का अलर्ट

आने वाले 24 से 48 घंटों में इस सिस्टम का असर और बढ़ सकता है. खासकर उत्तर भारत और पहाड़ी राज्यों में तेज हवाओं, गरज-चमक, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन के साथ-साथ फसलों पर भी असर पड़ सकता है.

नई दिल्ली | Updated On: 20 Mar, 2026 | 06:54 AM

Today weather: इन दिनों देशभर का मौसम पूरी तरह बदल चुका है. आसमान में बादल छाए हुए हैं, तेज धूप की जगह अब हल्की ठंडक महसूस हो रही है और कई इलाकों में बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई है. मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव किसी सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा नहीं, बल्कि एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ का असर है, जो पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक मौसम को प्रभावित कर रहा है.

आने वाले 24 से 48 घंटों में इस सिस्टम का असर और बढ़ सकता है. खासकर उत्तर भारत और पहाड़ी राज्यों में तेज हवाओं, गरज-चमक, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन के साथ-साथ फसलों पर भी असर पड़ सकता है.

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का दौर

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में मौसम काफी खराब बना हुआ है. ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है. उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, केदारनाथ, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जैसे क्षेत्रों में मौसम का असर साफ दिखाई दे रहा है, जहां तेज हवाओं के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है.

हिमाचल प्रदेश में भी हालात कुछ ऐसे ही हैं. लाहौल-स्पीति, कुल्लू, मंडी, शिमला और कांगड़ा जैसे इलाकों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है. यहां 24 मार्च तक खराब मौसम का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं जम्मू-कश्मीर में भी घाटी के कई हिस्से बर्फ से ढक गए हैं और अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है.

उत्तर भारत में आंधी-बारिश और ओलों का खतरा

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, बिहार और मध्य प्रदेश में भी मौसम तेजी से बदला है. 19 और 20 मार्च को इन राज्यों के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी, तेज बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है. साथ ही आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है.

इस खराब मौसम का सबसे ज्यादा असर रबी की फसलों पर पड़ सकता है, क्योंकि इस समय गेहूं और अन्य फसलें पकने की स्थिति में हैं. ऐसे में तेज हवा, बारिश या ओले किसानों के लिए नुकसान का कारण बन सकते हैं.

उत्तर प्रदेश में कई जिलों में अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बरेली, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, बुलंदशहर और फिरोजाबाद समेत 20 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिमी यूपी में पहले ही हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है. हालांकि कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है.

बिहार में भी तेज मौसम गतिविधियां

बिहार में भी मौसम विभाग ने 20 मार्च को राज्य के लगभग सभी जिलों में आंधी और बारिश का पूर्वानुमान जताया है. पटना, गया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज समेत कई जिलों में तेज हवा, ओले और ठनका गिरने की चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें और सावधानी बरतें.

दिल्ली-एनसीआर में ठंडा और सुहावना मौसम

दिल्ली-एनसीआर में भी पिछले 24 घंटे से मौसम पूरी तरह बदला हुआ है. रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है और मौसम काफी सुहावना हो गया है.

यहां न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. साथ ही 20 मार्च को फिर से आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है.

दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में हवा की गुणवत्ता में भी सुधार देखा गया है और AQI करीब 150 के आसपास पहुंच गया है.

राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में असर

राजस्थान में जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर और उदयपुर जैसे कई इलाकों में आंधी और बारिश का असर देखा जा रहा है. यहां तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, जिससे गर्मी से राहत मिली है.

हरियाणा और पंजाब में भी अगले दो दिन मौसम खराब रहने की संभावना है. हिसार, भिवानी, चंडीगढ़, अमृतसर और लुधियाना जैसे इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है.

दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भी असर

मौसम का यह बदलाव सिर्फ उत्तर भारत तक सीमित नहीं है. दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखा जा सकता है.

वहीं ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और छत्तीसगढ़ जैसे पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में भी आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

किसानों के लिए चिंता और राहत दोनों

एक तरफ जहां इस मौसम बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी तरफ किसानों की चिंता बढ़ गई है. रबी की फसल इस समय तैयार खड़ी है और ऐसे में बारिश, तेज हवा और ओलावृष्टि नुकसान पहुंचा सकती है. हालांकि तापमान में गिरावट से कुछ फसलों को फायदा भी हो सकता है, लेकिन कुल मिलाकर किसानों के लिए यह समय सतर्क रहने का है.

Published: 20 Mar, 2026 | 06:56 AM

Topics: