Rain Alert: दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की केरल में एंट्री हो गई है. इसके साथ ही राज्य में बारिश का दौर शुरू हो गया है. इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अलर्ट जारी किया है. अलर्ट में उसने कहा है कि शुक्रवार यानी 5 जून को देश के करीब 19 राज्यों में तेज आंधी और बारिश होने की संभावना है. कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. IMD के अनुसार, इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि पूर्वी राज्यों पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ेगा, जहां आंधी, बिजली गिरने और वज्रपात की घटनाएं हो सकती हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 5 जून को दिल्ली और एनसीआर में मौसम बदलता हुआ रहेगा. दिनभर आसमान बादलों से ढका रह सकता है. IMD ने कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में मौसम दो बार बदल सकता है. सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश होने की संभावना है, जिसमें गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. इसके बाद शाम से रात के समय फिर से हल्की बारिश और गरज-चमक का एक और दौर देखने को मिल सकता है.
दिल्ली कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, कल दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून सक्रिय हो गया है, जिसके चलते केरल, कर्नाटक और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले 5 से 7 दिनों तक भारी बारिश हो सकती है. इसी को देखते हुए IMD ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.विभाग के अनुसार, 5 जून को उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी तेज बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
- देश में बारिश का दौर शुरू.. दिल्ली-यूपी और बिहार में कब पहुंचेगा मॉनसून, देखें डेट लिस्ट
- गर्मी का असर, चिकन हुआ सस्ता.. कीमतों में 70 रुपये किलो की गिरावट
- धान खरीदी को लेकर सख्त फैसला, अवैध गतिविधियों पर लगेगा ब्रेक.. किसानों की बढ़ेगी इनकम
- किसानों को राहत, सरकार ने बढ़ाया प्याज का MSP.. अब 1580 रुपये क्विंटल होगी खरीदी
पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार, 5 जून को उत्तर भारत में मौसम काफी बदल सकता है. पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि और मैदानी क्षेत्रों में तेज आंधी-तूफान का असर देखने को मिल सकता है. IMD ने बताया है कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ जगहों पर ओले गिरने की संभावना है. वहीं पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं.
इन राज्यों में मौसम गर्म रहेगा
मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि केरल में मॉनसून आने के बावजूद देश के कुछ हिस्सों में अभी भी उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है. IMD के अनुसार, 5 जून को ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर के कुछ इलाकों में मौसम गर्म और उमस भरा रह सकता है. वहीं बिहार में 6 जून से फिर से लू चलने की संभावना है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है.
मछुआरों को 9 जून तक के लिए चेतावनी
इसी बीच मौसम विभाग ने खराब मौसम और समुद्र में ऊंची लहरों को देखते हुए मछुआरों को 9 जून तक केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी है. इसके अलावा, ओलावृष्टि वाले क्षेत्रों में किसानों को अपनी फसलों और बागानों की सुरक्षा के लिए हेल-नेट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. भारी बारिश वाले इलाकों में जल निकासी की व्यवस्था ठीक रखने को भी कहा गया है.