सर्दी से राहत अभी दूर… पश्चिमी विक्षोभ से फिर बिगड़ेगा उत्तर भारत का मौसम, उत्तराखंड से जम्मू-कश्मीर तक अलर्ट

हिमालयी क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिसका असर उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में साफ दिखाई देगा. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है. इसके अलावा 9 और 10 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने का अनुमान है.

नई दिल्ली | Published: 7 Feb, 2026 | 06:57 AM

Today Weather: उत्तर भारत में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है. कभी धूप खिल रही है तो कभी सर्द हवाएं लोगों को कंपकंपा रही हैं. पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश और ओलावृष्टि ने ठंड को और गहरा कर दिया है. पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में भी गलन बढ़ गई है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक-दो दिन भले ही आसमान साफ रहे, लेकिन कोहरा और शीतलहर के चलते सर्दी से फिलहाल राहत मिलने के आसार कम हैं.

पश्चिमी विक्षोभ हुआ सक्रिय

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, हिमालयी क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय बना हुआ है, जिसका असर उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में साफ दिखाई देगा. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है. इसके अलावा 9 और 10 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने का अनुमान है, जिससे उत्तर भारत के कई राज्यों में फिर से मौसम करवट ले सकता है.

दिल्ली-एनसीआर में सर्दी और कोहरे का असर

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम फिलहाल साफ है, लेकिन सुबह और देर रात ठंड का असर साफ महसूस किया जा रहा है. हल्की धूप जरूर राहत देती है, मगर ठंडी हवाओं के कारण दिन में भी जैकेट पहनने की जरूरत पड़ रही है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान करीब 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री तक पहुंच सकता है. सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे सड़कों पर विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है. प्रदूषण के स्तर में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है, लेकिन एक्यूआई अभी भी खराब श्रेणी के आसपास बना रह सकता है.

उत्तर प्रदेश में गलन भरी ठंड

उत्तर प्रदेश में सर्दी का असर काफी तेज है. हाल की बारिश और ओलावृष्टि के बाद पछुआ हवाएं ठंड को और बढ़ा रही हैं. दिन में धूप निकलने के बावजूद हवा में ठंडक बनी रहती है. राज्य के कई जिलों में सुबह घना से अति घना कोहरा छा सकता है, जिससे रेल और सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका है. मौसम विभाग का अनुमान है कि यूपी में न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 21 से 22 डिग्री के आसपास बना रहेगा.

बिहार में ठंडी हवाओं की दस्तक

बिहार में मौसम साफ जरूर है, लेकिन ठंडी हवाओं ने लोगों को सर्दी का एहसास कराया हुआ है. पटना सहित कई जिलों में तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी जा रही है. राज्य में न्यूनतम तापमान करीब 10 से 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है. सुबह के समय कोहरा कई इलाकों में परेशानी बढ़ा सकता है.

राजस्थान और मध्य प्रदेश में सर्दी बरकरार

राजस्थान में शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है. सुबह के समय कोहरा और ठंडी हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं. यहां न्यूनतम तापमान करीब 8 से 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 से 24 डिग्री तक पहुंच सकता है. वहीं मध्य प्रदेश में भी ठंडी हवाओं के कारण रात का पारा गिरा हुआ है. प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री के आसपास बना हुआ है.

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बदलेगा मौसम

उत्तराखंड में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है. देहरादून समेत कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. 9 और 10 फरवरी को यहां मौसम और खराब हो सकता है, जब ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी तेज होने की संभावना है.

हिमाचल प्रदेश में भी ठंड ने अपना असर दिखाया है. शिमला, मनाली और लाहौल-स्पीति जैसे क्षेत्रों में तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है. राज्य में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री और अधिकतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है. आने वाले दिनों में बर्फबारी से ठंड और बढ़ सकती है.

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी से बढ़ी ठंड

जम्मू-कश्मीर में मौसम सबसे ज्यादा सख्त बना हुआ है. कई इलाकों में लगातार बर्फबारी के कारण तापमान माइनस में चला गया है. श्रीनगर और गुलमर्ग जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि अधिकतम तापमान 6 से 7 डिग्री के आसपास बना हुआ है. यहां 9 और 10 फरवरी को फिर से बर्फबारी का दौर शुरू होने की संभावना है.

Topics: