उत्तर भारत में ठंडी हवाएं तेज, जानिए कैसा रहेगा दिल्ली-यूपी-बिहार का मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तर-पूर्वी हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है. इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

नई दिल्ली | Published: 22 Dec, 2025 | 07:13 AM

Today Weather: उत्तर भारत इस समय भीषण ठंड की चपेट में है. उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत कई राज्यों में सर्दी ने लोगों की दिनचर्या को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान तेजी से गिरा है. मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों के लिए देश के कई हिस्सों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है, तो चलिए जानते हैं राज्यवार मौसम का हाल.

दिल्ली-एनसीआर: कोहरा, ठंडी हवाएं और बदलता मिजाज

दिल्ली-एनसीआर में सर्दी अपने पूरे असर में दिखाई दे रही है. 21 से 24 दिसंबर के बीच सुबह के समय घना कोहरा छाने और दिन में ठंडे हालात बने रहने की संभावना है. पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी के बाद बर्फीली हवाएं राजधानी तक पहुंच रही हैं, जिससे ठंड और तेज महसूस हो रही है. हालांकि 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के कारण दोपहर में कोहरा कुछ हल्का हो सकता है और धूप निकलने के आसार हैं. 25 दिसंबर के बाद एक बार फिर कोहरा बढ़ने की संभावना जताई गई है.

उत्तर प्रदेश: फिलहाल राहत, फिर बढ़ेगी ठंड

उत्तर प्रदेश में अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, जिससे ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी. इस दौरान कोहरे की तीव्रता भी कुछ कम रह सकती है. लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि इसके बाद फिर से तापमान गिरने लगेगा और कोहरा घना हो जाएगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 दिसंबर तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गई है.

बिहार: शीत दिवस से कांप रहा जनजीवन

बिहार में पश्चिमी विक्षोभ के असर से कड़ाके की ठंड पड़ रही है. गया, नालंदा, समस्तीपुर, मधुबनी और पटना समेत कई जिलों में शीत दिवस की स्थिति बनी हुई है. ठंडी पछुआ हवाओं और कोहरे की वजह से दिन में भी ठंड का असर महसूस किया जा रहा है. लोगों को सुबह और देर रात घर से निकलने में भारी परेशानी हो रही है.

पंजाब: दृश्यता बेहद कम, अलर्ट जारी

पंजाब के कई जिलों में घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है. अमृतसर, हलवारा और गुरदासपुर जैसे इलाकों में कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर से नीचे जा सकती है. सुबह और रात के समय सड़कों पर वाहन चलाना जोखिम भरा हो सकता है. प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.

हरियाणा: कुछ जिलों में घने कोहरे की चेतावनी

हरियाणा के हिसार और सिरसा समेत कुछ जिलों में 22 दिसंबर को घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है. यहां भी दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है. कोहरे के कारण सड़क हादसों का खतरा बढ़ गया है, इसलिए वाहन चालकों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.

राजस्थान: तापमान में गिरावट, कोहरे की दस्तक

राजस्थान में उत्तरी हवाओं के प्रभाव से 22 दिसंबर से तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. राज्य के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में 23 और 24 दिसंबर को घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. श्रीगंगानगर, सीकर, उदयपुर, जोधपुर और चुरू जैसे शहरों में ठंड और कोहरे का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है.

मध्य प्रदेश: कई जिलों में घना कोहरा

मध्य प्रदेश में भी सर्दी और कोहरे का असर बढ़ता जा रहा है. पूर्वी मध्य प्रदेश के रीवा, सतना और खजुराहो में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है, जहां दृश्यता 50 मीटर से नीचे रह सकती है. वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश के दतिया और ग्वालियर में भी कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ाएगा.

उत्तराखंड: पहाड़ों में बर्फ, मैदानी इलाकों में ठंड

उत्तराखंड में मैदानी इलाकों में हल्की धूप जरूर दिखी है, लेकिन ठंड अब भी बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में फिर से मौसम बदल सकता है. उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं.

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल: भारी बर्फबारी की चेतावनी

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तर-पूर्वी हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है. इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे दृश्यता घटेगी और आवाजाही प्रभावित हो सकती है. प्रशासन ने पहाड़ी इलाकों में यात्रा से बचने की सलाह दी है.

Topics: