मौसम का दिखेगा विकराल रूप, 10 से अधिक राज्यों में आंधी के साथ होगी बारिश.. अलर्ट जारी

IMD के मुताबिक पश्चिमी मध्य प्रदेश और गुजरात में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है. इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और भोपाल में गर्म हवाएं चलने और तेज गर्मी पड़ने की संभावना है. वहीं, गुजरात में अहमदाबाद और कच्छ इलाके में भी भीषण गर्मी पड़ सकती है. 11 से 14 मई के बीच पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.

वेंकटेश कुमार
नोएडा | Updated On: 11 May, 2026 | 07:16 AM

Rain Alert UP: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अलर्ट जारी किया है. उसने कहा है कि 24 घंटे के अंदर दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज गरज-चमक के साथ आंधी और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. इससे लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

IMD के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली और एनसीआर के इलाके जैसे नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में सोमवार तक मौसम बदल सकता है. इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और करीब 60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. बारिश की वजह से शाम के तापमान में हल्की गिरावट आएगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से कुछ राहत मिलेगी.

आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ बारिश

IMD के मौसम अलर्ट के मुताबिक, 11 से 14 मई के बीच पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. लखनऊ, कानपुर, मेरठ, बरेली, प्रयागराज और वाराणसी जैसे जिलों में इस दौरान तेज हवाओं, आंधी-तूफान और गरज-चमक  के साथ बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने किसानों और खुले खेतों में काम करने वाले लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है, क्योंकि इस दौरान बिजली गिरने और तेज तूफान का खतरा बना रह सकता है.

हरियाणा के कई जिलों में धूल भरी आंधी

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के असर से पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में धूल भरी आंधी, बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है. चंडीगढ़ और उसके आसपास के इलाकों में 11 से 13 मई के बीच तेज हवाओं के साथ तूफानी मौसम देखने को मिल सकता है. IMD ने राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों जैसे जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और जोधपुर में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा पहुंच सकता है.

बादल छाए रहने की संभावना

हालांकि पूर्वी राजस्थान में मौसम थोड़ा अलग रहेगा और वहां बादल छाए रहने की संभावना है. IMD के मुताबिक पश्चिमी मध्य प्रदेश और गुजरात में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है. इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और भोपाल में गर्म हवाएं चलने और तेज गर्मी पड़ने की संभावना है. वहीं, गुजरात में अहमदाबाद और कच्छ इलाके में भी भीषण गर्मी पड़ सकती है, हालांकि कुछ जगहों पर शाम के समय बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना भी जताई गई है.

कर्नाटक और आंध्र प्रदेश कैसा रहेगा मौसम

IMD के अनुसार दक्षिण भारत के कई हिस्सों जैसे तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है. तमिलनाडु और केरल में तेज हवाओं, बिजली कड़कने और बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे इस दौरान समुद्र में न जाएं, क्योंकि मौसम खराब और खतरनाक रह सकता है.

जम्मू-कश्मीर में भी होगी बारिश

वहीं, मौसम एक्सपर्ट एसएन पांडेय ने किसान इंडिया से कहा कि 24 घंटे के अंदर जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश, आंधी और बर्फबारी  की गतिविधियां तेज हो सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंडक बढ़ेगी. वहीं मैदानी राज्यों जैसे हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदलने के आसार हैं. इन इलाकों में तेज धूल भरी आंधी के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान बिजली गिरने और ओले पड़ने का खतरा भी बना रह सकता है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. मौसम एजेंसी स्काइमेट के अनुसार अगले कुछ दिनों तक ऐसा मौसम बना रह सकता है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 11 May, 2026 | 07:11 AM
ज्ञान का सम्मान क्विज

मध्य प्रदेश के किस वैरायटी के गेहूं को जीआई टैग मिला है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
धान (चावल)
विजेताओं के नाम
संजीव कुमार, रेवाड़ी, हरियाणा

लेटेस्ट न्यूज़