यूपी, राजस्थान- बिहार समेत कई राज्यों में बिगड़ेगा मौसम, तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी

17 मार्च को पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और झारखंड के कुछ हिस्सों में भी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह और केरल में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर तेज बारिश होने की संभावना है.

नई दिल्ली | Published: 17 Mar, 2026 | 07:02 AM

Today weather: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 17 मार्च के आसपास कई राज्यों में बादल, बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. मौसम में इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ और अलग-अलग क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण को बताया जा रहा है. स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से लगभग 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. इसके अलावा हरियाणा और राजस्थान के ऊपर भी एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है. इन सिस्टमों के कारण उत्तर भारत से लेकर पूर्व और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना जताई गई है.

दिल्ली में बादल और बारिश के आसार

राजधानी दिल्ली में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम थोड़ा बदला हुआ रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार 19 मार्च तक दिल्ली में बादल छाए रहने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 14 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है.

विशेष रूप से 18 मार्च को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है. इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मौसम में आए इस बदलाव से राजधानी के लोगों को हल्की गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

उत्तर प्रदेश में भी बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक 17 मार्च को उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई है.

पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. तेज हवाओं और बादलों के कारण दिन के तापमान में थोड़ी कमी दर्ज हो सकती है. इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.

उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के लिए भी विशेष एडवाइजरी जारी की है. इसके अनुसार हिमाचल प्रदेश में 17 से 19 मार्च के बीच कई जगहों पर बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है.

वहीं उत्तराखंड में 19 और 20 मार्च को मौसम बदलने के संकेत हैं. जबकि 18 मार्च को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में भी कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. इन इलाकों में मौसम के अचानक बदलने से ठंड का असर भी बढ़ सकता है.

राजस्थान में आंधी और बारिश की संभावना

राजस्थान में पिछले कुछ दिनों में मौसम में हल्का बदलाव देखा गया है. राज्य के कई जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है.

मौसम विभाग का कहना है कि इस सप्ताह एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा. इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश देखने को मिल सकती है. हालांकि 17 मार्च को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है.

इसके बाद 18 से 21 मार्च के बीच एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. इसके कारण कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है और बारिश भी हो सकती है.

18 मार्च को जोधपुर और बीकानेर संभागों में हल्की बारिश और आंधी की संभावना है. वहीं 19 और 20 मार्च को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभागों के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. इससे गर्मी में थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

बिहार में आंधी-बारिश और ठनका गिरने की चेतावनी

बिहार में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य में पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा. इसके कारण पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, पटना, किशनगंज, मधेपुरा, कटिहार, भागलपुर, सहरसा, खगड़िया, बांका, जमुई, शिवहर, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, मुंगेर, बेगूसराय, लखीसराय, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, गया और जहानाबाद जैसे जिलों में मौसम बदल सकता है.

इन क्षेत्रों में आंधी, बारिश और ठनका गिरने की चेतावनी दी गई है. तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. बादलों की गरज के साथ बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा. मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है.

पंजाब में बारिश से ठंडा हुआ मौसम

पंजाब के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई है, जिससे मौसम थोड़ा ठंडा हो गया है. पठानकोट में 14 मिमी और रूपनगर में 9.5 मिमी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा होशियारपुर और अमृतसर में भी हल्की बारिश हुई है, जिससे तापमान में गिरावट देखी गई.

देश के अन्य हिस्सों में भी बारिश की संभावना

स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के अनुसार पश्चिमी हिमालय के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है. वहीं पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है.

17 मार्च को पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और झारखंड के कुछ हिस्सों में भी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह और केरल में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर तेज बारिश होने की संभावना है. वहीं दक्षिण तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है.

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बदलते मौसम के कारण अगले कुछ दिनों तक देश के कई राज्यों में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा. हालांकि बारिश और तेज हवाओं से कई इलाकों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

Topics: