किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ेगी, राजस्थान सरकार रकम दोगुना करने पर विचार कर रही

CM Kisan Samman Yojana : मुख्यमंत्री ने कहा कि 100 साल पुरानी गंग नहर प्रणाली के आधुनिकीकरण और नहरों की कंक्रीट लाइनिंग के लिए लगभग 1,717 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है. उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन की अवधि को वर्ष 2028 तक बढ़ा दिया गया है. उन्होंने मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि को लेकर भी बड़ी बात कही है.

नोएडा | Updated On: 6 Feb, 2026 | 12:23 PM

केंद्र सरकार देशभर के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के रूप में सालाना 6 हजार रुपये दे रही है. वहीं, राजस्थान सरकार भी मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के रूप में किसानों को सालाना 3 हजार रुपये दे रही है. मुख्यमंत्री ने कहा है कि उनकी सरकार इस राशि को बढ़ाने की योजना पर काम कर रही है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए कहा कि राज्य के किसानों को कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनमें वित्तीय मदद प्रमुख रूप से दी जा रही है.

अर्थव्यवस्था में सुधार और राजस्व घाटा कम होने का दावा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार के प्रयासों से पिछले दो वर्षों में राज्य कर अर्थव्यवस्था में सुधार हुआ है और प्रदेश के आर्थिक प्रबंधन और स्वास्थ्य क्षेत्र के नवाचारों की सराहना केंद्र सरकार के आर्थिक सर्वेक्षण में भी की गई है. मुख्यमंत्री गुरुवार को विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई बहस का जवाब दे रहे थे. उन्होंने कहा कि प्रदेश के राजस्व घाटे में लगातार कमी आ रही है.

महंगाई दर सबसे कम होने का दावा

मुख्यमंत्री ने विधानसभा में बताया कि राज्य में महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण किया गया है. वर्ष 2023-24 में महंगाई दर 6.39 फीसदी थी, जो 2024-25 में घटकर 4.3 फीसदी आ गई और 2025-26 में घटकर मात्र 0.1 फीसदी रह गई है. उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार ने पिछली सरकार की तुलना में केंद्र से अधिक पूंजीगत सहायता हासिल की है.

सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने को खर्च होंगे 1717 करोड़

सीएम ने कहा कि राजस्थान 11 जनकल्याणकारी योजनाओं में देश में पहले स्थान पर और पांच योजनाओं में दूसरे स्थान पर रहा है. उन्होंने बताया कि राज्य ने दो आयामों पर बेस्ट परफॉर्मर स्टेट का खिताब भी हासिल किया है. नहर सिंचाई व्यवस्था की मजबूती पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 100 साल पुरानी गंग नहर प्रणाली के आधुनिकीकरण और नहरों की कंक्रीट लाइनिंग के लिए लगभग 1,717 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है. उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन की अवधि को वर्ष 2028 तक बढ़ा दिया गया है.

किसान सम्मान निधि की राशि दोगुना करने का टारगेट

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकार ने दो साल में किसान सम्मान निधि को डेढ़ गुना कर दिया है और आने वाले समय में इसे दोगुना करने का लक्ष्य है. बता दें कि राज्य सरकार पहले अपने किसानों को मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के जरिए सालाना 2 हजार रुपये दे रही थी, जिसे बढ़ाकर 3 हजार रुपये किया गया था. अब मुख्यमंत्री ने योजना की राशि बढ़ाने की बात कही है, जिससे राज्य के किसानों को बहुत लाभ होने वाला है.

सीएम किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाई जाएगी.

सीएम किसान सम्मान निधि से सालाना 9 हजार रुपये पा रहे किसान

बता दें कि केंद्र सरकार की ओर से किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के रूप में सालाना 6 हजार रुपये दिए जाते हैं. मध्य प्रदेश, ओडिशा समेत कुछ अन्य राज्य मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के रूप में अपने बजट से किसानों को सालाना 3 हजार रुपये दे रहे हैं. बीते दिनों बिहार सरकार ने बजट में घोषणा करते हुए जननायक कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि के रूप में किसानों को 3 हजार रुपये देने की घोषणा की है. इस तरह से किसानों को सालाना 9 हजार रुपये मिल रहे हैं.

Published: 6 Feb, 2026 | 12:20 PM

Topics: