सब्जी उगाकर लाखों कमा रहे किसान दीप चंद्र पांडे, नई तकनीक अपनाकर पेश की सफल खेती की मिसाल
Success Farmers Deep Chndra Pandey: प्रगतिशील किसान दीप चंद्र पांडे आधुनिक खेती से सब्जी उत्पादन कर सालाना दो लाख रुपये से अधिक की कमाई कर पा रहे हैं. पारंपरिक खेती के साथ नई तकनीकों को अपनाकर उन्होंने गांव में सफल खेती की मिसाल पेश की है.
उत्तराखंड के युवा किसान ने खेती में आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करके उत्पादन बढ़ाने के साथ ही कमाई बढ़ाने में सफलता पाई है. बागेश्वर के प्रगतिशील किसान दीप चंद्र पांडे ने आधुनिक खेती को अपनाया है और इसके लिए उन्होंने उद्यान विभाग से ट्रेनिंग और सहयोग लिया है. इसके बाद वह सब्जी की खेती से सालाना दो लाख रुपये से अधिक की कमाई कर पा रहे हैं.
पिता को खेती के लिए मिला था राज्यपाल पुरस्कार, अब परंपरा बढ़ा रहे दीप
उत्तराखंड में बागेश्वर जिले के जौलगांव के प्रगतिशील किसान दीप चंद्र पांडे आधुनिक खेती से सब्जी उत्पादन कर सालाना दो लाख रुपये से अधिक की कमाई कर पा रहे हैं. पारंपरिक खेती के साथ नई तकनीकों को अपनाकर उन्होंने गांव में सफल खेती की मिसाल पेश की है. खास बात यह है कि उनके पिता शिवदत्त पांडे को कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्यपाल पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है. अपने पिता की विरासत को अब वह आगे बढ़ा रहे हैं.
गांव के लोगों को रोजगार भी दे रहे
दीप चंद्र पांडे ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह अपने खेतों में मुख्य रूप से मटर और पांगर की खेती करते हैं, जिससे उन्हें अच्छी आमदनी हो रही है. उनके अनुसार केवल मटर और पांगर से ही वह सालाना दो लाख रुपये से अधिक की आय प्राप्त कर लेते हैं. खेती के माध्यम से वह न केवल अपनी आजीविका चला रहे हैं, बल्कि गांव के चार से पांच लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं.
- Agriculture Budget: कृषि योजनाओं के लिए नहीं बढ़ा बजट, खेती पर खर्च होंगे 1.62 लाख करोड़ रुपये.. पढ़ें डिटेल्स
- Budget 2026: ‘विकसित भारत’ का दावा या जनता को धोखा? बजट पेश होते ही ममता से अखिलेश तक भड़के विपक्षी नेता!
- बजट में रिफॉर्म्स पर फोकस.. ग्रामीण विकास समेत इन सेक्टर्स को बूस्ट देने की घोषणाएं, पढ़ें- कृषि मंत्री ने क्या कहा
सब्जियों की खेती करने की पारिवारिक परंपरा बढ़ा रहे दीप
दीप चंद्र पांडे बताते हैं कि उनके खेतों में मटर का लगभग 5 क्विंटल और पांगर का करीब 15 क्विंटल उत्पादन होता है. इसके अलावा वह बंद गोभी, बैंगन, फूल गोभी, टमाटर, शिमला मिर्च, केल, लाई और कद्दू वर्गीय फसलों का भी उत्पादन कर रहे हैं. उनका कहना है कि खेती उनका पैतृक पेशा है और वह अपने पूर्वजों की इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं.
किसान दीप चंद्र पांडेय अपने खेत में (ऊपर). और उद्यान विभाग बागेश्वरके सहायक विकास अधिकारी कमल पंत (नीचे).
युवाओं के लिए प्रेरणा बने दीप चंद्र पांडेय
उद्यान विभाग के सहायक विकास अधिकारी कमल पंत का कहना है कि दीप चंद्र पांडे क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों में से एक हैं और लगातार आधुनिक तकनीकों को अपनाकर खेती में बेहतर कार्य कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि मटर और पांगर की खेती से ही दीप चंद्र पांडे सालाना दो लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित कर रहे हैं. इसके साथ ही अन्य सब्जियों का उत्पादन कर वे क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणा बने हुए हैं और उन्हें लोग चैंपियन किसान भी कहने लगे हैं.