गमले में चेरी टमाटर की खेती ऐसे करें, एक पौधे से मिल सकते हैं 4 किलो तक टमाटर
कई लोगों को लगता है कि टमाटर की खेती केवल खेतों में ही संभव है, लेकिन ऐसा नहीं है. अगर सही तरीके से पौधे लगाए जाएं तो गमले में भी चेरी टमाटर की अच्छी पैदावार मिल सकती है. चेरी टमाटर का पौधा ज्यादा जगह नहीं घेरता और इसे छोटे से स्थान पर भी उगाया जा सकता है.
Cherry tomato farming: आजकल कई लोग अपने घर की छत, बालकनी या छोटे से आंगन में ही सब्जियां उगाने लगे हैं. इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि बाजार में मिलने वाली सब्जियों में अक्सर रसायनों का उपयोग किया जाता है और उनकी कीमत भी ज्यादा होती है. ऐसे में लोग ताजी और सुरक्षित सब्जियां पाने के लिए घर पर ही खेती करने की कोशिश कर रहे हैं.
इन्हीं सब्जियों में चेरी टमाटर भी काफी लोकप्रिय हो गया है. यह आकार में सामान्य टमाटर से छोटा होता है, लेकिन स्वाद में थोड़ा ज्यादा खट्टा और पोषण से भरपूर होता है. सलाद, सूप, सॉस और कई तरह की डिश में इसका इस्तेमाल किया जाता है. यही वजह है कि बाजार में इसकी मांग भी लगातार बढ़ रही है और इसकी कीमत भी सामान्य टमाटर से अधिक होती है.
खास बात यह है कि चेरी टमाटर को बड़े खेत की जरूरत नहीं होती. इसे आसानी से गमले में भी उगाया जा सकता है और थोड़ी देखभाल के साथ अच्छा उत्पादन भी मिल सकता है. तो चलिए जानते हैं कैसे इसे आप अपनी बगीचे में लगा सकते हैं.
गमले में भी उग सकता है चेरी टमाटर
कई लोगों को लगता है कि टमाटर की खेती केवल खेतों में ही संभव है, लेकिन ऐसा नहीं है. अगर सही तरीके से पौधे लगाए जाएं तो गमले में भी चेरी टमाटर की अच्छी पैदावार मिल सकती है. चेरी टमाटर का पौधा ज्यादा जगह नहीं घेरता और इसे छोटे से स्थान पर भी उगाया जा सकता है. इसलिए शहरी इलाकों में रहने वाले लोग भी इसे आसानी से अपने घर में उगा सकते हैं.
गमले का सही चुनाव जरूरी
चेरी टमाटर उगाने के लिए सबसे पहले सही गमले का चुनाव करना जरूरी होता है. इसके लिए थोड़ा बड़ा और गहरा गमला चुनना चाहिए ताकि पौधे की जड़ें अच्छी तरह फैल सकें. गमले के नीचे पानी निकलने के लिए छेद होना भी जरूरी है. अगर पानी की निकासी नहीं होगी तो मिट्टी में ज्यादा नमी जमा हो जाएगी और पौधे खराब हो सकते हैं.
मिट्टी और खाद का सही मिश्रण
अच्छी पैदावार के लिए मिट्टी का सही मिश्रण बहुत जरूरी होता है. चेरी टमाटर के पौधे के लिए बलुई दोमट मिट्टी सबसे उपयुक्त मानी जाती है. मिट्टी में गोबर की खाद या कंपोस्ट मिलाने से पौधे को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं और पौधा तेजी से बढ़ता है. जैविक खाद का उपयोग करने से टमाटर की गुणवत्ता भी बेहतर होती है.
धूप और पानी का रखें खास ध्यान
चेरी टमाटर के पौधों को अच्छी तरह बढ़ने के लिए भरपूर धूप की जरूरत होती है. इसलिए गमले को ऐसी जगह रखना चाहिए जहां रोजाना 6 से 8 घंटे तक धूप मिल सके. पानी भी संतुलित मात्रा में देना चाहिए. बहुत ज्यादा पानी देने से जड़ें खराब हो सकती हैं और पौधा कमजोर हो सकता है. इसलिए जरूरत के अनुसार ही सिंचाई करना बेहतर रहता है.
पौधे की देखभाल से बढ़ेगा उत्पादन
अगर पौधे की नियमित देखभाल की जाए तो गमले में भी अच्छी पैदावार मिल सकती है. समय-समय पर पौधे को सहारा देना, सूखी पत्तियां हटाना और जैविक खाद देना जरूरी होता है. सही देखभाल से पौधे स्वस्थ रहते हैं और ज्यादा फल देते हैं.
एक पौधे से मिल सकता है अच्छा उत्पादन
चेरी टमाटर का पौधा छोटा जरूर होता है, लेकिन इसका उत्पादन काफी अच्छा हो सकता है. एक पौधे से करीब 9 से 10 गुच्छे टमाटर मिल सकते हैं. एक गुच्छे में कई छोटे टमाटर लगते हैं और एक टमाटर का वजन लगभग 7 से 8 ग्राम तक हो सकता है. इस तरह एक ही पौधे से औसतन 3.5 से 4 किलो तक चेरी टमाटर प्राप्त किए जा सकते हैं. अगर पौधों की अच्छी देखभाल की जाए तो उत्पादन इससे भी ज्यादा हो सकता है.