खाद कालाबाजारी पर 6 विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त, टैगिंग और ओवर प्राइसिंग कर कार्रवाई

Fertilizer Supply: कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों से शिकायतें मिल रही हैं कि खाद समय पर उपलब्ध नहीं कराई जा रही है. विक्रेताओं की ओर से मनमानी तरीके से दुकाने असमय खोली और बंद की जा रही हैं. इससे किसानों को बिना खाद के घर लौटना पड़ता है. वहीं, कुछ किसानों ने खाद बैग के साथ टैग उत्पाद दिए जाने की शिकायत की है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 4 Aug, 2026 | 07:06 PM

उर्वरक की जमाखोरी और कालाबाजारी पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत छापेमारी के दौरान अनियमितताएं पाई गई हैं. बिहार के मोतिहारी में खाद बिक्री को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद कृषि अधिकारियों ने छापेमारी अभियान चलाया है. इस दौरान 6 विक्रेताओं के यहां गड़बड़ियां पाई जाने पर उनके लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं. वहीं, एक दर्जन से ज्यादा विक्रेताओं को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है.

बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा के निर्देश पर मोतिहारी समेत कई जिलों में खाद वितरण में लापरवाही को लेकर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. कृषि निदेशक की ओर से मोतिहारी में उर्वरक एवं बीज प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया. इस क्रम में उर्वरक की कालाबाजारी, जमाखोरी और निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री के खिलाफ कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है.

6 उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित

संयुक्त कृषि भवन मोतिहारी में कृषि निदेशक बिहार मुकेश कुमार लाल की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक के बाद अधिकारियों ने जिले के विभिन्न उर्वरक एवं बीज प्रतिष्ठानों पर संयुक्त टीम व उड़दस्ता दल ने अलग-अलग जगह पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान 6 उर्वरक प्रतिष्ठानों तथा एक बीज विक्रेता एवं कीटनाशी प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया, जबकि कई अन्य दुकानों से स्पष्टीकरण मांगा गया.

सघन छापेमारी अभियान जारी रखने का निर्देश

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा की ओर से सख्त निदेश दिया गया कि जीरो टॉलरेंस नीति के तह्त तत्काल प्रभाव से जिला कृषि पदाधिकारी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) को मुख्यालय, पटना में योगदान करने का निदेश दिया गया. सहायक निदेशक (शस्य) मृणाल शास्त्री को जिला कृषि पदाधिकारी मोतिहारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. मंत्री ने अधिकारियों को जिले में नियमित एवं सघन छापेमारी अभियान जारी रखने का निर्देश दिया है, ताकि किसानों को निर्धारित मूल्य पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हो सके तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी या अधिक मूल्य पर बिक्री को प्रभावी ढंग से रोका जा सके.

टैगिंग और ओवर प्राइसिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी- कृषि मंत्री

कृषि मंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसानों की ओर से शिकायतें मिल रही हैं कि खाद समय पर उपलब्ध नहीं कराई जा रही है. विक्रेताओं की ओर से मनमानी तरीके से दुकाने खोली और बंद की जा रही हैं. इससे किसानों को बिना खाद के घर लौटना पड़ता है. वहीं, कुछ किसानों ने खाद बैग के साथ टैग उत्पाद दिए जाने की शिकायत की है. उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा उर्वरक वितरण में अनियमितता करने वाले व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 4 Aug, 2026 | 07:06 PM

लेटेस्ट न्यूज़