अब मौसम दिखाएगा अपना असली रूप, भीषण गर्मी और लू का अलर्ट.. 40 डिग्री के पार जाएगा तापमान

उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अब गर्मी तेजी से बढ़ने वाली है. बारिश और ओलों  के बाद अब तापमान फिर से चढ़ने लगा है. उत्तर प्रदेश में तापमान 40°C के पार जा सकता है और दिन में लू चलने की भी संभावना है. मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, बरेली, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और देवरिया जैसे कई शहरों में गर्मी का असर साफ दिखेगा.

नोएडा | Published: 12 Apr, 2026 | 07:43 AM

देश का मौसम अलग-अलग हिस्सों में अलग रूप दिखा रहा है. उत्तर और पश्चिम भारत में गर्मी तेजी से बढ़ रही है और कई जगहों पर गर्म हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं. इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि 13 अप्रैल से तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, यानी दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म होने लगेंगी. मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, यूपी, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन इसका सीधा मतलब है कि अब गर्मी तेज होने वाली है और लोगों को इसके लिए तैयार रहना होगा.

मौसम विशेषज्ञ एसएन पांडेय ने किसान इंडिया से बात करते हुए कहा कि अब पूरे देश में मौसम तेजी से बदलने वाला है. फिलहाल ऐसा कोई बड़ा मौसमी सिस्टम नहीं दिख रहा है जिससे बारिश, ओलावृष्टि या तेज मौसम गतिविधियां हों. इसलिए अब लोगों को बढ़ती गर्मी के लिए तैयार रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि अभी जो ठंडी हवाएं पहाड़ों से आ रही हैं, कुछ दिनों में उनकी जगह राजस्थान के थार मरुस्थल और पाकिस्तान के गर्म इलाकों से आने वाली गर्म हवाएं ले लेंगी, जिससे तापमान तेजी से बढ़ेगा और हीटवेव का खतरा भी बढ़ सकता है.

क्या कहते हैं मौसम विशेषज्ञ

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है. किसानों के लिए सलाह है कि वे अपनी तैयार गेहूं की फसल को जल्दी काटकर उसकी थ्रेशिंग कर लें और अनाज को सुरक्षित जगह पर रख दें. ध्यान रखें कि अनाज को अच्छी तरह सुखा लें ताकि उसमें नमी 5-10 फीसदी से ज्यादा न रहे, क्योंकि ज्यादा नमी से अनाज में खराबी और बीमारियां लग सकती हैं. फिलहाल एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय है, जिसका असर पहाड़ी इलाकों में देखने को मिल रहा है.

यूपी-राजस्थान में 40 डिग्री के पार जाएगा तापमान

मौसम विशेषज्ञ एसएन पांडेय के मुताबिक, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अब गर्मी तेजी से बढ़ने वाली है. बारिश और ओलों  के बाद अब तापमान फिर से चढ़ने लगा है. उत्तर प्रदेश में तापमान 40°C के पार जा सकता है और दिन में लू चलने की भी संभावना है. मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, बरेली, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और देवरिया जैसे कई शहरों में गर्मी का असर साफ दिखेगा. वहीं राजस्थान में भी तापमान 40°C से ऊपर जाने वाला है और रात का तापमान भी बढ़कर करीब 25°C तक पहुंच रहा है, जिससे दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी महसूस होगी.

दिल्ली में गर्मी बढ़ने की संभावना

दिल्ली की बात करें तो आज मौसम साफ रहेगा और दिनभर 15-20 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. अधिकतम तापमान 35-37°C और न्यूनतम 18-20°C के बीच रहेगा. 13 अप्रैल से तापमान बढ़ना शुरू होगा और 13 से 17 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान 41°C तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहेगा. इस दौरान आसमान साफ रहेगा और दिन में गर्मी ज्यादा परेशान कर सकती है. खासकर मध्य और उत्तर-पश्चिम क्षेत्रों में. वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में मौसम ठंडा बना हुआ है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है. कुल मिलाकर, आने वाले दिनों में कई शहरों में तापमान और बढ़ने की संभावना है.

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में आज मौसम बादलों से घिरा रह सकता है और कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है. ऊंचाई वाले इलाकों, खासकर कश्मीर के ऊपरी हिस्सों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है. श्रीनगर में तापमान काफी कम बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान लगभग 1°C और अधिकतम तापमान करीब 8°C रहने की उम्मीद है. ठंडी हवाओं और बादलों की वजह से यहां का मौसम मैदानों की तुलना में काफी ज्यादा ठंडा महसूस होगा. वहीं, पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके साथ 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान भी आ सकते हैं. बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी की वजह से ये प्री-मॉनसून बारिश हो रही है.

 

 

Topics: