Weather Updates: देश के कई राज्यों में आज बारिश हो सकती है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 5 अप्रैल के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. उसने कहा है कि कई राज्यों में आज बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है. वहीं मैदानी और तटीय क्षेत्रों में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ रही है. उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय है, जबकि दक्षिण और पश्चिम भारत में मौसम गर्म और उमस भरा बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, हिमालयी क्षेत्रों में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है. इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों में बारिश और तूफान आ सकता है. इसका असर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलेगा, जहां आज आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मध्य प्रदेश के कुछ जिलों- छतरपुर, सागर, टीकमगढ़ और विदिशा के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में तेज आंधी, बिजली गिरने, करीब 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां गरज-चमक, तेज हवाएं और मध्यम बारिश हो सकती है. लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
कई मौसमी सिस्टम एक साथ सक्रिय हैं
मौसम विशेषज्ञ एसएन पांडेय ने किसान इंडिया से कहा कि में इस समय ट्रफ लाइन और कई मौसमी सिस्टम एक साथ सक्रिय हैं. इसी वजह से गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर भारत और पहाड़ी इलाकों में बारिश, गरज-चमक और बर्फबारी देखने को मिल रही है. उन्होंने खास तौर पर पहाड़ों की यात्रा करने वाले लोगों को सलाह दी है कि वे पहले मौसम का पूर्वानुमान जरूर देखें, क्योंकि बर्फबारी और खराब मौसम के कारण सड़कें बंद हो सकती हैं और तेज हवाओं के साथ बारिश यात्रा के दौरान खतरा बढ़ा सकती है.
- ब्लैक थ्रिप्स से आम की फसल प्रभावित.. उत्पादन कम होने से कीमतों में बढ़ोतरी, 23000 रुपये क्विंटल रेट
- देश में 180 लाख टन से ज्यादा है खाद का स्टॉक, खरीफ सीजन में उर्वरक आपूर्ति को लेकर केंद्र ने बनाई रणनीति
- सरसों के उत्पादन में 3.64 फीसदी की बढ़ोतरी, राजस्थान पहले स्थान पर.. जानें MP, यूपी, हरियाणा का हाल
छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई
उन्होंने बताया कि इस हफ्ते उत्तर-पश्चिम भारत में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेंगे, जिनका असर 7 अप्रैल को ज्यादा देखने को मिल सकता है. इस दौरान कश्मीर घाटी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है. वहीं 7 अप्रैल तक मध्य और प्रायद्वीपीय भारत में भी गरज-चमक और बिजली के साथ बारिश हो सकती है. इसके अलावा 3 अप्रैल को मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ इलाकों में तथा 4 अप्रैल को पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है.
पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
वहीं, IMD ने कहा है कि उत्तर भारत के पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में आज आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. बीच-बीच में हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ तूफान आने की संभावना है. इस बदलते मौसम से बढ़ती गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है और तेज गर्मी की शुरुआत कुछ समय के लिए टल सकती है. दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है. हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ तूफान की संभावना है. दिन का तापमान करीब 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि रात का तापमान 17 से 19 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है. तेज हवाएं और हल्की गरज-चमक की वजह से तापमान सामान्य से थोड़ा कम रह सकता है.
आसमान में हल्के बादल रहेंगे
आईएडी का कहना है कि चेन्नई में आज मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा, जो इस समय आम बात है. दिन का तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. आसमान में हल्के बादल रहेंगे और आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक हो सकती है. इसी तरह मुंबई में आज मौसम गर्म और उमस भरा बना रहेगा. आसमान ज्यादातर साफ या हल्के बादलों वाला रहेगा. तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, लेकिन ज्यादा नमी के कारण गर्मी ज्यादा महसूस होगी.
राजस्थान में आज रहेगा मिला-जुला मौसम
राजस्थान में आज मिला-जुला मौसम देखने को मिल सकता है. पश्चिमी इलाकों में गर्मी और सूखा मौसम बना रहेगा, जबकि पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश या गरज-चमक हो सकती है. तापमान 33 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. जम्मू-कश्मीर मौसम में ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम बदल सकता है. यह बदलाव सक्रिय मौसम सिस्टम के कारण देखने को मिल रहा है.