रबी सीजन में बंपर गेहूं उत्पादन, 12 करोड़ टन के पार पहुंचा आंकड़ा.. जानें किस राज्य में कितनी हुई पैदावार

बिहार में इस बार गेहूं उत्पादन घटकर 69 लाख टन रह गया, जबकि पिछले साल यह 71.8 लाख टन था. दूसरी ओर, गुजरात में उत्पादन बढ़कर 46.1 लाख टन पहुंच गया, जो पिछले साल के 38.6 लाख टन से काफी अधिक है. वहीं, महाराष्ट्र में भी गेहूं उत्पादन में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. राज्य ने 23.8 लाख टन गेहूं का उत्पादन किया है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 9 Jun, 2026 | 07:28 AM

Wheat Production: देश ने रबी सीजन 2025-26 में गेहूं उत्पादन का नया रिकॉर्ड बनाया है. कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के तीसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार, इस सीजन में कुल 12.06 करोड़ टन (120.65 मिलियन टन) गेहूं उत्पादन हुआ है. यह पिछले वर्ष के 11.79 करोड़ टन (117.94 मिलियन टन) उत्पादन से करीब 27 लाख टन अधिक है. मंत्रालय ने कहा कि कुछ क्षेत्रों में मौसम संबंधी चुनौतियों के बावजूद उत्पादन में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. खासतौर पर गेहूं की खेती 336 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में की गई, जिससे रिकॉर्ड उत्पादन हासिल हुआ.

भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिकों का मानना है कि अधिक उपज देने वाली और जलवायु के अनुकूल  नई किस्मों ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. संस्थान के निदेशक डॉ. रतन तिवारी ने ‘द ट्रिब्यून’ को कहा कि उत्पादन सरकार के 12 करोड़ टन के लक्ष्य से भी अधिक रहा है. इससे देश न केवल खाद्यान्न के मामले में आत्मनिर्भर बना हुआ है, बल्कि निर्यात के लिए भी पर्याप्त मात्रा उपलब्ध हो सकती है. उन्होंने कहा कि कुछ इलाकों में मौसम की समस्याएं जरूर थीं, लेकिन जलवायु-लचीली और उच्च उपज वाली गेहूं किस्मों की बदौलत रिकॉर्ड उत्पादन हासिल करना संभव हुआ. हालांकि अंतिम उत्पादन अनुमान अभी आना बाकी है, लेकिन इसमें किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.

राज्य क्षेत्रफल (लाख हेक्टेयर) गेहूं उत्पादन 2025-26 (करोड़ टन) गेहूं उत्पादन 2024-25 (करोड़ टन)
उत्तर प्रदेश 96.13 3.59 3.56
मध्य प्रदेश 81.96 2.64 2.45
पंजाब 34.59 1.71 1.80
राजस्थान 33.54 1.22 1.13
हरियाणा 24.47 1.16 1.14
बिहार 0.69 0.72
गुजरात 0.46 0.39
महाराष्ट्र 0.24 0.23
उत्तराखंड 0.08 0.09

उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर रहा

रबी सीजन 2025-26 में गेहूं उत्पादन के मामले में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर रहा. राज्य ने 96.13 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की खेती कर 3.59 करोड़ टन (35.87 मिलियन टन) उत्पादन हासिल किया. यह पिछले साल के 3.56 करोड़ टन (35.65 मिलियन टन) उत्पादन से थोड़ा अधिक है. मध्य प्रदेश दूसरे स्थान पर रहा. यहां 81.96 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की खेती हुई और कुल 2.64 करोड़ टन (26.44 मिलियन टन) उत्पादन दर्ज किया गया.  पिछले वर्ष राज्य का उत्पादन 2.45 करोड़ टन (24.50 मिलियन टन) था, यानी इस बार अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है.

पंजाब ने किया अच्छा प्रदर्शन

वहीं, पंजाब 34.59 लाख हेक्टेयर क्षेत्र से 1.71 करोड़ टन (17.07 मिलियन टन) गेहूं उत्पादन के साथ देश में तीसरे स्थान पर रहा. हालांकि, यह पिछले साल के 1.80 करोड़ टन (17.99 मिलियन टन) उत्पादन से कम है. विशेषज्ञों का मानना है कि प्रतिकूल मौसम और कुछ क्षेत्रीय कारणों के चलते पंजाब में उत्पादन में गिरावट दर्ज की गई है.

राजस्थान- हरियाणा में गेहूं उत्पादन के आंकड़े

रबी सीजन 2025-26 में राजस्थान और हरियाणा में भी गेहूं उत्पादन बढ़ा है. राजस्थान ने 33.54 लाख हेक्टेयर क्षेत्र से 1.22 करोड़ टन (12.15 मिलियन टन) गेहूं का उत्पादन किया, जबकि पिछले साल यह 1.13 करोड़ टन (11.27 मिलियन टन) था. वहीं, हरियाणा में 24.47 लाख हेक्टेयर क्षेत्र से 1.16 करोड़ टन (11.64 मिलियन टन) गेहूं का उत्पादन हुआ, जो पिछले वर्ष के 1.14 करोड़ टन (11.40 मिलियन टन) से अधिक है.

बिहार में कम हो गया गेहूं उत्पादन

बिहार में इस बार गेहूं उत्पादन घटकर 69 लाख टन (6.9 मिलियन टन) रह गया, जबकि पिछले साल यह 71.8 लाख टन (7.18 मिलियन टन) था. दूसरी ओर, गुजरात में उत्पादन बढ़कर 46.1 लाख टन (4.61 मिलियन टन) पहुंच गया, जो पिछले साल के 38.6 लाख टन (3.86 मिलियन टन) से काफी अधिक है. वहीं, महाराष्ट्र में भी गेहूं उत्पादन में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. राज्य ने 23.8 लाख टन (2.38 मिलियन टन) गेहूं का उत्पादन किया, जबकि पिछले साल यह 22.8 लाख टन (2.28 मिलियन टन) था. वहीं, उत्तराखंड में उत्पादन मामूली रूप से घटकर 8.2 लाख टन (0.82 मिलियन टन) रह गया, जो पिछले वर्ष 8.5 लाख टन (0.85 मिलियन टन) था.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 9 Jun, 2026 | 07:25 AM

लेटेस्ट न्यूज़