पशुशाला बनाते समय ये गलती पड़ सकती है भारी! गलत व्यवस्था से फैल सकती हैं खतरनाक बीमारियां, जानें

Animal Husbandry: पशुशाला का सही लेआउट पशुओं को बीमारियों से बचाने में अहम भूमिका निभाता है. पशुओं के रहने की जगह, चारा भंडारण और कचरा निस्तारण को अलग रखने से संक्रमण का खतरा कम होता है. साथ ही पशुशाला में साफ-सफाई, सही ढलान और नियमित देखभाल से पशुधन स्वस्थ रहता है और पशुपालन अधिक सुरक्षित व लाभदायक बनता है.

नोएडा | Published: 8 Mar, 2026 | 11:14 AM

Dairy Farming Tips: पशुपालन एक लाभदायक व्यवसाय बन सकता है, लेकिन इसके लिए पशुओं की सही देखभाल और साफ-सुथरा वातावरण बेहद जरूरी है. पशुशाला का लेआउट यानी उसका सही डिजाइन और व्यवस्था यह तय करता है कि पशु स्वस्थ रहेंगे या बीमार पड़ेंगे. पशुपालन विभाग (Department of Animal Husbandry) के अनुसार, अगर पशुशाला में साफ-सफाई की सही व्यवस्था नहीं होती, तो संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि पशुशाला को इस तरह बनाया जाए कि पशुओं के रहने की जगह, चारा रखने की जगह और कचरा निस्तारण की व्यवस्था अलग-अलग हो. इससे आपके पशु सुरक्षित और स्वस्थ रहते हैं.

फार्म का लेआउट की भूमिका

पशुशाला का ढांचा और लेआउट यह तय करता है कि फार्म में बीमारियां फैलेंगी या नहीं. यदि पशुओं के रहने की जगह के आसपास गंदगी या कचरा जमा रहता है, तो बैक्टीरिया और कीटाणु तेजी से फैलते हैं. इससे पशुओं में कई तरह की बीमारियां हो सकती हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. इसलिए जरूरी है कि पशुओं के रहने की जगह को हमेशा साफ रखा जाए और गंदगी या कचरे को अलग स्थान पर रखा जाए.

चारा भंडारण की जगह रखें साफ

पशुओं के लिए चारा उनकी सेहत का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होता है. यदि चारा गंदगी या नमी के संपर्क में आ जाता है, तो उसमें फफूंद और बैक्टीरिया पैदा हो सकते हैं. इससे पशुओं को बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए चारा भंडारण की जगह को हमेशा पशुओं के रहने की जगह से अलग और साफ-सुथरा रखना चाहिए. साथ ही चारे को सूखी और हवादार जगह पर रखना बेहतर माना जाता है.

कचरा और मृत पशुओं का सही निपटान

पशुशाला में कचरे और गंदगी को सही तरीके से हटाना बहुत जरूरी होता है. अगर गोबर, कचरा या मृत पशु खुले में पड़े रहते हैं, तो वहां जल्दी कीटाणु पनपने लगते हैं. इससे बीमारियां फैल सकती हैं और बाकी पशु भी बीमार हो सकते हैं. इसलिए पशुशाला में कचरा फेंकने की अलग जगह होनी चाहिए. मृत पशुओं और दूसरे जैविक कचरे को भी सही तरीके से गड्ढे में दबाकर या सुरक्षित तरीके से नष्ट करना चाहिए. ऐसा करने से पशुशाला साफ रहती है, पशु स्वस्थ रहते हैं और फार्म का माहौल भी सुरक्षित बना रहता है.

जमीन की सही ढलान

पशुशाला में पानी जमा होना भी कई समस्याओं को जन्म दे सकता है. पानी जमा रहने से कीचड़ बनता है, जिससे कीटाणु पनपने लगते हैं. इससे पशुओं के खुर और त्वचा से जुड़ी बीमारियां हो सकती हैं. इसलिए पशुशाला बनाते समय जमीन की सही ढलान रखना जरूरी है, ताकि पानी आसानी से बाहर निकल सके और परिसर साफ बना रहे.

साफ और व्यवस्थित फार्म ही सुरक्षित फार्म

विशेषज्ञों का मानना है कि साफ-सुथरा और व्यवस्थित फार्म ही सुरक्षित फार्म होता है. यदि पशुशाला का लेआउट सही तरीके से बनाया जाए और नियमित सफाई रखी जाए, तो पशुओं की सेहत बेहतर रहती है और उत्पादन भी बढ़ता है. इसके अलावा उपचार, टीकाकरण, कीटाणुशोधन और चारा-आहार से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए हमेशा पशु चिकित्सक की सलाह लेना जरूरी है. सही मार्गदर्शन और उचित व्यवस्था से पशुपालन को अधिक सुरक्षित और लाभदायक बनाया जा सकता है.

Topics: