बार-बार गाभिन नहीं हो रहा पशु? बांझपन के कारण और बचाव जानकर बढ़ाएं दूध उत्पादन और मुनाफा
दूधारू पशुओं में बांझपन की समस्या अक्सर पोषण की कमी, हार्मोन गड़बड़ी और हीट पहचान में चूक से बढ़ती है. समय पर संकेत समझकर सही आहार, मिनरल्स और पशु चिकित्सक की सलाह लेने से गर्भधारण की संभावना बढ़ती है, दूध उत्पादन सुधरता है और पशुपालकों का आर्थिक नुकसान भी कम होता है.
Dairy Animal Health: दूध देने वाले पशुओं की अच्छी सेहत ही पशुपालक की कमाई की असली ताकत होती है. लेकिन कई बार पशु बार-बार गाभिन नहीं होता, हीट में आने के बाद भी गर्भ नहीं ठहरता या बच्चा देने के बाद दोबारा लंबे समय तक प्रेग्नेंट नहीं होता. यही समस्या धीरे-धीरे बांझपन का रूप ले लेती है. बिहार पशुपालन विभाग के अनुसार, यह केवल एक बीमारी नहीं बल्कि पोषण, हार्मोन और देखभाल से जुड़ी कई वजहों का नतीजा है. अगर समय रहते इसके संकेत पहचान लिए जाएं, तो दूध उत्पादन में गिरावट और आर्थिक नुकसान दोनों से बचा जा सकता है.
बांझपन के तीन रूप, ऐसे समझें
पशुपालन विभाग के मुताबिक दूधारू पशुओं में बांझपन मुख्य रूप से तीन तरह का देखा जाता है. पहला प्राइमरी बांझपन, जिसमें मादा पशु उम्र पूरी होने के बाद भी एक बार भी गर्भधारण नहीं कर पाती. दूसरा सेकेंडरी बांझपन, जिसमें पशु पहले बच्चा दे चुका होता है लेकिन बाद में दोबारा गाभिन नहीं होता. तीसरा फंक्शनल बांझपन, जो हार्मोन गड़बड़ी की वजह से होता है. इसमें पशु हीट में आता तो है, लेकिन लक्षण साफ नजर नहीं आते, इसलिए समय पर गर्भाधान नहीं हो पाता. यही कारण है कि कई पशुपालक असली वजह समझ नहीं पाते.
पोषण की कमी सबसे बड़ा कारण
सरल भाषा में कहें तो खुराक की गड़बड़ी बांझपन की जड़ बन सकती है. जब पशु को संतुलित आहार नहीं मिलता और शरीर में प्रोटीन, मिनरल्स और विटामिन की कमी हो जाती है, तब प्रजनन क्षमता कमजोर पड़ने लगती है. खासकर फॉस्फोरस, कैल्शियम, जिंक और आयोडीन जैसे तत्व कम होने पर यह समस्या तेजी से बढ़ती है. अगर चारे में ऊर्जा कम हो या सिर्फ सूखा चारा ज्यादा दिया जाए, तब भी पशु की बॉडी कंडीशन गिरती है और गर्भधारण में दिक्कत आती है. इसलिए रोज के आहार में हरा चारा, सूखा चारा, दाना और मिनरल मिक्सचर का संतुलन बहुत जरूरी माना गया है.
हीट पहचान में गलती से भी बढ़ती है परेशानी
कई बार पशु पूरी तरह स्वस्थ दिखता है, लेकिन हीट के संकेत बहुत हल्के होते हैं. इसे आम भाषा में साइलेंट हीट कहा जाता है. पशु बार-बार रंभाना, पूंछ उठाना, चारा कम खाना या बार-बार दूसरे पशुओं के पास जाना जैसे हल्के संकेत देता है. अगर इन लक्षणों पर ध्यान न दिया जाए, तो सही समय पर कृत्रिम गर्भाधान नहीं हो पाता और बांझपन की समस्या बढ़ती जाती है. इसलिए पशुपालकों को सुबह-शाम पशुओं के व्यवहार पर नजर रखने की सलाह दी जाती है.
समय पर इलाज और संतुलित देखभाल से होगा फायदा
बांझपन की समस्या से घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि समय पर पहचान और इलाज ज्यादा जरूरी है. पशु का शरीर कमजोर लगे, हीट मिस हो रही हो या कई बार गर्भ न ठहर रहा हो, तो तुरंत पशु चिकित्सक से जांच करानी चाहिए. संतुलित आहार, नियमित डीवॉर्मिंग, मिनरल मिक्सचर और सही समय पर AI कराने से इस समस्या को काफी हद तक रोका जा सकता है. विभाग का मानना है कि सही जागरूकता से पशुओं की उत्पादकता बढ़ेगी, दूध उत्पादन सुधरेगा और पशुपालकों की आमदनी भी मजबूत होगी.