मुर्गी पालन में बढ़ानी है कमाई तो अपनाएं ये आसान तरीके, मुर्गियां देंगी ज्यादा अंडे हर दिन
आजकल कई मुर्गी पालकों की शिकायत है कि उनकी मुर्गियां पहले जितने अंडे नहीं दे रहीं. विशेषज्ञों के अनुसार सही रोशनी, संतुलित आहार, शांत वातावरण और साफ पानी देने से अंडा उत्पादन बढ़ाया जा सकता है. अगर किसान इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें तो मुर्गियां स्वस्थ रहेंगी और उत्पादन में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी.
Poultry Farming: आजकल कई मुर्गी पालकों की शिकायत रहती है कि उनकी मुर्गियां पहले जितने अंडे नहीं दे रही हैं. इससे सीधा असर उनकी कमाई पर पड़ता है. लेकिन थोड़ी सी सावधानी और सही देखभाल से अंडा उत्पादन को आसानी से बढ़ाया जा सकता है. डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार के अनुसार अगर मुर्गियों को सही रोशनी, संतुलित आहार और शांत माहौल मिले तो अंडों की संख्या में अच्छी बढ़ोतरी हो सकती है. इसलिए मुर्गी पालन करने वाले किसानों को कुछ जरूरी बातों पर खास ध्यान देना चाहिए.
मुर्गियों को रोज पर्याप्त रोशनी देना जरूरी
अंडा उत्पादन में रोशनी का बहुत बड़ा रोल होता है. अगर मुर्गियों को पर्याप्त रोशनी नहीं मिलती है तो वे कम अंडे देने लगती हैं. डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार के अनुसार मुर्गियों को दिन और रात मिलाकर करीब 16 घंटे तक रोशनी मिलनी चाहिए. इससे उनके शरीर की प्राकृतिक प्रक्रिया सही रहती है और अंडा देने की क्षमता बनी रहती है. अगर सर्दियों में दिन छोटे हो जाते हैं तो शाम या सुबह कुछ समय के लिए बल्ब की रोशनी का इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे मुर्गियों को पर्याप्त रोशनी मिलती है और अंडा उत्पादन पर सकारात्मक असर पड़ता है.
संतुलित आहार से बढ़ता है अंडों का उत्पादन
मुर्गियों को अगर सही और संतुलित आहार नहीं मिलता तो अंडा उत्पादन कम हो सकता है. इसलिए उनके दाने में जरूरी पोषक तत्वों का होना बहुत जरूरी है. खास तौर पर कैल्शियम और फास्फोरस की सही मात्रा दाने में होना चाहिए. इससे अंडों का छिलका मजबूत बनता है और मुर्गियों की सेहत भी अच्छी रहती है. इसके अलावा साफ और पौष्टिक दाना नियमित रूप से देना चाहिए. अच्छा आहार मिलने से मुर्गियां स्वस्थ रहती हैं और ज्यादा अंडे देती हैं.
- पशुपालकों के लिए रोजगार का नया मौका, केवल दूध ही नहीं ऊंट के आंसुओं से भी होगी कमाई
- बरसात में खतरनाक बीमारी का कहर, नहीं कराया टीकाकरण तो खत्म हो जाएगा सब
- पशुपालक इन दवाओं का ना करें इस्तेमाल, नहीं तो देना पड़ सकता है भारी जुर्माना
- 2000 रुपये किलो बिकती है यह मछली, तालाब में करें पालन और पाएं भारी लाभ
तनाव मुक्त माहौल भी है बेहद जरूरी
मुर्गियां बहुत संवेदनशील होती हैं और ज्यादा शोर या डर के माहौल में वे कम अंडे देने लगती हैं. इसलिए फार्म का वातावरण शांत और आरामदायक होना चाहिए. अगर फार्म के आसपास ज्यादा शोर-शराबा रहता है तो मुर्गियां घबरा जाती हैं और उनकी उत्पादन क्षमता प्रभावित होती है. इसलिए कोशिश करें कि मुर्गी फार्म ऐसी जगह हो जहां शांति बनी रहे. साफ-सफाई और सही जगह भी मुर्गियों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए जरूरी है.
साफ और ताजा पानी हमेशा उपलब्ध रखें
मुर्गियों के लिए पानी उतना ही जरूरी है जितना भोजन. अगर उन्हें साफ और ताजा पानी नहीं मिलता तो उनकी सेहत पर असर पड़ सकता है और अंडा उत्पादन भी कम हो सकता है. इसलिए मुर्गियों के लिए हमेशा साफ और ताजा पानी उपलब्ध होना चाहिए. पानी के बर्तन भी नियमित रूप से साफ करने चाहिए ताकि उनमें गंदगी या कीटाणु न पनपें. अगर मुर्गियों को पर्याप्त पानी मिलता रहेगा तो उनका शरीर स्वस्थ रहेगा और वे अच्छी संख्या में अंडे देंगी.
सही देखभाल से बढ़ेगी कमाई
मुर्गी पालन आज किसानों के लिए कम लागत में अच्छा मुनाफा देने वाला व्यवसाय बनता जा रहा है. अगर किसान इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें तो अंडा उत्पादन में काफी बढ़ोतरी हो सकती है. डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार का कहना है कि सही रोशनी, संतुलित आहार, साफ पानी और शांत माहौल मुर्गियों के लिए बेहद जरूरी हैं. इन उपायों को अपनाकर किसान आसानी से अपने फार्म की उत्पादकता बढ़ा सकते हैं. ज्यादा अंडा उत्पादन का मतलब है ज्यादा बिक्री और ज्यादा कमाई. इसलिए मुर्गी पालन करने वाले किसानों को इन जरूरी बातों पर ध्यान देना चाहिए, ताकि उनका व्यवसाय लगातार आगे बढ़ सके और उन्हें बेहतर लाभ मिल सके.