बकरी पालन में मुनाफा बढ़ाना है तो पालें बरबरी नस्ल, दूध और मांस दोनों की है भारी मांग
बरबरी नस्ल की बकरी बकरी पालन के लिए काफी फायदेमंद मानी जाती है. यह नस्ल कम संसाधनों में भी आसानी से पाली जा सकती है और दूध के साथ मांस के लिए भी इसकी अच्छी मांग रहती है. विशेषज्ञों के अनुसार यह बकरी एक बार में दो से तीन बच्चे भी दे सकती है, जिससे पशुपालकों की आय बढ़ती है.
Goat Farming: ग्रामीण इलाकों में बकरी पालन लंबे समय से किसानों और पशुपालकों की आय का एक भरोसेमंद जरिया रहा है. कम जगह, कम लागत और आसान देखभाल के कारण यह छोटा पशुपालन व्यवसाय तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. खासकर छोटे और मध्यम किसानों के लिए यह अतिरिक्त आमदनी का अच्छा साधन बन सकता है. अगर सही नस्ल का चयन किया जाए तो बकरी पालन से कम समय में अच्छा मुनाफा भी मिल सकता है. विशेषज्ञों के अनुसार बरबरी नस्ल की बकरी ऐसी ही एक नस्ल है, जो दूध और मांस दोनों के लिए जानी जाती है और सीमित संसाधनों में भी आसानी से पाली जा सकती है.
बरबरी बकरी की पहचान और खासियत
बरबरी या बारी बकरी एक छोटी लेकिन मजबूत नस्ल मानी जाती है. इसका शरीर सुगठित होता है और सिर छोटा होता है. इसके कान छोटे और ऊपर की ओर उठे हुए होते हैं, जबकि सींग भी छोटे होते हैं. इस नस्ल के बाल छोटे होते हैं और आमतौर पर इसका रंग सफेद होता है, जिस पर भूरे या लाल रंग के धब्बे दिखाई देते हैं. कुछ बरबरी बकरियां एक ही रंग की भी होती हैं. यह नस्ल भारत के कई राज्यों जैसे हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में पाई जाती है. इसके अलावा पाकिस्तान के कुछ क्षेत्रों में भी यह बकरी पाली जाती है.
दूध और मांस दोनों के लिए फायदेमंद
बरबरी बकरी को दोहरे उद्देश्य वाली नस्ल माना जाता है. यानी इसे दूध और मांस दोनों के लिए पाला जाता है. यही वजह है कि पशुपालकों के बीच इसकी मांग काफी ज्यादा रहती है. किसान इंडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. वाई.के. सोनी ने बताया कि यह नस्ल कम समय में अच्छा दूध देती है. आमतौर पर लगभग 70 से 90 दिनों के दुग्धकाल में यह बकरी करीब 70 से 100 लीटर तक दूध दे सकती है. दूध के साथ-साथ इसका मांस भी काफी पसंद किया जाता है, इसलिए बाजार में इसकी अच्छी कीमत मिलती है.
एक साथ ज्यादा बच्चे देने की क्षमता
बरबरी बकरी की सबसे बड़ी खासियत इसकी बहु-प्रसव क्षमता है. यानी यह एक बार में एक से ज्यादा बच्चों को जन्म दे सकती है. विशेषज्ञों के अनुसार करीब 60 से 70 प्रतिशत मामलों में यह बकरी एक बार में दो से तीन बच्चों को जन्म देती है. इससे पशुपालकों के पास बकरियों की संख्या तेजी से बढ़ती है और उनकी कमाई भी बढ़ सकती है. अगर सही देखभाल और पोषण दिया जाए तो बरबरी बकरी पालन कुछ ही वर्षों में अच्छा व्यवसाय बन सकता है.
कम खर्च में भी आसानी से पाली जा सकती है
बरबरी बकरी की एक और बड़ी खासियत यह है कि इसे सीमित संसाधनों में भी आसानी से पाला जा सकता है. छोटे किसान या पशुपालक भी इसे आसानी से पाल सकते हैं. यह नस्ल शुष्क और अर्ध-शुष्क क्षेत्रों के मौसम में भी अच्छी तरह से ढल जाती है. इसलिए ऐसे इलाकों में भी इसे पालना आसान होता है जहां ज्यादा हरा चारा उपलब्ध नहीं होता. कम जगह में भी इसका पालन किया जा सकता है और इसकी देखभाल भी ज्यादा मुश्किल नहीं होती. यही कारण है कि ग्रामीण क्षेत्रों में यह नस्ल काफी लोकप्रिय हो रही है.
बकरी पालन से बढ़ सकती है किसानों की आय
अगर किसान सही नस्ल का चयन करें और बकरियों की अच्छी देखभाल करें तो बकरी पालन से अच्छी आमदनी हो सकती है. बरबरी नस्ल की बकरी दूध और मांस दोनों के कारण पशुपालकों को दोहरा फायदा देती है. विशेषज्ञों का कहना है कि अगर पशुपालक संतुलित आहार, साफ-सफाई और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच का ध्यान रखें तो बकरी पालन एक स्थायी आय का स्रोत बन सकता है. बरबरी बकरी की तेजी से बढ़ने वाली संख्या और बाजार में अच्छी मांग के कारण यह नस्ल छोटे किसानों और पशुपालकों के लिए काफी फायदेमंद मानी जाती है.