Success Story: PM-KUSUM योजना का कमाल, कुलदीप कौर ने सोलर पंप से बदली खेती और बढ़ाई आमदनी

success story: PM-KUSUM योजना ने पंजाब की कुलदीप कौर की जिंदगी बदल दी है. सौर ऊर्जा से सिंचाई आसान होने के साथ खेती की लागत भी कम हुई है. अब वे बिना डीजल और बिजली के अपने खेतों में पानी दे रही हैं. ये योजना किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और खेती को आधुनिक रूप देने में मदद कर रही है.

नोएडा | Published: 18 Apr, 2026 | 11:48 AM

PM KUSUM Schem: कभी खेती के लिए डीजल और बिजली पर निर्भर रहने वाली कुलदीप कौर की जिंदगी अब बदल चुकी है. नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले के गांव भगसर की यह महिला किसान अब सूरज की रोशनी से अपनी खेती को सींच रही है. PM-KUSUM योजना ने उनके खेतों में सिर्फ तकनीक नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की नई उम्मीद भी दी है.

सौर ऊर्जा से बदली कुलदीप कौर की खेती

नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार , गांव भगसर की कुलदीप कौर (Kuldeep Kaur) ने PM-KUSUM योजना  के Component-B के तहत अपने खेत में 5 HP का सोलर पंप लगवाया है. पहले जहां उन्हें सिंचाई के लिए डीजल और बिजली पर निर्भर रहना पड़ता था, वहीं अब सूरज की रोशनी से ही पानी मिल रहा है. कुलदीप कौर विभाग से बताती हैं कि अब वे अपने समय के अनुसार खेतों की सिंचाई कर सकती हैं. इससे खेती का काम आसान हो गया है और समय की बचत भी हो रही है.

डीजल खर्च खत्म, खेती बनी सस्ती और आसान

सोलर पंप लगने के बाद कुलदीप कौर की खेती की लागत  काफी कम हो गई है. पहले डीजल पर भारी खर्च होता था, लेकिन अब यह खर्च पूरी तरह खत्म हो गया है. वे कहती हैं कि अब खेती न सिर्फ आसान हो गई है, बल्कि ज्यादा लाभदायक भी हो गई है. पानी की उपलब्धता समय पर होने से फसल की ग्रोथ भी बेहतर हो रही है. इससे उनकी आमदनी में भी सुधार देखने को मिल रहा है.

PM-KUSUM योजना ने दी नई पहचान

PM-KUSUM योजना ने सिर्फ किसानों को तकनीक ही नहीं दी, बल्कि ग्रामीण महिलाओं  को आत्मनिर्भर बनने का बड़ा अवसर भी दिया है. इस योजना की मदद से कुलदीप कौर जैसी महिलाएं अब खेती में आधुनिक सौर ऊर्जा तकनीक अपना रही हैं और अपने काम को आसान बना रही हैं. इससे खेती का खर्च कम हुआ है और डीजल व बिजली पर निर्भरता भी घट गई है. यह योजना पर्यावरण को सुरक्षित रखने में भी मदद कर रही है. सौर ऊर्जा से चलने वाली खेती अब ज्यादा टिकाऊ, सस्ती और सुविधाजनक बनती जा रही है, जिससे किसानों की जिंदगी बदल रही है.

खेतों में दिख रही नारी शक्ति की नई तस्वीर

कुलदीप कौर की कहानी अब गांव की दूसरी महिलाओं के लिए प्रेरणा  बन चुकी है. वे दिखा रही हैं कि अगर सही योजना और तकनीक मिल जाए तो महिलाएं खेती में भी बड़ा बदलाव ला सकती हैं.
अब भगसर गांव में कुलदीप कौर को लोग एक सफल महिला किसान के रूप में देखते हैं, जिन्होंने सोलर पंप के जरिए अपनी जिंदगी और खेती दोनों बदल दी. यह सफलता कहानी बताती है कि छोटे कदम भी बड़े बदलाव ला सकते हैं, बस जरूरत है सही दिशा और हिम्मत की.

Topics: