99 फीसदी चावल खरीद पूरी, धान की रिकॉर्ड पैदावार की उम्मीद.. सरकार के सामने स्टॉक की चुनौती

सरकार ने 2025-26 विपणन सीजन के लिए तय चावल खरीद लक्ष्य का 99 फीसदी पूरा कर लिया है. अब तक 571.14 लाख टन चावल की खरीद हो चुकी है, जो पिछले साल से 5 फीसदी अधिक है. रबी सीजन की खरीद भी 18 फीसदी बढ़ी है. बेहतर मॉनसून रहने पर इस साल रिकॉर्ड धान उत्पादन की उम्मीद जताई गई है.

नोएडा | Updated On: 6 Aug, 2026 | 08:44 AM

देश में सरकार ने चालू 2025-26 विपणन सीजन के लिए तय चावल खरीद लक्ष्य का 99 फीसदी हासिल कर लिया है. अब तक 575.52 लाख टन के लक्ष्य के मुकाबले 571 लाख टन से अधिक चावल की खरीद हो चुकी है, जो पिछले साल की तुलना में करीब 5 फीसदी ज्यादा है. 1 अक्टूबर से नया चावल विपणन सीजन शुरू होने वाला है. ऐसे में नई फसल की खरीद शुरू होने से पहले सरकार के सामने मौजूदा चावल के स्टॉक को तेजी से कम करने की चुनौती होगी, ताकि नई खरीद के लिए गोदामों में पर्याप्त जगह बनाई जा सके.

बिजनेसलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार ने 2025-26 विपणन सीजन  के लिए कुल 575.52 लाख टन चावल खरीदने का लक्ष्य तय किया था. इसमें खरीफ की फसल से 485.95 लाख शामिल है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 4 अगस्त तक सरकार ने 571.14 लाख टन चावल की खरीद कर ली है. पिछले साल इसी अवधि में यह खरीद 542.85 लाख टन थी. यानी इस बार अब तक चावल की सरकारी खरीद में करीब 5 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

रबी सीजन की खरीद 30 सितंबर तक जारी रहेगी

खरीफ सीजन की चावल खरीद सभी राज्यों में पूरी हो चुकी है. अब रबी सीजन की खरीद 30 सितंबर तक जारी रहेगी. केंद्र सरकार ने रबी सीजन (अप्रैल से सितंबर) के लिए सबसे ज्यादा 43 लाख टन चावल खरीदने का लक्ष्य तेलंगाना से रखा है. इसके बाद तमिलनाडु से 14 लाख टन, ओडिशा से 11 लाख टन और आंध्र प्रदेश से 10 लाख टन चावल खरीदने का लक्ष्य तय किया गया है.

रबी सीजन में अब तक 86.71 लाख टन चावल की खरीद

आंकड़ों के अनुसार, रबी सीजन में अब तक 86.71 लाख टन चावल की खरीद हो चुकी है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 73.45 लाख टन थी. यानी रबी सीजन की खरीद में करीब 18 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. रबी सीजन में अब तक सबसे ज्यादा 42.69 लाख टन चावल की खरीद तेलंगाना से की गई है. इसके बाद तमिलनाडु से 13.20 लाख टन, आंध्र प्रदेश से 11.83 लाख टन और ओडिशा से 11.04 लाख टन चावल खरीदा गया है.

देश में चावल का नया विपणन सीजन हर साल 1 अक्टूबर से शुरू होता है. हालांकि, अलग-अलग राज्यों में फसल की कटाई  के समय के अनुसार खरीद की अवधि अलग होती है. इस साल धान की फसल जल्दी तैयार होने के कारण केंद्र सरकार ने पंजाब और हरियाणा में सरकारी खरीद सितंबर के मध्य से शुरू करने की अनुमति दी है. वहीं, तमिलनाडु में खरीद 1 सितंबर से शुरू होगी.

पंजाब से इस बार 104.86 लाख टन चावल की खरीद हुई

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, केंद्रीय पूल के लिए सबसे ज्यादा चावल देने वाले पंजाब से इस बार 104.86 लाख टन चावल की खरीद हुई है. यह पिछले साल की समान अवधि के 116.13 लाख टन के मुकाबले करीब 9.7 फीसदी कम है. वहीं, हरियाणा की खरीद के आंकड़ों में संशोधन किया गया है. राज्य सरकार के अनुरोध पर केंद्र ने अतिरिक्त खरीदे गए धान को भी केंद्रीय पूल में शामिल कर लिया. इसके बाद हरियाणा से चावल खरीद बढ़कर 41.58 लाख टन हो गई है. पिछले विपणन सीजन में हरियाणा से 36.17 लाख टन चावल खरीदा गया था.

देश का चावल उत्पादन 1247.6 लाख टन रहेगा

इस बीच, कृषि मंत्रालय ने अनुमान जताया है कि 2025-26 के खरीफ सीजन में देश का चावल उत्पादन 1247.6 लाख  टन रहेगा, जो पिछले साल के 1227.7 लाख टन से अधिक है. रबी सीजन में चावल का उत्पादन 181.1 लाख टन रहने का अनुमान है, जबकि पिछले साल यह 161.3 लाख टन था. हालांकि, जायद सीजन का उत्पादन मामूली घटकर 111.6 लाख टन रहने का अनुमान है, जो पिछले साल 112.8 लाख टन था.

Published: 6 Aug, 2026 | 08:38 AM

Topics: