देश के सबसे बड़े एग्रीकल्चर न्यूज प्लेटफॉर्म में शुमार किसान इंडिया (Kisan India) से जुड़े पत्रकार मोहित शुक्ला को साल 2026 के राज्य स्तरीय कृषि पत्रकार सम्मान से नवाजा गया है. ग्राउंड रिपोर्टिंग के जरिए कृषि पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें सम्मानित किया गया है. सीतापुर जिले के पिपरी शादीपुर निवासी पत्रकार मोहित शुक्ला को सम्मान मिलने पर उनके परिवार और संस्थान किसान इंडिया ने खुशी जताई है.
राज्य स्तरीय कृषि पत्रकार सम्मान–2026 मिला
कृषि पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में पिपरी शादीपुर के निवासी युवा कृषि पत्रकार मोहित शुक्ला को फार्म एंड फ़ूड राज्य स्तरीय कृषि पत्रकार सम्मान–2026 से सम्मानित किया गया. यह सम्मान दिल्ली प्रेस समूह द्वारा प्रकाशित प्रतिष्ठित कृषि पत्रिका फार्म एंड फ़ूड की ओर से लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में दिया गया. प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए प्रगतिशील किसानों के साथ कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन पत्रकारों को सम्मानित किया गया.
ग्राउंड रिपोर्टिंग से किसानों की कहानियां लोगों तक पहुंचाईं
मोहित शुक्ला को कृषि आधारित शोधपरक एवं जनहितकारी पत्रकारिता, किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा कृषि नवाचारों को व्यापक स्तर पर समाज तक पहुंचाने के लिए स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया. उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग के जरिए सफल किसानों की कहानियां लोगों तक पहुंचाने और प्रेरित करने के लिए सराहा गया. पत्रिका के संपादक भानू प्रकाश राना और कृषि विज्ञान केंद्र लखनऊ के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश द्विवेदी ने उन्हें सम्मानित करते हुए कृषि पत्रकारिता में उनके योगदान की सराहना की.
14 साल से कृषि क्षेत्र पर लेखन को मिला सम्मान
मोहित शुक्ला पिछले लगभग 14 वर्षों से कृषि पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वह कई वर्षों से किसान इंडिया के साथ जुड़े हुए हैं. उन्होंने देश के अनेक राज्यों में किसानों की समस्याओं, प्राकृतिक खेती, कृषि नवाचार, ग्रामीण विकास, बागवानी, कृषि उद्यमिता तथा सफल किसानों की प्रेरक कहानियों पर लेखन किया है. उनके लेख विभिन्न राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय समाचार पत्रों, कृषि पत्रिकाओं तथा डिजिटल समाचार मंचों पर प्रकाशित होते रहे हैं.
मोहित शुक्ला ने बताया कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि देश के करोड़ों अन्नदाताओं और कृषि से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान है. यह पुरस्कार किसानों की आवाज को मिला है. उन्होंने अपने संस्थान किसान इंडिया को खुलकर ग्राउंड रिपोर्टिंग और स्टोरीज कवर करने की आजादी देने के लिए धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि आगे भी वे किसानों की समस्याओं, उपलब्धियों और कृषि क्षेत्र की सकारात्मक पहल को पूरी प्रतिबद्धता के साथ देशभर तक पहुंचाने का कार्य जारी रखेंगे.