विशाखापट्टनम के पास समुद्र में 7 मछुआरे लापता, नौसेना और तटरक्षक बल का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू

Andhra Pradesh news: आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के पास समुद्र में खराब मौसम के कारण सात मछुआरे लापता हो गए हैं. ये मछुआरे 1 जुलाई की सुबह मछली पकड़ने गए थे, लेकिन तेज हवाओं और खराब समुद्री हालात के चलते उनका संपर्क टूट गया.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 5 Jul, 2026 | 10:58 AM

Fishermen Rescue Operation: आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के पास समुद्र में बड़ा हादसा सामने आया है, जहां सात मछुआरे लापता हो गए हैं. जानकारी के अनुसार ये मछुआरे 1 जुलाई की तड़के करीब 3 बजे मछली पकड़ने के लिए विशाखापट्टनम फिशिंग हार्बर से समुद्र में निकले थे. लेकिन खराब मौसम और समुद्र में तेज हलचल के कारण उनका संपर्क टूट गया और अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है. इन मछुआरों ने एक मैकेनाइज्ड (मशीनी) नाव से समुद्र में सफर शुरू किया था, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर IND-AP-MM-V5-83 बताया जा रहा है.

कौन-कौन हैं लापता मछुआरे?

ANI की रिपोर्ट के मुताबिक लापता हुए सात मछुआरों में से छह लोग विजयनगरम जिले के भोगापुरम मंडल के मुक्कम गांव के रहने वाले हैं. वहीं एक मछुआरा विशाखापट्टनम जिले के भीमिली मंडल के पेडा नागमय्या पालेम का निवासी है. इन सभी मछुआरों के परिवार विशाखापट्टनम फिशिंग हार्बर के पास जालरीपेटा-जबर टोटा इलाके में रहते हैं, जहां इस घटना के बाद से गहरी चिंता और डर का माहौल है.

खराब मौसम बना वजह

स्थानीय मछुआरा संघ के अनुसार, उस समय समुद्र में मौसम काफी खराब था. तेज हवाओं और ऊंची लहरों की वजह से नाव से संपर्क टूटने की आशंका जताई जा रही है. संघ के अध्यक्ष वासुपल्ली जनकिराम ने बताया कि स्थिति बहुत गंभीर है और प्रशासन से तुरंत तेज रेस्क्यू अभियान चलाने की मांग की गई है.

सरकार ने शुरू किया बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की जानकारी मिलते ही आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने तुरंत हालात की समीक्षा की और बचाव अभियान शुरू करने के आदेश दिए. मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि, खोज और रेस्क्यू ऑपरेशन में भारतीय तटरक्षक बल (Coast Guard) के जहाजों को लगाया गया है. साथ ही भारतीय नौसेना के हेलीकॉप्टर भी सर्च ऑपरेशन में शामिल किए गए हैं, ताकि लापता लोगों की जल्द तलाश की जा सके.

अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री ने पुलिस और समुद्री सुरक्षा से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे इस ऑपरेशन में आपस में बेहतर तालमेल बनाकर काम करें. उन्होंने विशेष रूप से समुद्री पुलिस के महानिरीक्षक और विशाखापट्टनम पुलिस कमिश्नर को लगातार स्थिति पर नजर रखने और उन्हें अपडेट देने के लिए कहा है. लापता मछुआरों के परिवार बेहद परेशान हैं और हर पल अपने परिजनों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहे हैं. समुद्र में लगातार खराब मौसम के कारण बचाव दल को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़