अमित शाह ने लॉन्च किया NAFEX.in, बोले- किसान सीधे कमोडिटी ट्रेडिंग करेंगे, बिचौलियों की होगी छुट्टी

Commodity Trading on NAFEX : कृषि व्यापार को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए NAFED ने NAFEX.in पोर्टल लॉन्च किया है. इस नई डिजिटल व्यवस्था के जरिए किसानों को अपनी उपज बेचने के अधिक अवसर मिलेंगे. सरकार का दावा है कि ये प्लेटफॉर्म किसानों को बाजार से सीधे जोड़कर बेहतर कीमत और सुविधाजनक व्यापार का रास्ता खोलेगा.

नोएडा | Updated On: 23 Jun, 2026 | 02:16 PM

Digital Agriculture: किसानों को उनकी फसल का बेहतर दाम दिलाने और कृषि व्यापार को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने NAFED के नए ई-ऑक्शन पोर्टल NAFEX.in का शुभारंभ किया. इस पोर्टल के जरिए किसान अपनी उपज की ऑनलाइन नीलामी कर सकेंगे और देशभर के खरीदार सीधे बोली लगा सकेंगे. इससे किसानों को सही कीमत मिलने के साथ-साथ व्यापार में पारदर्शिता भी बढ़ेगी.

किसानों और खरीदारों को जोड़ेगा एक डिजिटल मंच

अमित शाह ने बताया कि NAFEX.in एक ऑनलाइन नीलामी और ट्रेडिंग पोर्टल है, जिसे NAFED ने विकसित किया है. इस पोर्टल के जरिए किसान और खरीदार  सीधे जुड़ सकेंगे. पहले जहां कई बार व्यापार में बिचौलियों की भूमिका होती थी, वहीं अब किसान अपनी उपज को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाकर सीधे खरीदारों तक पहुंचा सकेंगे. इससे व्यापार की प्रक्रिया आसान और तेज होने की उम्मीद है.

ऑनलाइन नीलामी से मिलेगा बेहतर भाव

इस पोर्टल की सबसे बड़ी खासियत इसकी ई-नीलामी व्यवस्था है. किसान अपनी उपज  को ऑनलाइन नीलामी के लिए रख सकेंगे और देशभर के खरीदार उस पर बोली लगा सकेंगे. जब अधिक खरीदार एक ही प्लेटफॉर्म पर प्रतिस्पर्धा करेंगे, तो किसानों को उनकी फसल का बेहतर और उचित मूल्य मिलने की संभावना बढ़ेगी. इससे दाल, तिलहन, अनाज और अन्य कृषि उत्पादों की बिक्री अधिक पारदर्शी तरीके से हो सकेगी.

पारदर्शिता बढ़ेगी, बिचौलियों की भूमिका होगी कम

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि, NAFEX.in का उद्देश्य कृषि व्यापार  में पारदर्शिता बढ़ाना है. ऑनलाइन बोली और डिजिटल रिकॉर्ड के कारण हर प्रक्रिया दर्ज होगी, जिससे विवाद और अनियमितताओं की संभावना कम होगी. किसान और खरीदार दोनों नीलामी की पूरी जानकारी देख सकेंगे. इससे भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और व्यापार को भरोसेमंद बनाने में मदद मिलेगी.

NAFED की नई पहल से किसानों को होगा फायदा

कार्यक्रम के दौरान अमित शाह  ने NAFED-KALYAN छात्रवृत्ति, DRISHTI पोर्टल और ERP पोर्टल जैसी अन्य डिजिटल पहलों का भी शुभारंभ किया. NAFED-KALYAN योजना के तहत किसानों के बच्चों को छात्रवृत्ति दी जाएगी. वहीं DRISHTI पोर्टल दालों और तिलहनों के भंडारण प्रबंधन को बेहतर बनाएगा. सरकार का मानना है कि NAFEX.in जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म किसानों को बाजार से सीधे जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. ये पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM MODI) के सहकार से समृद्धि विजन के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य तकनीक और पारदर्शिता के माध्यम से सहकारी क्षेत्र को मजबूत बनाना और किसानों की आय बढ़ाने में मदद करना है.

Published: 23 Jun, 2026 | 02:06 PM

Topics: