खेती में बढ़ेगी पैदावार! सरकार ने ‘भारत बीज’ ब्रांड के तहत 18 फसलों की 124 किस्में बाजार में उतारीं

Bharat Beej: केंद्र सरकार ने बताया कि भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड (BBSSL) ने 'भारत बीज' ब्रांड के तहत अब तक 18 फसलों की 124 उन्नत किस्मों के बीज बाजार में उतार दिए हैं. इन बीजों का वितरण सहकारी समितियों, राज्य बीज निगमों और निजी डीलरों के नेटवर्क के जरिए किया जा रहा है.

नोएडा | Updated On: 5 Aug, 2026 | 03:15 PM

Indian Seed Cooperative Society: देश के किसानों को बेहतर और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के लिए भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड (BBSSL) लगातार अपने नेटवर्क का विस्तार कर रही है. समिति ने अब तक ‘भारत बीज’ (Bharat Beej) ब्रांड के तहत 18 फसलों की 124 उन्नत किस्मों के बीज बाजार में उतार दिए हैं. इन बीजों का वितरण देशभर में सरकारी योजनाओं, सहकारी समितियों और निजी डीलरों के जरिए किया जा रहा है, ताकि किसानों को समय पर अच्छी क्वालिटी के बीज मिल सकें.

इस संबंध में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में लिखित जवाब के जरिए जानकारी दी. उन्होंने बताया कि, BBSSL का उद्देश्य देशभर के किसानों तक भरोसेमंद और उन्नत बीज पहुंचाना है, जिससे खेती की पैदावार बढ़े और किसानों की आय में सुधार हो.

‘भारत बीज’ ब्रांड के तहत बढ़ रहा बीजों का दायरा

BBSSL ने अब तक 18 प्रमुख फसलों की 124 किस्मों को ‘भारत बीज’ ब्रांड के तहत बाजार में उपलब्ध कराया है. इन बीजों को वैज्ञानिक तरीके से तैयार किया गया है, ताकि किसानों को बेहतर उत्पादन मिल सके. सरकार का मानना है कि, अच्छी क्वालिटी के बीज खेती की सफलता की सबसे अहम कड़ी होते हैं. ऐसे में प्रमाणित बीजों की आसान उपलब्धता किसानों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती है.

देशभर में कैसे पहुंच रहे हैं बीज?

BBSSL अपने बीजों का वितरण कई माध्यमों से कर रही है. इनमें सदस्य सहकारी समितियां, निजी वितरक, डीलर, राज्य बीज निगम और राज्य बीज परिसंघ शामिल हैं. इस बड़े नेटवर्क की मदद से देश के अलग-अलग राज्यों के किसानों तक समय पर बीज पहुंचाए जा रहे हैं. इससे किसानों को स्थानीय स्तर पर भी आसानी से बीज उपलब्ध हो रहे हैं. बीज वितरण को सुचारु बनाने के लिए BBSSL ने अपने मुख्यालय से अलग-अलग क्षेत्रों के लिए जोनल मैनेजर और समन्वयक नियुक्त किए हैं. ये अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में बीज की उपलब्धता, वितरण और अलग-अलग योजनाओं पर नजर रखते हैं.

महाराष्ट्र में कई योजनाओं के तहत पहुंचाए गए बीज

महाराष्ट्र में BBSSL ने राज्य सरकार के सहयोग से कई प्रमुख फसलों के बीज उपलब्ध कराए हैं. चारा फसल, कपास, ज्वार और मूंगफली के बीज केंद्र प्रायोजित योजनाओं जैसे NMEO-OS, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (NFSM) और कपास क्रांति मिशन के तहत किसानों तक पहुंचाए गए हैं. वहीं गेहूं और चना के बीज निजी वितरण चैनलों के माध्यम से उपलब्ध कराए गए हैं.

दादरा और नगर हवेली में कृषि विभाग बना नोडल एजेंसी

दादरा और नगर हवेली में बीज वितरण और उससे जुड़े सभी कार्यों के लिए कृषि विभाग को BBSSL की नोडल एजेंसी बनाया गया है. इस व्यवस्था का उद्देश्य किसानों तक बीजों की आपूर्ति को और अधिक व्यवस्थित और आसान बनाना है.

सिर्फ बीज बेचना ही नहीं, अनुसंधान पर भी फोकस

BBSSL की भूमिका केवल बीजों के वितरण तक सीमित नहीं है. इसकी स्थापना एक ऐसे शीर्ष संगठन के रूप में की गई है, जो उन्नत बीजों के उत्पादन, खरीद, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग, लेबलिंग, पैकेजिंग, भंडारण, विपणन और वितरण की पूरी व्यवस्था विकसित करे. इसके अलावा संस्था बीजों से जुड़े अनुसंधान और नई तकनीकों के विकास पर भी काम कर रही है. BBSSL स्वदेशी और प्राकृतिक बीजों के संरक्षण और संवर्धन पर भी विशेष ध्यान दे रही है. इसका उद्देश्य पारंपरिक बीजों को सुरक्षित रखना और भविष्य की जरूरतों के अनुसार नई तकनीकों के साथ उनका विकास करना है.

किसानों को मिलेगा सीधा फायदा

सरकार का मानना है कि ‘भारत बीज’ ब्रांड के विस्तार से किसानों को अच्छी क्वालिटी के प्रमाणित बीज आसानी से मिलेंगे. इससे फसलों की पैदावार बढ़ने, उत्पादन लागत कम होने और खेती को अधिक लाभदायक बनाने में मदद मिलेगी. अगर बीज वितरण का यह नेटवर्क इसी तरह मजबूत होता रहा, तो आने वाले समय में देशभर के अधिक से अधिक किसानों तक उन्नत बीज पहुंच सकेंगे और कृषि क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी.

Published: 5 Aug, 2026 | 03:14 PM

Topics: