मक्का किसानों को सब्सिडी पर मशीनें दे रही सरकार, 10 अगस्त से पहले जरूर कर लें आवेदन

मक्का की खेती करने वाले किसानों के लिए खुशखबरी है. सरकार त्वरित मक्का विकास योजना के तहत शेलर, बैच ड्रायर और पॉपिंग मशीन पर सब्सिडी दे रही है. किसान मशीनों की मदद से लागत घटाने के साथ मक्का से पॉपकॉर्न बनाकर अतिरिक्त कमाई भी कर सकते हैं.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 25 Jul, 2026 | 11:30 PM

Maize Farming: मक्का की खेती करने वाले किसानों की आय बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश में त्वरित मक्का विकास योजना के तहत कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है. इस योजना के अंतर्गत किसानों को मक्का की कटाई के बाद होने वाले कार्यों के लिए आधुनिक मशीनों पर अनुदान दिया जाएगा. इससे किसानों को फसल की प्रोसेसिंग में आसानी होगी, श्रम लागत कम होगी और मक्का को मूल्य संवर्धित उत्पादों में बदलकर अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा. उत्तर प्रदेश कृषि विभाग के अनुसार इस योजना का उद्देश्य मक्का उत्पादन के साथ-साथ उसकी प्रोसेसिंग को बढ़ावा देकर किसानों की आमदनी में वृद्धि करना है.

शेलर, बैच ड्रायर और पॉपिंग मशीन पर मिलेगा अनुदान

उत्तर प्रदेश कृषि विभाग के अनुसार योजना के तहत किसानों को मक्का  शेलर, बैच ड्रायर और पॉपिंग मशीन जैसी आधुनिक कृषि मशीनों का लाभ दिया जाएगा. मक्का शेलर की मदद से कम समय में दानों को भुट्टों से अलग किया जा सकेगा, जिससे श्रम और समय दोनों की बचत होगी. वहीं बैच ड्रायर से मक्का को वैज्ञानिक तरीके से सुखाया जा सकेगा, जिससे नमी नियंत्रित रहेगी और भंडारण के दौरान फसल खराब होने का खतरा कम होगा. इसके अलावा पॉपिंग मशीन के माध्यम से किसान मक्का से सीधे पॉपकॉर्न तैयार कर बाजार में बेच सकते हैं. इससे केवल कच्चा मक्का बेचने की बजाय मूल्य संवर्धित उत्पाद तैयार कर अधिक मुनाफा कमाने का अवसर मिलेगा. कृषि विभाग का मानना है कि ऐसी मशीनों का उपयोग ग्रामीण स्तर पर छोटे कृषि उद्यमों को भी बढ़ावा देगा.

इतना मिलेगा अनुदान, ऐसे करें आवेदन

उत्तर प्रदेश कृषि विभाग के अनुसार योजना के तहत मक्का शेलर पर अधिकतम 40,000 रुपये तक और पॉपिंग मशीन पर 10,000 रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा. मशीनों की उपलब्धता सीमित होने के कारण पात्र किसानों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाएगा. योजना का लाभ लेने के लिए किसानों का कृषि विभाग में पंजीकरण होना आवश्यक है. इच्छुक किसान विभाग के आधिकारिक पोर्टल  पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की अंतिम तिथि 10 अगस्त निर्धारित की गई है. विभाग ने किसानों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है ताकि वे योजना का लाभ लेने से वंचित न रहें.

प्रोसेसिंग से बढ़ेगी आय, कम होगी लागत

उत्तर प्रदेश कृषि विभाग के अनुसार केवल उत्पादन बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि फसल का बेहतर प्रसंस्करण और विपणन भी किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. आधुनिक मशीनों के उपयोग से कटाई के बाद होने वाले नुकसान में कमी आएगी, श्रम लागत घटेगी और उत्पाद की गुणवत्ता भी बेहतर होगी. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि किसान मक्का को सीधे बेचने के बजाय उसका प्रसंस्करण कर पॉपकॉर्न जैसे उत्पाद तैयार  करें, तो उन्हें बाजार में बेहतर कीमत मिल सकती है. इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे. कृषि विभाग का कहना है कि त्वरित मक्का विकास योजना किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, उत्पादन लागत कम करने और मूल्य संवर्धन के जरिए उनकी आय बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 25 Jul, 2026 | 11:30 PM

लेटेस्ट न्यूज़