अब नहीं सड़ेगी किसानों की फसल, सोलर ड्रायर से बचेंगी फसलें और मिलेगी 1.50 लाख तक सब्सिडी

किसानों के लिए सोलर ड्रायर योजना नई उम्मीद लेकर आई है. अब फल और सब्जियों को खेत पर ही सुरक्षित तरीके से सुखाया जा सकेगा. सरकार इस तकनीक को बढ़ावा देने के लिए सब्सिडी दे रही है. योजना से फसल नुकसान कम होगा और किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल सकेगा.

नोएडा | Published: 7 Jul, 2026 | 03:02 PM

Solar Dryer: फल और सब्जियों की बर्बादी रोकने तथा किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए सरकार ने सोलर ड्रायर योजना शुरू की है. उद्यान विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय बागवानी मिशन के फलोत्तर कार्यक्रम के तहत पहली बार यह योजना लागू की गई है. इसके तहत किसान खेत या घर पर सोलर ड्रायर लगाकर फल-सब्जियों को वैज्ञानिक तरीके से सुखा सकेंगे. इससे फसल लंबे समय तक सुरक्षित रहेगी और किसानों को बाजार में बेहतर दाम मिलने की संभावना बढ़ेगी.

सोलर ड्रायर खरीदने पर मिलेगी 40 फीसदी तक सहायता

उद्यान विभाग के अनुसार, इस योजना के तहत किसानों को सोलर ड्रायर  खरीदने पर लगभग 40 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाएगी. शुरुआती चरण में राज्यभर में 500 सोलर ड्रायर वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है. प्रत्येक जिले को औसतन 10 सोलर ड्रायर मशीन उपलब्ध कराई जाएंगी. योजना का लाभ लेने के लिए किसानों का चयन पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा. इच्छुक किसान अपने जिले के उद्यान विभाग कार्यालय में संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा विभाग द्वारा अधिकृत प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. चयनित किसानों को अधिकृत कंपनियों के जरिए उनके खेत या घर पर सोलर ड्रायर स्थापित कराया जाएगा.

दो क्षमता के सोलर ड्रायर, किसानों को मिलेगा सीधा फायदा

उद्यान विभाग के अनुसार, किसानों की जरूरतों को ध्यान  में रखते हुए सोलर ड्रायर को दो श्रेणियों में बांटा गया है. पहली श्रेणी में 100 किलोग्राम क्षमता वाला सोलर ड्रायर शामिल है. इसकी कुल लागत करीब 3.50 लाख रुपये तय की गई है. इस पर सरकार की ओर से 1.50 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जाएगी. यह मशीन बड़े स्तर पर खेती करने वाले किसानों के लिए उपयोगी होगी. वहीं, दूसरी श्रेणी में 70 किलोग्राम क्षमता वाला सोलर ड्रायर शामिल है. इसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपये निर्धारित की गई है. इस पर किसानों को 1 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलेगी. यह सुविधा छोटे और सीमांत किसानों के लिए फायदेमंद होगी, जिससे वे भी आधुनिक तकनीक अपनाकर अपनी उपज का मूल्य बढ़ा सकेंगे.

प्याज, मिर्च, आंवला समेत कई फसलों को मिलेगा लाभ

उद्यान विभाग के अनुसार, सोलर ड्रायर तकनीक से प्याज, टमाटर, मिर्च, आंवला, खीरा, हरा धनिया, पुदीना और अन्य फल-सब्जियों को सुरक्षित तरीके से सुखाया जा सकता है. पारंपरिक खुले में सुखाने की तुलना में यह तकनीक ज्यादा स्वच्छ और प्रभावी मानी जाती है. इस मशीन की मदद से फल और सब्जियां करीब चार घंटे में सुखाई जा सकती हैं. इससे उत्पादों का प्राकृतिक रंग, स्वाद, सुगंध और पोषक तत्व काफी हद तक सुरक्षित रहते हैं. अच्छी गुणवत्ता वाली सूखी उपज को किसान सही समय पर बाजार में बेचकर अधिक आय हासिल कर सकते हैं.

आवेदन कैसे करें और कहां मिलेगा योजना का लाभ

उद्यान विभाग के अनुसार, सोलर ड्रायर योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को अपने क्षेत्र के उद्यान विभाग कार्यालय में संपर्क करना होगा. विभाग द्वारा पात्र किसानों का चयन किया जाएगा और चयन के बाद अधिकृत कंपनियों के माध्यम से मशीन लगाई जाएगी. किसानों को आवेदन के समय खेती से जुड़े दस्तावेज, पहचान पत्र और बैंक खाते की जानकारी देनी होगी. योजना का उद्देश्य किसानों को फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान से बचाना और उनकी आय बढ़ाना है. सोलर ड्रायर मिलने से किसान अपनी उपज को लंबे समय तक सुरक्षित रख सकेंगे और बेहतर कीमत मिलने पर बिक्री कर सकेंगे.

Topics: